Purnia Makhana Export: दुबई, आयरलैंड और इंग्लैंड के लोग चखेंगे पूर्णिया के मखाने का स्वाद, 8 टन किया जाएगा एक्सपोर्ट

Purnia Makhana Export: दुबई, आयरलैंड और इंग्लैंड के लोग चखेंगे पूर्णिया के मखाने का स्वाद, 8 टन किया जाएगा एक्सपोर्ट


Last Updated:

Purnia Makhana Export: पूर्णिया से 8 टन मखाना दुबई, आयरलैंड और इंग्लैंड भेजा जा रहा है. चहक इंटरनेशनल फूड के ऑनर मनीष कुशवाहा के मुताबिक विदेशों में बिहार के मखाना की मांग लगातार बढ़ रही है. वे पिछले दस सालों से यह काम कर रहे हैं और बिहार का मखाना बाहर खूब पसंद किया जाता है.

ख़बरें फटाफट

पूर्णिया. बिहार के मखाने की मांग किस कदर देश के साथ विदेशों में भी होने लगी है इसका उदाहरण पूर्णिया में देखने को मिला. यहां भारी मात्रा में मखाना विदेशों में भेजा जा रहा है और माल एक्सपोर्ट के लिए तैयार रखा है. पूर्णिया के चहक इंटरनेशनल फूड मखाना के ऑनर मनीष कुशवाहा बताते हैं कि पूर्णिया से 8 टन मखाना तीन देशों दुबई, आयरलैंड और इंग्लैंड भेजा जा रहा है. यह मखाना कुछ दिनों में वहां के लोगों को बेहतर स्वाद का आनंद देगा.

बिहार की पहचान अब मखाना से होने लगी है और बिहार के मखाना उत्पादकों का मखाना अब देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी धूम मचा रहा है. ग्लोबल पहचान मिलने के बाद मखाना की डिमांड तेजी से बढ़ती जा रही है. हालांकि, अब बिहार के कई किसान पारंपरिक खेती को छोड़कर मखाना की खेती करने पर विशेष जोर दे रहे हैं.

अच्छी क्वालिटी के मिलते हैं इतने दाम
आए दिन पूर्णिया के किसानों के द्वारा मखाना का बेहतर उत्पादन जिले के किसानों को खेती करने के लिए प्रेरित कर रहा है. अब किसान भी बड़े पैमाने पर मखाना की खेती कर रहे हैं. हालांकि, मखाना की कीमतों में कभी उछाल तो कभी गिरावट भी देखी जाती है. फिर भी अच्छी क्वालिटी का मखाना हमेशा ₹1000 प्रति किलो तक बिकता है.

इस बारे में जानकारी देते हुए पूर्णिया के रहुवा ग्राम में स्थित चहक इंटरनेशनल मखाना फूड के ऑनर मनीष कुशवाहा बताते हैं कि वह पिछले 10 वर्षों से मखाना की खेती और मखाना के एक्सपोर्ट का काम करते हैं. उन्होंने कहा कि उनके यहां दो दाने से लेकर आठ दाने तक का शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण मखाना उपलब्ध होता है. दुनिया के तीन देशों इंग्लैंड, आयरलैंड और दुबई से पहली बार 8 टन का ऑर्डर मिला है और इन सभी जगहों पर वह उच्च गुणवत्ता वाले मखाना को ट्रांसपोर्टिंग के जरिए एक्सपोर्ट कर रहे हैं.

फिर से मिलने लगे ऑर्डर
मनीष कुशवाहा कहते हैं कि भले ही बीच में दो खाड़ी देशों के बीच चल रहे तनाव के कारण मखाना व्यापारियों को कई नुकसान उठाने पड़े और कई लोगों के ऑर्डर बंद हो गए थे, लेकिन फिर भी मखाना की बेहतर गुणवत्ता को देखते हुए उन्हें तीन देशों से अलग-अलग ऑर्डर मिले हैं. यह ऑर्डर अगले एक सप्ताह तक तीनों देशों में पहुंचा दिए जाएंगे.



Source link