IPL ऑक्शन के साथ क्लैश होगा भारत-श्रीलंका वनडे मैच, देखें क्या है पूरा शेड्यूल
Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के लिए ऑक्शन की तारीख का ऐलान कर दिया गया है. ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित किया जाएगा, लेकिन उसी तारीख में भारत और श्रीलंका के बीच वनडे मैच भी संभावित है. ऐसे में दोनों का क्लैश होना लगभग तय माना जा रहा है.
16 दिसंबर को होगा आईपीएल 2027 का ऑक्शन
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के लिए ऑक्शन की तारीख का ऐलान कर दिया गया है. बीसीसीआई ने सभी 10 टीम को सूचित किया है कि ऑक्शन गोवा में आयोजित की जाएगी. तीन सत्र विदेश में आयोजित होने के बाद आईपीएल नीलामी एक बार फिर भारत में लौट रही है. बीसीसीआई ने सभी टीम को नीलामी की तारीख 16 दिसंबर की जानकारी दे दी है. ऑक्शन से पहले सभी टीमों को रिटेंशन और ट्रेड डील को पूरा करना होगा.
नीलामी से संबंधित ब्रीफिंग 15 दिसंबर को आयोजित की जाएगी. पिछले तीन चरणों की नीलामी दुबई, जेद्दा (मेगा नीलामी) और अबुधाबी में आयोजित की गई थी. अब 2027 सत्र की नीलामी गोवा में होगी, लेकिन नीलामी के दिन को लेकर एक बड़ी दुविधा सामने आ गई है. क्योंकि नीलामी के दिन ही भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी मैदान पर होंगे. दरअसल, भारत और श्रीलंका के बीच बीच 16 दिसंबर को वनडे मैच प्रस्तावित है.
भारत-श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे 16 दिसंबर को
श्रीलंका क्रिकेट टीम दिसंबर में तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए भारत दौरे पर आ रही है. दोनों टीमों के बीच पहले वनडे सीरीज खेली जाएगी. सीरीज का पहला मुकाबला 13 दिसंबर को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं, दूसरा मैच 16 दिसंबर को बेंगलुरु में प्रस्तावित है. इसी दिन अब आईपीएल 2027 के लिए ऑक्शन का भी आयोजन होना है. दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे मुकाबला 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा.
22 दिसंबर से खेला जाएगा टी20 सीरीज
वनडे सीरीज के बाद भारत और श्रीलंका की टीम तीन टी20 मैचों की सीरीज के लिए मैदान पर उतरेगी. सीरीज का पहला टी20 मैच 22 दिसंबर को राजकोट में खेला जाएगा. वहीं, दूसरे मैच के लिए दोनों टीमें कटक पहुचेगी, जहां 24 दिसंबर को टक्कर होगी. इसके अलावा सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 27 दिसंबर को पुणे में खेला जाएगा.