नई दिल्ली: दो साल बाद अचानक अंशुल कंबोज की किस्मत खुली है जबकि आकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम से खेलने के लिए अभी और इंतजार करना होगा. डोमेस्टिक क्रिकेट में रेड बॉल से लगातार विकेटों की झड़ी लगाने वाले जम्मू-कश्मीर के आकिब नबी को एकबार फिर निराशा हाथ लगी है. नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर होने वाले दो मैच की सीरीज के लिए बीती रात घोषित हुई टीम में उनका नाम ही नहीं है. आपको जानकर हैरानी होगी कि आकिब नबी को टेस्ट की जगह वनडे टीम में रखा गया है. वह पांच मैच की वनडे सीरीज के आखिरी दो मैच के लिए सिलेक्ट हुए हैं.
टेस्ट बॉलर को वनडे टीम में चुनना समझ से परे
अब यहां ये बात तो समझ से परे ही हैं कि जिस रेड बॉल क्रिकेट के दमपर आकिब नबी ने नाम कमाया उसकी जगह उन पर जबरदस्ती वाइट बॉल फॉर्मेट क्यों थोपा जा रहा है, जो उनकी ताकत भी नहीं हैं. आकिब नबी इंडिया ए के लिए न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भी खेलेंगे. 24 अक्टूबर से शुरू होने वाले तीन बहु-दिवसीय मैच के लिए वह इंडिया A स्क्वॉड का हिस्सा हैं.
आखिर आकिब नबी की गलती क्या है?
जम्मू-कश्मीर के आकिब नबी लगातार घरेलू क्रिकेट में बढ़िया कर रहे हैं. पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन (2025-26) में उन्होंने 10 मैच में 60 विकेट लेकर पहली बार जम्मू-कश्मीर को चैंपियन बनाया था. पिछले दो रणजी सीजन (2024-25 और 2025-26) को मिलाकर उन्होंने कुल 104 विकेट झटके हैं. आकिब नबी को इस साल अगस्त में हुए श्रीलंका दौरे पर बतौर रिप्लेसमेंट टेस्ट टीम में जरूर शामिल किया गया था, लेकिन वह बिना कोई मैच खेले वापस लौट आए और अब एकबार फिर उन्हें इग्नोर करते हुए ऐसे गेंदबाज को न्यूजीलैंड भेजा जा रहा है, जिसका दूर-दूर तक कोई नाम नहीं था. क्या आकिब नबी की गलती इस महीने वेस्टइंडीज के खिलाफ हुआ वनडे डेब्यू है, जहां कुल 800 रन बनने वाली फ्लैट पिच पर अन्य गेंदबाजों की तरह वह भी महंगे साबित हुए थे?
आकिब नबी की जगह अंशुल कंबोज पर भरोसा
दो साल पहले इंग्लैंड दौरे पर मैनचेस्टर में अपना पहला और आखिरी टेस्ट खेलने वाले 26 साल के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज अचानक सिलेक्टर्स के रडार पर कैसे आ गए, ये समझ से परे हैं. इस महीने की शुरुआत में उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे डेब्यू भी करवाया गया था और अब 24 महीने बाद उनकी टेस्ट टीम में भी वापसी हुई है. अंशुल कंबोज न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज के साथ-साथ शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए भारत की 16 सदस्यीय टीम में भी शामिल हैं. टेस्ट सीरीज में अंशुल कंबोज को अनुभवी जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप का साथ देना होगा. आकाश दीप पीठ के निचले हिस्से में ‘स्ट्रेस फ्रैक्चर’ से उबरने के बाद टीम में लौटे हैं, जबकि बुमराह भी श्रीलंका के खिलाफ पिछली टेस्ट सीरीज से बाहर रहने के बाद टीम में वापस आ गए हैं.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का शेड्यूल
- पहला टेस्ट: 19-23 नवंबर- वेलिंग्टन
- दूसरा टेस्ट: 27-1 दिसंबर- क्राइस्टचर्च
न्यूजीलैंड के लिए भारतीय टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साईं सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज.