4 मैच से नहीं मिली जगह तो सामने आया वैभव का पोस्ट, 2 शब्द में लिखा दिल का दर्द
Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिल पाया है. दोनों टीमों के बीच सीरीज अभी 2-2 की बराबरी है. सीरीज के आखिरी और निर्णायक मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी ने अपने इंस्टाग्राम पर दो शब्द के क्रिप्टिक पोस्ट में दिल का दर्द बयां किया है.
टीम इंडिया के ओपनर वैभव सूर्यवंशी
नई दिल्ली: 15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले चार टी20 मैचों में पानी पिलाने का काम किया है. सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले भी उम्मीद कम ही है कि उन्हें अंतिम-11 में मौका मिले. इसके पीछे का मुख्य कारण है अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी. अभिषेक और संजू ने इस सीरीज में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है. यही कारण है कि वैभव के लिए प्लेइंग XI में जगह नहीं बन पाई है.
लगातार चार मैचों से बेंच गरम कर रहे वैभव ने अब सोशल मीडिया पर अपने क्रिप्टिक पोस्ट से दिल का दर्द बयां किया है. वैभव ने चिन्नास्वामी में खेले जाने वाले आखिरी टी20 मैच से पहले इंस्टाग्राम पर दो शब्द का एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा है, ‘मुझे अभी भी विश्वास है’. वैभव के इस पोस्ट से साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्लेइंग XI में मौका नहीं मिल पाने के कारण वह अंदर से कितने निराश है.
वैभव सूर्यवंशी का इंस्टाग्राम स्टोरी
न्यूजीलैंड दौरे पर भी जाएंगे वैभव सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी ने इसी साल इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम के लिए टी20 में डेब्यू किया था. वैभव को संजू की जगह ही मौका मिला था. इसके बाद फिर वे जिम्बाब्वे दौरे पर गए, जहां उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में दमदार खेल दिखाया. हालांकि, जब संजू सैमसन की टीम में वापसी हुई तो फिर वैभव को बाहर बैठना पड़ा.
इसी महीने 22 अक्टूबर से शुरू हो रहे न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भी वैभव भारतीय टीम के स्क्वाड में है, लेकिन संजू और अभिषेक के फॉर्म को देखते हुए ऐसा नहीं लग रहा है कि उन्हें मैदान पर उतारा जाएगा, जबतक कि अभिषेक और संजू में कोई खराब फॉर्म या फिर वे चोटिल न हो.
भारत के लिए 8 टी20 मैच खेल चुके हैं वैभव सूर्यवंशी
डेब्यू के बाद से वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए कुल 8 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 186.36 की स्ट्राइक रेट से 246 रन बनाए. इसमें वैभव के नाम 2 अर्धशतक शामिल है. वैभव का अभी सर्वोच्च स्कोर 81 रन है. टी20 इंटरनेशनल में वैभव ने अबतक कुल 18 छक्के और 22 चौके भी उड़ाए हैं.