Last Updated:
मध्य प्रदेश में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लेकर ओबीसी महासभा प्रदर्शन कर रही है. इस दौरान एक युवक की बीजेपी विधायक देवेंद्र जैन से बहस हो गई. बहस इतनी बढ़ गई कि युवक ने विधायक को गधा तक कह दिया. इसके बाद विधायक तुरंत वहां से चले गए और आस-पास मौजूद लोगों ने बाद में खूब तालियां बजाईं.
कौन हैं बीजेपी विधायक देवेंद्र जैन
मध्य प्रदेश में ओबीसी महासभा प्रदेश में 27 प्रतिशत आरक्षण को लेकर प्रदर्शन कर रही है. ओबीसी महासभा के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे थे और ज्ञापन देने के लिए अड़े थे. प्रदर्शनकारी इस बात को लेकर भी नाराज चल रहे थे कि कलेक्टर उनका ज्ञापन लेने के लिए नहीं आए थे. इसी दौरान बीजेपी विधायक देवेंद्र जैन वहां किसी काम के सिलसिले में पहुंचे थे. तभी उनकी एक युवक से बहस हो गई. बहस यहां तक बढ़ गई कि युवक ने बीजेपी विधायक को गधा तक बता दिया.
युवक ने बीजेपी विधायक को कहा गधा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें युवक बीजेपी विधायक को कह रहा है कि मैं पढ़ा लिखा ग्रेजुएट युवक हूं. इस पर विधायक देवेंद्र जैन ने गुस्से में कहा कि तो मैं क्या गधा हूं. फिर युवक बीजेपी विधायक को कहता है कि हां आप गधे हो. बस युवक से इतना सुनते ही विधायक तुरंत भाग जाते हैं और कार में बैठकर चले जाते हैं. बाद में युवक की बात सुनकर लोगों ने ताली बजानी शुरू कर दी थी.
दो बार के विधायक हैं देवेंद्र जैन?
देवेंद्र जैन की गिनती बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं में होती है. वह शिवपुरी से दो बार से बीजेपी के विधायक रह चुके हैं. सबसे पहले वह साल 1993 में बीजेपी के विधायक बने थे. इसके बाद जब 2023 में इस सीट से यशोधरा राजे सिंधिया ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया, तो एक बार फिर से उनकी किस्मत खुल गई. साल 2023 में वह कांग्रेस के केपी सिंह को शिकस्त देकर विधानसभा में पहुंचे थे.
क्या है 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण का मामला
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने प्रदेश में ओबीसी के लिए लागू 27 प्रतिशत आरक्षण पर रोक लगा दी थी और 14 प्रतिशत ही कायम रखा था. साल 2019 में कमलनाथ ने प्रदेश में ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू किया था, लेकिन बाद में यह मामला कोर्ट में चला गया और कोर्ट ने इसे रद्द कर दिया. इसके बाद कांग्रेस और बीजेपी दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर हमला किया और दोनों ही पार्टियां इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट में ले जाने की बात कह चुकी हैं.