Last Updated:
IIM Calcutta Placements 2026: आईआईएम कोलकाता के 2026 एमबीए प्लेसमेंट में हाईएस्ट पैकेज 1.45 करोड़ रुपये और एवरेज 36 लाख रुपये दर्ज हुआ. इस बार आईआईएम कोलकाता में 100% प्लेसमेंट का दावा किया गया है. सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी रील भी वायरल हो रही है. पढ़िए आईआईएम कोलकाता की प्लेसमेंट रिपोर्ट.
IIM Calcutta Placements 2026: आईआईएम कोलकाता ने प्लेसमेंट का रिकॉर्ड कायम किया है
नई दिल्ली (IIM Calcutta Placements 2026). देश के टॉप बिजनेस स्कूल में शामिल आईआईएम कोलकाता ने एमबीए 2024-26 बैच का प्लेसमेंट रिकॉर्ड जारी कर दिया है. IIM ने 100% प्लेसमेंट दर हासिल कर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है. 61वें एमबीए बैच के लिए हुए इस प्लेसमेंट ड्राइव में एवरेज सीटीसी 36 लाख रुपये प्रति वर्ष रहा. वहीं हाईएस्ट डोमेस्टिक पैकेज 1.45 करोड़ रुपये सालाना तक पहुंच गया. इंटरनेशनल लेवल पर भी 1.10 करोड़ रुपये सालाना तक का शानदार ऑफर मिला है.
IIM Calcutta Placements 2026: आंकड़ों में प्लेसमेंट की सफलता
आईआईएम कोलकाता के 61वें एमबीए बैच में कुल 458 स्टूडेंट्स थे. इन्हें 202 प्रमुख कंपनियों से कुल 542 जॉब ऑफर्स मिले. प्लेसमेंट ड्राइव में एवरेज पैकेज 36 लाख रुपये और मीडियन पैकेज 35 लाख रुपये रहा. हाइब्रिड क्लस्टर-कोहॉर्ट मॉडल पर बेस्ड इस प्लेसमेंट प्रोसेस में ऑनलाइन और ऑन-कैंपस, दोनों तरीकों से कंपनियों ने देश-विदेश के लिए हायरिंग की. इसके अलावा एग्जीक्यूटिव एमबीए (MBAEx) बैच के लिए औसत पैकेज 35.37 लाख रुपये और उच्चतम पैकेज 1.25 करोड़ रुपये तक दर्ज किया गया.
किस सेक्टर का रहा दबदबा? कंसल्टिंग सबसे आगे
अगर सेक्टर-वाइज डिस्ट्रीब्यूशन पर नजर डालें तो हमेशा की तरह कंसल्टिंग डोमेन का दबदबा बरकरार रहा. कुल ऑफर्स में से 38% नौकरियां सिर्फ कंसल्टिंग कंपनियों से आईं. इसके बाद जनरल मैनेजमेंट सेक्टर 21% ऑफर्स के साथ दूसरे स्थान पर रहा. वहीं, फाइनेंस सेक्टर ने 18.6%, आईटी एंड प्रोडक्ट मैनेजमेंट ने 13.3% और सेल्स एंड मार्केटिंग ने 9% स्टूडेंट्स को अपने साथ जोड़ा.
डायवर्सिटी से भरा है 61वां एमबीए बैच
इस बार का एमबीए बैच पढ़ाई और अनुभव के मामले में काफी Diverse रहा. बैच में 64% छात्र और 36% छात्राएं हैं. औसतन वर्क एक्सपीरियंस 22.6 महीने का रहा है. बैच में 55.7% इंजीनियरिंग बैकग्राउंड से हैं, जबकि 16.9% कॉमर्स ग्रेजुएट्स हैं. खास बात है कि इस बैच में 80 से ज्यादा CA, CFA और FRM चार्टरहोल्डर्स के साथ-साथ 20 से ज्यादा ऐसे युवा भी शामिल हैं, जिनके पास खुद का स्टार्टअप चलाने का पुराना अनुभव है.
समर प्लेसमेंट में भी दिखा जलवा, Day 3 से पहले ही सब प्लेस्ड
फाइनल प्लेसमेंट के अलावा, आईआईएम कोलकाता ने समर प्लेसमेंट (Summer Placements) में भी झंडे गाड़े हैं. समर इंटर्नशिप ड्राइव के तहत तीसरे दिन की शुरुआत से पहले ही 100% समर प्लेसमेंट पूरा हो गया था. इससे पता चलता है कि इंडस्ट्री में आज भी आईआईएम कोलकाता के स्टूडेंट्स की मांग और ब्रांड वैल्यू कितनी मजबूत बनी हुई है. वो भी तब, जब जॉब मार्केट में आर्थिक अनिश्चितताओं का दौर चल रहा है.