Pakistan Media Sensorship News: पाकिस्तान का गजब खेल, अखबार बांटने वाला बाजार ही सील कर दिया, PM-राष्ट्रपति के ऑफिस भी नहीं पहुंचे न्यूजपेपर


Last Updated:

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अखबारों की सप्लाई थम गई है. जिन बाजारों से अखबार सप्लाई किए जाते थे, वह सील कर दिए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि करीब एक करोड़ रुपये के बकाये के कारण ऐसा किया गया है. जबकि अखबार बांटने वालों ने इस दावे को चुनौती दी. आग से सुरक्षा के इंतजामों के कारण G-6 और H-9 के साप्ताहिक बाजार भी बंद रहे. पाकिस्तानी पत्रकारों ने इस पर सवाल उठाए हैं.

Top Deals Inside

पाकिस्तान का गजब खेल, अखबार बांटने वाला बाजार ही सील कर दियाZoom

पाकिस्तान की राजधानी में अखबार की बिक्री थमी. (Reuters/File/सांकेतिक फोटो)

Pakistan News: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को लोगों तक अखबार नहीं पहुंच सके. इसकी वजह थी आबपारा इलाके में अखबारों की सप्लाई करने वाले बाजार को सील किया जाना. मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन इस्लामाबाद (MCI) ने बकाया शुल्क का हवाला देकर बाजार बंद कर दिया. इसका असर इतना बड़ा रहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रपति कार्यालय और विदेशी दूतावासों तक अखबारों की सप्लाई नहीं हुई. इसी दिन शहर के दो बड़े साप्ताहिक बाजार G-6 और H-9 भी आग से सुरक्षा के इंतजामों के चलते बंद रहे. वहीं पाकिस्तान के पत्रकारों ने इस पर नाराजगी जताई है. उन्होंने इसे मीडिया की आजादी पर हमला बताया है.

एक करोड़ रुपये के बकाये पर विवाद

अखबार मार्केट को सील करने के फैसले पर अखबार वितरकों ने सवाल उठाए हैं. ऑल पाकिस्तान अखबार फरोश फेडरेशन के पदाधिकारियों का कहना है कि बाजार पर किराये का कोई बकाया नहीं है. फेडरेशन के मुताबिक, प्रशासन ने बाजार के पास मौजूद एक खाली प्लॉट के आधार पर करीब 1 करोड़ रुपये का बकाया निकाल दिया, जबकि वह प्लॉट फेडरेशन को कभी आवंटित ही नहीं किया गया था. फेडरेशन के महासचिव टिक्का खान ने कहा कि बिना ठोस कानूनी आधार के बाजार को सील करना अखबार उद्योग से जुड़े लोगों और आम नागरिकों के साथ अन्याय है. फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने इस मामले में इस्लामाबाद के चीफ कमिश्नर और कैपिटल डेवलपमेंट अथॉरिटी (CDA) के चेयरमैन सोहेल अशरफ से मुलाकात कर दखल देने की मांग भी की.

डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक दूसरी तरफ, नगर निगम के एक अधिकारी ने कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि बाजार को करीब 1 करोड़ रुपये के बकाये के कारण सील किया गया है. अधिकारी के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और बाजार पर बकाया भुगतान नहीं करने का आरोप है.

आग से सुरक्षा के कारण दो बड़े बाजार भी बंद

इस्लामाबाद के G-6 और H-9 साप्ताहिक बाजार भी शुक्रवार को बंद रहे. प्रशासन ने इन बाजारों को तब तक बंद रखने का आदेश दिया है, जब तक आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम नहीं हो जाते और CDA की इमरजेंसी सर्विस से मंजूरी नहीं मिल जाती.बाजार के दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने आग से बचाव के उपकरण और सुरक्षा व्यवस्था पहले ही लगा रखी है. उन्होंने प्रशासन से बाजार खोलने की मांग की है. वहीं, DMA के एक अधिकारी ने कहा कि इमरजेंसी सर्विस से मंजूरी मिलते ही बाजार खोलने का आदेश जारी कर दिया जाएगा. H-9 का साप्ताहिक बाजार, जिसे संडे बाजार या इतवार बाजार भी कहा जाता है, पहले भी कई बार आग की घटनाओं का सामना कर चुका है. जून में यहां ब्लॉक C में भीषण आग लगी थी, जहां जूतों की दुकानें थीं. रिपोर्ट के मुताबिक, 2017 के बाद इस बाजार में आग लगने की यह पांचवीं घटना थी. इन घटनाओं के बाद आग से सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल उठते रहे हैं.

हामिद मीर ने मीडिया की हालत पर उठाए सवाल

पाकिस्तानी पत्रकार हामिद मीर ने अखबारों की सप्लाई बंद होने की घटना पर चिंता जताई. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पाकिस्तान का मीडिया पहले ही संकट से गुजर रहा है और सेंसरशिप के कारण अखबारों का सर्कुलेशन घट रहा है. अब राजधानी में अखबारों के सप्लाई बाजार को सील कर दिया गया है और अखबारों का वितरण रुक गया है. हामिद मीर के मुताबिक, मीडिया के लिए संदेश साफ है कि अपना काम बंद कर दें और कोई दूसरा कारोबार शुरू कर लें.



Source link