Last Updated:
Pakistan Defence Minister Trolled: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ आए दिन अपनी किसी न किसी हरकत से सुर्खियों में बने रहते हैं. इस बार उन्होंने कोई बयान नहीं दिया बल्कि ऐसे वक्त में मर्लिन मुनरो की पहेली सुलझाने बैठ गए, जब खैबर पख्तूनख्वा में बेपनाह हंगामा चल रहा है.
ख्वाजा आसिफ ने पाकिस्तान की सुरक्षा छोड़ मर्लिन मुनरो में लगाया मन.
इस्लामाबाद: पाकिस्तान का इस वक्त क्या हाल है, ये बताने की जरूरत नहीं है. ये देश इस समय सुरक्षा और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, लेकिन देश के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ कुछ अलग ही दुनिया में हैं. वो सोशल मीडिया पर एक ऐसी पहेली का जवाब देने को लेकर चर्चा में आ गए, जिसका राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं था. शहबाज-मुनीर ये सोच रहे हैं कि इमरान खान की पार्टी को कैसे मैनेज किया जाए, वहीं ख्वाजा आसिफ हॉलीवुड अभिनेत्री मर्लिन मुनरो की एक तस्वीर को घूरने में बिजी हैं.
दरअसल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनाई गई एक तस्वीर में आधुनिक स्मार्टवॉच पहचानने के बाद आसिफ को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया. दिलचस्प तो ये है कि पहेली का जवाब ख्वाजा आसिफ ने बिल्कुल ठीक दिया था लेकिन टाइमिंग इतनी गल थी कि वो भयानक ट्रोल हुए. लोगों ने उनके जवाब से ज्यादा उनके पद और प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए.
मर्लिन मुनरो की तस्वीर क्यों देख रहे थे ख्वाजा आसिफ?
दरअसल सोशल मीडिया पर मर्लिन मुनरो की एक तस्वीर शेयर की गई थी, जिसके साथ पहेली दी गई थी. तस्वीर में अभिनेत्री को 1950 के दशक के पुराने अंदाज के कपड़ों में एक पुराने होटल के बाहर दिखाया गया था. आसपास पुरानी गाड़ियां भी नजर आ रही थीं लेकिन इस तस्वीर में उनकी कलाई पर पहनी आधुनिक स्मार्टवॉच ने लोगों का ध्यान खींचा. इस तस्वीर के साथ लोगों से पूछा गया था कि इसमें ऐसी कौन-सी चीज है, जो 1950 के दशक में नहीं हो सकती थी. फिर क्या था, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने ढूंढ निकाला इसका जवाब. 13 अक्टूबर की रात इस पोस्ट पर केवल ‘Watch’ लिखकर जवाब दिया और साथ में मुस्कुराने वाला इमोजी भी लगाया.
बस यहीं लोगों ने उनकी टांग खींचनी शुरू कर दी. जब देश में आग लगी हुई है. कूटनीतिक तौर पर पाकिस्तान फंसा हुआ है, तब ख्वाजा साहब को मर्लिन मुनरो की घड़ी ढूंढने की फुर्सत है?
पोस्ट कर दी डिलीट पर बवाल का क्या?
लोगों ने कुछ ही घंटों में उन्हें इतना ट्रोल किया कि ख्वाजा आसिफ को पोस्ट ही हटा देनी पड़ी. हालांकि तब तक उसके स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर फैल चुके थे और चर्चा जारी थी. इस घटना ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी कि सार्वजनिक पदों पर बैठे नेताओं को सोशल मीडिया पर अपनी गतिविधियों और सार्वजनिक छवि को लेकर कितना सतर्क रहना चाहिए. सवाल उठे हैं कि जब पाकिस्तान के सामने सुरक्षा और आर्थिक मोर्चे पर कई गंभीर चुनौतियां हैं, तब देश के रक्षा मंत्री इंटरनेट पर वायरल पहेलियां सुलझाने में क्यों व्यस्त हैं. इतना ही नहीं पत्रकार नादिर बलोच ने भी तस्वीर पर टिप्पणी करते हुए बताया कि इसमें आधुनिक स्मार्टवॉच ही वह चीज है, जो 1950 के दशक से मेल नहीं खाती. इस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें भी ‘जांच-पड़ताल करने वाला पत्रकार’ बताकर मजाक उड़ाया.