शीतला माता मंदिर हादसा: CM मोहन यादव ने हादसे पर जताया दुख, पीड़ित परिवारों के लिए राहत राशि की घोषणा


Last Updated:

Gwalior Sheetla Mata Temple Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बीती रात शीतला माता मंदिर के पास अनाज से भरा एक ट्रक बेकाबू हो गया. ट्रक श्रद्धालुओं और दुकानों को रौंदता हुआ मंदिर के गेट में जा घुसा. हादसे में अब तक एक दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हुई है. CM डॉ मोहन यादव ने घटना पर शोक जताया. राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है.

Top Deals Inside

ग्वालियर एक्सीडेंट: CM मोहन यादव ने हादसे पर जताया दुख, राहत राशि की घोषणाZoom

मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है.

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बीती रात दर्दनाक सड़क हादसे ने 14 लोगों की जान ले ली. शीतला माता मंदिर के पास अनाज से भरा एक बेकाबू ट्रक श्रद्धालुओं और दुकानों को रौंदता हुआ मंदिर के गेट में जा घुसा. इस भीषण हादसे में अब तक 14 श्रद्धालुओं की मौत हुई है जबकि 26 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हैं. अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. पोस्टमॉर्टम हाउस के पास बड़ी संख्या में पुलिसबल की तैनाती की गई है. एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव जैसे ही पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे, मृतकों के परिजन आक्रोशित हो गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. परिजनों का आरोप है कि जहां साइकिल तक नहीं जा सकती, वहां ट्रक कैसे पहुंच गया. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने घटना पर दुख जताया. सीएम ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये राहत राशि की घोषणा की है.

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ग्वालियर में हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है. इस दुःख की घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है. सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार किया जाएगा. प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर से हैं. मंत्री ऐदल सिंह कंसाना जी और मंत्री राकेश शुक्ला जी को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं. बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें. शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें. ॐ शांति!’

नवरात्रि पर मंदिर पहुंचे थे श्रद्धालु
बताते चलें कि नवरात्रि के मौके पर शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. बीती रात करीब डेढ़ बजे अचानक अनाज से भरा एक ट्रक पहाड़ी से अनियंत्रित हो गया. ड्राइवर ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया था. जिसके बाद ट्रक ढलान से सीधे मंदिर के बाहर लगी दुकानों और वहां खड़े श्रद्धालुओं को कुचलता चला गया.

पांच घायलों की हालत नाजुक
हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी. मृतकों और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. एक्सीडेंट में अब तक 14 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है जबकि दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं. पांच घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है. मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. जानकारी मिलते ही कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू का काम शुरू कराया.



Source link