Last Updated:
News18 UP Mega Survey : UP Election 2027 से पहले समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर उत्तर प्रदेश की जनता की क्या राय है? News18 के यूपी मेगा सर्वे में जानिए UCC को लेकर लोगों की सोच, इसकी अहमियत और आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में इस मुद्दे का महत्व समझिए..
UCC का यूपी चुनाव पर क्या असर रहेगा, यह डाटा आपको बता देगा.
लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में समान नागरिक संहिता यानि UCC का मुद्दा कितना अहम होगा है? News18 के यूपी मेगा सर्वे 2026 में इस सवाल पर लोगों ने खासा रुचि ली. उन्होंने जो जवाब दिया, वह भी चौंकाने वाला था. हालांकि कुछ लोगों का यह भी मानना था कि यह मसला ज्यादा जरूरी नहीं है. इस सर्वे से यह तो साफ हो गया कि चुनाव से पहले UCC का मुद्दा चर्चा के केंद्र में है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में इस विषय को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस के बीच बड़ा सवाल यह है कि प्रदेश की जनता इसे किस नजरिए से देखती है. क्या UCC लोगों के लिए चुनावी प्राथमिकता का मुद्दा है या उनकी चिंता के केंद्र में दूसरे सवाल हैं? News18 के यूपी मेगा सर्वे में इस मुद्दे को लेकर लोगों की राय सामने आई है, जो 2027 के चुनाव से पहले जनता का रुझान समझने का एक अहम संकेत देती है. आइये जानते हैं डिटेल में..
45 फीसदी लोगों ने UCC को बताया बहुत जरूरी
News18 के यूपी मेगा सर्वे में 45 फीसदी लोगों ने समान नागरिक संहिता को बहुत जरूरी बताया. इस सवाल पर यह सबसे अधिक चुना गया ऑप्शन रहा. यानि वे इसे बेहद जरूरी मानते हैं. वहीं, 27 फीसदी लोगों ने इसे थोड़ा जरूरी माना. दोनों को मिलाकर 72 फीसदी उत्तरदाताओं ने UCC को किसी न किसी स्तर पर जरूरी बताया.
दरअसल, समान नागरिक संहिता यानी Uniform Civil Code का संबंध शादी, तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने जैसे नागरिक मामलों में समान कानूनी प्रावधानों से है.
18 फीसदी लोगों ने UCC को जरूरी नहीं माना
सर्वे में 9 फीसदी लोगों ने कहा कि UCC ज्यादा जरूरी नहीं है, जबकि 9 फीसदी ने इसे बिल्कुल जरूरी नहीं बताया. इस तरह इन दोनों विकल्पों को मिलाकर 18 फीसदी लोगों ने UCC को कम महत्व दिया या गैर-जरूरी माना. इसके अलावा 10 फीसदी लोगों ने इस सवाल पर कुछ कहने में असमर्थता जताई. यानी सर्वे में शामिल हर दस में लगभग एक व्यक्ति UCC के महत्व पर कोई निश्चित राय नहीं दे सका.
UCC पर क्या कहते हैं सर्वे के आंकड़े?
आपके लिए UCC का मुद्दा कितना जरूरी है?
बहुत जरूरी – 45%
थोड़ा जरूरी – 27%
ज्यादा जरूरी नहीं – 9%
बिल्कुल जरूरी नहीं – 9%
कह नहीं सकते – 10%
यूपी चुनाव से पहले मुद्दों पर जनता की राय जानने की कोशिश
News18 के यूपी मेगा सर्वे 2026 में उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के 30,925 लोगों से बातचीत की गई. सर्वे का फील्डवर्क 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 के बीच हुआ. इसमें 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के महिला और पुरुष शामिल हुए. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर आमने-सामने इंटरव्यू किए गए और जवाब दर्ज करने के लिए CAPI यानी कंप्यूटर असिस्टेड पर्सनल इंटरव्यू पद्धति का इस्तेमाल किया गया. सर्वे में UCC के अलावा कानून-व्यवस्था, नौकरी और रोजगार, महंगाई, युवा मतदाताओं की भूमिका और अन्य राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों पर भी सवाल पूछे गए. UCC को लेकर सामने आए आंकड़े यह बताते हैं कि सर्वे में शामिल लोगों ने इस विषय को कितना जरूरी माना. हालांकि, इससे UCC के किसी विशिष्ट कानूनी प्रारूप या उसके सभी प्रावधानों के प्रति समर्थन का निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता.