Last Updated:
मधेपुरा में शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने पीएचडी छात्र प्रिंस रंजन (25) की गोली मारकर हत्या कर दी. वह बीएन मंडल विश्वविद्यालय जा रहे थे. साहुगढ़ में गोढ़ियारी चिमनी के पास अपराधियों ने उनकी पीठ में गोली मारी. प्रिंस राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं. विधायक ने घटना पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दिनदहाड़े हत्या
मधेपुरा: शुक्रवार को दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने एक पीएचडी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा गांव के वार्ड-7 निवासी सुनील यादव के 25 वर्षीय बेटे प्रिंस रंजन के रूप में हुई है. वह बीएन मंडल विश्वविद्यालय जा रहे थे. प्रिंस सदर विधायक प्रो. चंद्रशेखर के रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक प्रिंस रंजन शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पल्सर बाइक से घर से विश्वविद्यालय के लिए निकले थे. इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र के साहुगढ़ में गोढ़ियारी चिमनी के पास नहर के पश्चिम बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी. गोली उनकी पीठ में लगी. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. हालांकि, तब तक अपराधी फरार हो चुके थे. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है.
ममेरे भाई ने कहा- किसी से दुश्मनी नहीं थी
प्रिंस रंजन के ममेरे भाई कुणाल किशोर ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें एक रिश्तेदार के फोन से मिली. फोन पर बताया गया कि रंजन नाम के एक युवक को गोली मार दी गई है. इसके बाद उन्होंने प्रिंस के मोबाइल पर फोन किया. फोन किसी दूसरे व्यक्ति ने उठाया और बताया कि युवक को गोली लगी है. जब तक परिजन मौके पर पहुंचते, प्रिंस की मौत हो चुकी थी. कुणाल किशोर के मुताबिक, प्रिंस गांव से मधेपुरा आ रहे थे. वह किसी से ज्यादा बातचीत या विवाद नहीं करते थे. परिवार के अनुसार, उनकी किसी से दुश्मनी की जानकारी नहीं थी. ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से परिजन सदमे में हैं.
इसी बाइक पर थे सवार
विधायक ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद सदर विधायक प्रो. चंद्रशेखर ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इलाके में लगातार मोबाइल और बाइक छीनने की घटनाएं हो रही हैं. उनके अनुसार, पिछले छह महीने में इस सड़क पर मोबाइल छीनने की करीब 12 से 14 घटनाएं हो चुकी हैं. उन्होंने दावा किया कि हत्या की यह पहली घटना है, लेकिन छिनतई की घटनाएं लगातार हो रही हैं. विधायक ने कहा कि अपराधियों के डर से सुनसान सड़कों पर लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है. उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस घटना से पहले भी मोबाइल छीनने की घटनाएं हुई थीं. उन्होंने पुलिस और प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. साथ ही मामले में स्पीडी ट्रायल चलाने की अपील की. विधायक ने कहा कि सुनसान सड़कों पर पुलिस की गश्त बढ़ाई जानी चाहिए. जरूरत पड़ने पर ऐसी जगहों पर पुलिस शिविर भी बनाए जाने चाहिए.