Vegetables Farming : सर्दियों में उगा सकते हैं ये 7 सब्जियां, बन जाओगे मालामाल, बहराइच के कृषि वैज्ञानिक ने बताई टॉप वैरायटी

Vegetables Farming : सर्दियों में उगा सकते हैं ये 7 सब्जियां, बन जाओगे मालामाल, बहराइच के कृषि वैज्ञानिक ने बताई टॉप वैरायटी


​बहराइच. क्या आप भी सर्दियों में सब्जियों की खेती करने जा रहे हैं. अगर सही किस्मों का चयन, उचित बीज दर और वैज्ञानिक विधियों का पालन किया जाए तो सर्दियां आपको मालामाल बना सकती हैं. पहला सवाल है कि इस सीजन में किन सब्जियों की खेती की जाए और उनकी वैरायटी कौन सी चुनें. लोकल 18 ने इस बारे में कृषि विज्ञान केंद्र (बहराइच) के सस्य वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह से बात की. वे बताते हैं कि रबी सीजन में किसान भाई पत्ता गोभी, शिमला मिर्च, गाजर, गोभी, मिर्च, टमाटर और मेथी उगा सकते हैं. पत्ता गोभी के लिए आप NSC 103B और 106N किस्म का चयन कर सकते हैं. अक्टूबर में नर्सरी डाली जा सकती है. नवंबर में पौधे रोपाई के लिए तैयार हो जाते हैं. संकर हाइब्रिड प्रजाति का 150 से 200 ग्राम बीज प्रति एकड़ लगता है. पंक्ति से पंक्ति और पौधे से पौधे की दूरी 45 सेमी और बीज की गहराई 0.5 सेमी रखें. प्रति एकड़ 120 से 300 क्विंटल तक पैदावार मिल सकती है.

​शिमला मिर्च 

शिमला मिर्च की ​उन्नत किस्मों में कैलिफोर्निया वंडर और NSC 619B शामिल हैं. नवंबर से जनवरी के बीच नर्सरी डालकर जनवरी-फरवरी में रोपाई की जाती है. 400 ग्राम बीज प्रति एकड़ लगता है. पंक्ति से पंक्ति और पौधे से पौधे की दूरी 45 सेमी और गहराई 0.5 सेमी रखें. अप्रैल-मई तक फसल तैयार होकर 100 से 120 क्विंटल प्रति एकड़ तक उपज देती है.

​गाजर की किस्में

​गाजर की उन्नत किस्मों में पूसा केसर, पूसा रुधिरा, पूसा वसुधा और पूसा वृष्टि शामिल हैं. ​बुवाई अक्टूबर महीने में छिद्र रोपण विधि से करें. 2 किलो बीज प्रति एकड़ लगता है. पंक्ति से पंक्ति की दूरी 30 सेमी, पौधे से पौधे की दूरी 60 सेमी और बीज की गहराई 1 से 2 सेमी होनी चाहिए. दिसंबर से मार्च के बीच तैयार होने वाली इस फसल से प्रति एकड़ 120 से 150 क्विंटल पैदावार मिलती है.

​फूल गोभी की खेती

फूल ​गोभी की अच्छी किस्मों में PSBK-1 और PSBK-25 शामिल हैं. नवंबर में रोपाई करें. 150 ग्राम बीज प्रति एकड़ लगता है. पंक्ति और पौधे की दूरी 45×45 सेमी रखकर जनवरी-मार्च के दौरान लगभग 250 क्विंटल प्रति एकड़ उपज मिल सकती है. मिर्च की किस्मों में पंत मिर्च-1, पूसा ज्वाला, पूसा सदाबहार, मार्शल, मोहिनी, गोल्ड, श्रीवंडर, अर्का मेघना और अर्का हरिता सबसे अच्छी मानी जाती हैं. अक्टूबर-नवंबर में नर्सरी लगाई जा सकती है. रोपाई नवंबर से मार्च तक कर सकते हैं. 80 से 100 क्विंटल प्रति एकड़ पैदावार हो सकती है.

​मेथी की वैरायटी

मेथी की अच्छी किस्मों में पूसा अर्ली बंचिंग, पूसा कस्तूरी और अजमेर मेथी-1 को अक्टूबर-नवंबर में 6 से 8 किलो बीज प्रति एकड़ की दर से बो सकते हैं. पंक्ति से पंक्ति 30 सेमी, पौधे से पौधे 25 सेमी और बीज की गहराई 2 से 3 सेमी रखें. नवंबर से फरवरी तक कटिंग मिलती है. उपज लगभग 4 क्विंटल प्रति एकड़ है. डॉ. शैलेंद्र सिंह के अनुसार इस समय गांठ गोभी, प्याज, मटर, मूली, पालक और टमाटर की नर्सरी और बुवाई का सबसे सही समय है. ​टमाटर की उन्नत किस्मों में पूसा शंकर-1, 2, 4, 8 और काशी अमन अच्छी मानी जाती है. डॉ. शैलेंद्र कहते हैं कि किसान भाई अपने क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी की जांच के आधार पर उन्नत किस्मों का चयन करें.



Source link