Last Updated:
Tamil Music Director Deva Passes Away: तमिल सिनेमा से एक दुखद खबर सामने आ गई है. मशहूर संगीतकार देवा का निधन हो गया है. उनके जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और फैंस गहरे सदमे में हैं, जानिए उनके करियर और सफर से जुड़ी खास बातें.
दिग्गज संगीतकार देवा का निधन
नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर के जाने का गम अभी ताजा ही था कि मनोरंजन जगत से एक और बुरी खबर सामने आ गई है. तमिल सिनेमा के जाने-माने और दिग्गज संगीतकार देवा अब हमारे बीच नहीं रहे. सेहत से जुड़ी गंभीर परेशानियों के चलते उनका निधन हो गया है. उनके अचानक चले जाने की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री, उनके चाहने वाले और फैंस गहरे सदमे में हैं. वह 75 साल के थे. अपने बेहतरीन संगीत के दम पर उन्होंने लाखों दिलों पर राज किया था.
उनके निधन से संगीत जगत में एक कभी न भरने वाला खालीपन आ गया है. हर कोई उनकी इस दुखद खबर से हैरान है और सोशल मीडिया पर उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहा है.
अचानक बिगड़ी तबीयत
रिपोर्ट के मुताबिक, देवा की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई थी. शनिवार, 17 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे उन्हें चेन्नई के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक जब उन्हें लाया गया तब उनकी नब्ज नहीं चल रही थी. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके. उनके निधन के बाद से फैंस लगातार सोशल मीडिया पर शोक जता रहे हैं.
गाना म्यूजिक को दी सिनेमा में पहचान
देवा का असली नाम देवानेसन चोक्लिंगम था. फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले वह तमिलनाडु सरकार के लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी में नौकरी करते थे. उन्होंने साल 1986 में आई फिल्म माट्टुकारा मन्नारू से बतौर संगीतकार अपने करियर की शुरुआत की थी. हालांकि वह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली लेकिन उसके गाने बाद में बहुत लोकप्रिय हुए. उन्हें असली पहचान साल 1990 में आई फिल्म वैकासी पोरंथचू से मिली. इस फिल्म के लिए उन्हें अपना पहला तमिलनाडु स्टेट फिल्म अवॉर्ड भी मिला था.
रजनीकांत की फिल्मों से मिली सफलता
देवा ने अपने करियर में कई सुपरहिट गाने और बेहतरीन बैकग्राउंड म्यूजिक दिए. उन्होंने चेन्नई के लोकल गाना म्यूजिक को मेनस्ट्रीम तमिल सिनेमा का अहम हिस्सा बनाया. उन्हें प्यार से थेनिसई थेन्द्रल देवा भी कहा जाता था. रजनीकांत की सुपरहिट फिल्मों जैसे अन्नामलाई, अरुणाचलम और बादशाह के गाने और म्यूजिक ने इतिहास रच दिया था. फिल्म अन्नामलाई का गाना आज भी लोगों की जुबान पर रहता है. उनके संगीत में मिट्टी की खुशबू और क्लासिकल मेलोडी का ऐसा मेल होता था जो हर किसी का दिल जीत लेता था.