Last Updated:
Akka Teaser Out: राधिका आप्टे और कीर्ति सुरेश की वेब सीरीज ‘अक्का’ का टीजर रिलीज हो गया है. कीर्ति के जन्मदिन पर जारी टीजर में दोनों एक्ट्रेसेस दमदार अंदाज में नजर आ रही हैं. 1980 के दशक के दक्षिण भारत के काल्पनिक शहर पनूरू पर आधारित यह पीरियड क्राइम थ्रिलर महिलाओं के वर्चस्व और गैंगवार की कहानी दिखाएगी. सीरीज में राधिका रुद्रा और कीर्ति भवानी के किरदार में हैं. खास बात है कि इससे कीर्ति ओटीटी डेब्यू करेंगी. यह सीरीज 30 अक्टूबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.
‘अक्का’ में राधिका आप्टे रुद्रा और कीर्ति सुरेश भवानी के किरदार में हैं.
नई दिल्ली. एक ऐसी दुनिया, जहां सत्ता की बागडोर महिलाओं के हाथों में है और दुश्मनी की आग में गैंगवार सुलग रही है. यहां रिश्तों से ज्यादा ताकत और उसूलों की कीमत है. इसी दिलचस्प दुनिया की झलक दिखाता है राधिका आप्टे और कीर्ति सुरेश की अपकमिंग वेब सीरीज ‘अक्का’ का टीजर. शनिवार को कीर्ति सुरेश के जन्मदिन के खास मौके पर मेकर्स ने सीरीज का टीजर जारी किया. पीरियड क्राइम थ्रिलर इस सीरीज में दोनों एक्ट्रेसेस दमदार महिलाओं के किरदार में नजर आएंगी. खास बात यह है कि ‘अक्का’ के साथ कीर्ति सुरेश ओटीटी की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं.
‘अक्का’ में राधिका आप्टे रुद्रा और कीर्ति सुरेश भवानी के किरदार में हैं. टीजर में दोनों के प्रभावशाली व्यक्तित्व और उनके बीच के तनाव की झलक देखने को मिलती है. सीरीज की कहानी 1980 के दशक के दक्षिण भारत के काल्पनिक शहर पनूरू में बुनी गई है. यह ऐसी दुनिया है, जहां महिलाओं का मातृसत्तात्मक समाज है और गैंगस्टर की दुनिया में भी उनका दबदबा कायम है.
रुद्रा और भवानी के बीच दिखेगा टकराव
पनूरू की कहानी सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं है. यहां पुरानी परंपराएं, सत्ता की खींचतान और अंदरूनी दुश्मनियां हर पल नए संघर्ष को जन्म देती हैं. महिलाओं के वर्चस्व वाली इस दुनिया में रुद्रा और भवानी के अपने उसूल और नजरिए हैं. दोनों के बीच होने वाला टकराव कहानी को किस दिशा में ले जाएगा, यह देखना दिलचस्प होगा.
कीर्ति सुरेश के लिए खास है ‘अक्का’
कीर्ति सुरेश के जन्मदिन पर टीजर रिलीज होना उनके लिए खास मौका रहा. अभिनेत्री ने कहा कि दर्शकों से मिलने वाला प्यार उनके जन्मदिन को हमेशा खास बनाता है. ऐसे में अपने दिल के करीब प्रोजेक्ट ‘अक्का’ का टीजर इस दिन रिलीज होना उनके लिए बेहद खास है. उन्होंने भवानी को अपने अब तक के सबसे अलग और यादगार किरदारों में से एक बताया. कीर्ति के मुताबिक, राधिका आप्टे के साथ काम करना शानदार अनुभव रहा. दोनों के किरदारों के बीच की केमिस्ट्री और टकराव कहानी को खास बनाते हैं. ‘अक्का’ नेटफ्लिक्स और वाईआरएफ एंटरटेनमेंट के साथ उनका पहला सीरीज प्रोजेक्ट है. इसके जरिए वह पहली बार ओटीटी सीरीज में नजर आएंगी.
राधिका आप्टे को क्यों पसंद आया रुद्रा का किरदार?
राधिका आप्टे ने बताया कि रुद्रा के किरदार की जटिलता और उसके अलग नजरिए ने उन्हें आकर्षित किया. उनके मुताबिक, रुद्रा अपने उसूलों पर चलती है और अपने आसपास की दुनिया को चुनौती देने से पीछे नहीं हटती. यही खूबियां उसे दिलचस्प बनाती हैं. राधिका ने कहा कि सीरीज के किरदारों के अलग-अलग नजरिए से पैदा होने वाला तनाव कहानी को खास बनाता है. नेटफ्लिक्स के साथ पहले भी कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुकीं अभिनेत्री के लिए ‘अक्का’ एक अलग तरह की कहानी का हिस्सा बनने का मौका है. उन्होंने वाईआरएफ एंटरटेनमेंट के साथ इस प्रोजेक्ट पर काम करने के अनुभव को भी शानदार बताया.
धर्मराज शेट्टी का निर्देशन में डेब्यू, कब होगी स्ट्रीम?
‘अक्का’ का निर्माण वाईआरएफ एंटरटेनमेंट ने किया है. सीरीज की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन धर्मराज शेट्टी ने किया है. यह उनके निर्देशन करियर की पहली सीरीज है. राधिका आप्टे और कीर्ति सुरेश के अलावा तन्वी आजमी भी इसमें अहम भूमिका निभा रही हैं. पीरियड क्राइम थ्रिलर ‘अक्का’ की दुनिया, महिला किरदारों के दबदबे और सत्ता के संघर्ष को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है. टीजर में दिखाई गई झलक के बाद अब सभी को पूरी कहानी का इंतजार है. यह सीरीज 30 अक्टूबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.