Last Updated:
चैक बाउंस केस में उलझे राजपाल यादव ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट किया है. उन्होने पोस्ट के जरिये अपनी पत्नी राधा को जन्मदिन की बधाई दी और जिंदगी में उनकी अहमियत को बयां किया, जो मुश्किल वक्त में उनके साथ चट्टान बनकर खड़ी रहीं. राजपाल यादव ने इमोशनल पोस्ट में खुद को पत्नी का सबसे बड़ा ऋणी बताया. एक्टर ने बताया कि पत्नी ने मुश्किल वक्त में कभी आपा खोकर उन्हें छोड़ा नहीं. वे खुद को पत्नी राधा का कर्जदार बता रहे हैं.
राजपाल यादव ने पत्नी को जन्मदिन पर दी शुभकामना (फोटो साभार: Instagram@rajpalofficial)
नई दिल्ली: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर राजपाल यादव अपनी फिल्मों के अलावा निजी जिंदगी के चलते सुर्खियों में बने रहते हैं. वे चैक बाउंस केस में फंसे हों या जिंदगी में किसी दूसरी मुसीबत का सामना किया हो, एक्टर की पत्नी हमेशा उनकी ढाल बनकर खड़ी रहीं. वे अपनी जिंदगी में पत्नी की अहमियत को उजागर करते रहे हैं. स्टार ने सोशल मीडिया पर पत्नी राधा के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इमोशनल बयान दिया. राजपाल यादव ने पत्नी को परिवार का ‘हीरा’ भी बताया.
एक्टर राजपाल यादव ने शनिवार 17 अक्टूबर को पत्नी के साथ मनमोहक फोटो शेयर की और अपने जीवन में उनके जैसा कोई व्यक्ति पाने के लिए अपने भाग्य को धन्यवाद दिया. उन्होंने खुलासा किया कि मेरे साथ इतना कुछ सहने के बाद भी उन्होंने मेरा साथ नहीं छोड़ा और चट्टान की तरह मजबूती से मेरे साथ खड़ी रहीं. एक्टर लिखते हैं, ‘माता-पिता, गुरु (दद्दा), मेरे अंदर के मनोरंजन कुमार और परम पिता परमेश्वर, परमात्मा रूपी ब्रह्मांड के बाद, अगर मेरी जिंदगी में किसी का सबसे बड़ा कर्ज है, तो वह है मेरी प्रिय राधा का. इस कर्ज को मैं हृदय से, खुशी-खुशी हमेशा के लिए स्वीकार करता हूं और इस बात पर गर्व भी महसूस करता हूं कि तुम मेरी जिंदगी में आई. जिंदगी की आपाधापी के हर मोड़ पर साथ रहे. हर मुश्किल घड़ी में बिना आपा खोए मेरा साथ कभी नहीं छोड़ा.’
(फोटो साभार: Instagram@rajpalofficial)
राजपाल यादव ने की पत्नी की तारीफ
राजपाल यादव ने आगे कहा, ‘मेरे साथ इतना सब कुछ सहने के बाद भी, तुमने मेरे परिवार के बच्चों को अच्छे से पढ़ाया-लिखाया और उन्हें जिंदगी की सीख दी. ये सपना मेरा था, लेकिन इसे पूरा तुमने किया. आज तक तुमने मुझसे अपने लिए कुछ भी नहीं मांगा, बल्कि अपना सब कुछ मेरे और मेरे परिवार की खुशियों के लिए न्योछावर कर दिया.’ उन्होंने राधा की तारीफ करते हुए शेयर किया, ‘सच कहूं तो आप हमारे परिवार में एक हीरा हैं.’ राजपाल ने इमोशनल बर्थडे पोस्ट के आखिर में लिखा, ‘इस सबके लिए मैं जीवन भर तुम्हारा आभारी था, आभारी हूं और हमेशा आभारी रहूंगा. मेरी प्रियतमा को जन्मदिन की शुभकामनाएं. हमेशा तुम्हें प्यार करता हूं, मेरी जान राधा.’ अभिनेता राजपाल यादव की पहली पत्नी करुणा का बच्चे के जन्म के कुछ समय बाद ही निधन हो गया था. उनसे उनकी एक बेटी ज्योति है. बाद में राजपाल यादव ने राधा से शादी की, जिनसे उनकी दो बेटियां हुईं- हर्षिता और रेहांशी.