Last Updated:
Priest Murder Case: बेटा होने की भविष्यवाणी के बाद बेटी पैदा होने से नाराजगी में पुजारी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से दो तमंचे और एक बाइक बरामद हुई है.
पुजारी की हत्या.
मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में 81 वर्षीय मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुजारी ने एक परिवार में बेटा होने की भविष्यवाणी की थी, लेकिन बेटी पैदा होने के बाद विवाद हो गया. आरोप है कि इसी रंजिश में पिता-पुत्र ने पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी और अपने पड़ोसी को फंसाने के लिए घटनास्थल पर उसका फोटो भी छोड़ दिया.
मुजफ्फरनगर के भौराकलां थाना क्षेत्र में बीती 13 अक्टूबर को भौराकलां थाना क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज के पास स्थित शिव मंदिर में पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. जांच के दौरान घटनास्थल से गांव के ही हरेंद्र का एक फोटो बरामद हुआ.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने इस फोटो को जानबूझकर वहां छोड़ा था, ताकि हत्या का शक हरेंद्र पर जाए. मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया. गिरफ्तार आरोपी हाशिम के बेटे जीशान की पत्नी करीब डेढ़ महीने पहले गर्भवती थी. परिवार को उम्मीद थी कि बेटा पैदा होगा. आरोप है कि मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती ने भी बेटे के जन्म की भविष्यवाणी की थी, लेकिन परिवार में बेटी पैदा होने के बाद पुजारी और पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया.
पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते दोनों ने पुजारी की हत्या की साजिश रची. इसके साथ ही उनका पड़ोसी हरेंद्र से भी विवाद था. आरोप है कि हरेंद्र को हत्या के मामले में फंसाने के इरादे से उसके फोटो को घटनास्थल पर छोड़ा गया, ताकि जांच की दिशा भटकाई जा सके. आरोपियों के पास से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.