UP Today Weather in Hindi : पिछले एक सप्ताह से झमाझम बारिश की वजह से मौसम में ठंड महसूस होने लगी है. मगर, आज सुबह उतनी ठंड महसूस नहीं हुई, जितनी कल हो रही थी. हालांकि, मौसम विभाग की माने तो आज यानी 17 अक्टूबर को यूपी राज्य में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड तक की आंधी चलने की संभावना भी है. वहीं, पहाड़ी राज्यों में भी लैंडस्लाइड की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि, आईएमडी ने कोई येलो, रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया है.
कभी गर्म तो कभी ठंड
मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. लखनऊ समेत प्रदेश के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं. दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है, जबकि रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना है. इससे सुबह और रात के समय धीरे-धीरे ठंडक बढ़ेगी. क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अब कमजोर पड़ रहा है. इसके चलते बादलों की सक्रियता कम होगी और धूप अधिक खिलेगी. अगले एक सप्ताह में दिन अपेक्षाकृत गर्म और रातें ठंडी होने लगेंगी.
यहां हो सकती है बारिश
गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, बरेली, महाराजगंज, बाराबंकी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, बस्ती, बलिया, फतेहपुर, रायबरेली, मऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, आजमगढ़ और मैनपुरी में बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती हैं.
बारिश के आंकड़ों के मुताबिक, बागपत में 58 मिलीमीटर, मथुरा में 34 मिलीमीटर और मुजफ्फरनगर में 34.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में दिन के समय मौसम में नरमी रही. इस बीच, प्रयागराज के झूंसी क्षेत्र में गंगा नदी की बीच धारा में बना बजरंग दास का आश्रम शुक्रवार देर रात अचानक ढह गया. हादसे के समय आश्रम के अंदर मौजूद तीन लोग मलबे में दबकर घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर बचाव कार्य शुरू किया गया. स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की मदद से तीनों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. आश्रम के आसपास कीचड़ और दलदल होने के कारण बचाव दल को मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई.