अनंत सिंह के ‘9 मर्डर’ वाले विवादित बयान पर क्या एक्शन लेगी JDU? पार्टी अध्यक्ष संजय झा ने बताया

अनंत सिंह के ‘9 मर्डर’ वाले विवादित बयान पर क्या एक्शन लेगी JDU? पार्टी अध्यक्ष संजय झा ने बताया


Last Updated:

Anant Singh: मोकामा विधायक अनंत सिंह के विवादित बयान से सियासी तूफान उठ गया. उनकी कड़ी आलोचना की जा रही है. पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने तो चुटकी लेते हुए यह तक कह दिया कि ऐसे नेताओं को पार्टी से निकाल क्यों नहीं देते. जबकि खुद जेडीयू के नेता राजीव रंजन ने कहा कि – उनके इस बयान को पार्टी कोई महत्व नहीं देती. अब मामले में कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का बयान सामने आया है.

Zoom

JDU राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने अनंत सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया दी. (फोटो साभारः ANI)

पटनाः जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) से बाहुबली विधायक अनंत सिंह के बयान पर बवाल मचा हुआ है. यहां उन्होंने हाल ही में ‘9 हत्याओं’ वाला बयान दिया, जिस पर उनकी कड़ी आलोचना होने लगी. इसके बाद उन्होंने सफाई भी दी कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया, लेकिन मामला तूल पकड़ता जा रहा है. अब जेडीयू कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने अपना रिएक्शन दिया. उन्होंने कहा कि अनंत सिंह का बयान पार्टी के संज्ञान में है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या पार्टी अनंत सिंह के बयान पर एक्शन लेगी?

विधायक अनंत सिंह के ‘9 लोगों की हत्या करवाई’ वाले दावे पर, JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि- “उनका बयान आया है और फिर उस पर उनकी सफाई भी आई है. सब कुछ प्रदेश पार्टी के संज्ञान में है और सब कुछ ध्यान में है…” साथ ही विधान परिषद चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि – हमारी पार्टी के कैंडिडेट चुनाव जीतेंगे.
अनंत सिंह ने दिया था विवादित बयान
मोकामा विधायक अनंत सिंह नीतीश कुमार और जेडीयू के प्रति अपनी वफादारी साबित करने की कोशिश कर रहे थे. न्यूज एजेंसी आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि- “मेरे जितने बलिदान किसने दिए हैं? उस समय नीतीश कुमार कुछ भी नहीं थे. वे यहां-वहां घूमा करते थे. उस दौर में नीतीश कुमार के साथ रहते हुए. मैंने अपने नौ आदमी की हत्या करवाई.” हालांकि बाद में अनंत सिंह बयान से पलट गए. उन्होंने कहा कि उनके बयान को सही तरीके से नहीं समझा गया और नौ हत्याओं वाले बयान को गलत तरीके से पेश किया गया. उन्होंने साफ किया कि नीतीश कुमार के साथ रहकर 9 मर्डर करने की खबर गलत है. अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने कुछ और कहा था, जिसे अलग तरीके से पेश किया गया.

JDU नेता ने क्या रिएक्शन दिया
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने नीतीश कुमार के लंबे राजनीतिक जीवन और उनकी साफ-सुथरी छवि का हवाला देते हुए अनंत सिंह के बयान को खारिज किया. राजीव रंजन ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नीतीश कुमार के 50 साल का लंबा राजनीतिक सफर रहा है. भारत की राजनीति में ऐसे नेता विरले होते हैं, जिन पर कोई दाग नहीं लगा. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के अपराधियों के साथ सांठ-गांठ की बात कभी सामने नहीं आई और हिंसा की बात तो छोड़ ही दीजिए, उन्होंने नकारात्मक राजनीति को कभी प्रश्रय नहीं दिया.



Source link