19 चौके, 8 छक्के…वीरेंद्र सहवाग के लाल का कमाल, आर्यवीर ने ठोक डाले 173 रन
Last Updated:
Aaryavir Sehwag Vinoo Mankad Trophy: 18 साल के आर्यवीर सहवाग ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में 19 चौके और आठ छक्के की मदद से 143 गेंदों में 173 रन की धमाकेदार पारी खेली. चंडीगढ़ के खिलाफ ‘जूनियर सहवाग’ का ये रौद्र रूप देखने को मिला.
आर्यवीर सहवाग की धमाकेदार पारी
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में तहलका मचा दिया. दिल्ली की ओर से खेलते हुए चंडीगढ़ के खिलाफ दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 143 गेंदों में 173 रन की विस्फोटक पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से 19 चौके और आठ छक्के भी निकले. आर्यवीर के बूते ही दिल्ली निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट खोकर 289 रन बना पाई.
18 साल के आर्यवीर को आठ अक्टूबर से विशाखापट्टनम में शुरू हुए टूर्नामेंट में दिल्ली की 16 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया है. सितंबर में ही आर्यवीर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना अंडर-19 डेब्यू किया था. यूथ वनडे सीरीज में आर्यवीर तीन पारियों में सिर्फ 109 रन ही बना पाया था. जिस पहले वर्षाबाधित मैच में इंडिया सात रन से जीता था, उसमें आर्यवीर के बल्ले से 26 गेंद में 28 रन निकले थे.
आर्यवीर ने दूसरे वनडे में 47 रन जरूर बनाए, लेकिन अपने अर्धशतक से सिर्फ तीन रन से चूक गए थे. इसके बाद आखिरी मैच में 34 रन का योगदान दिया. दिल्ली प्रीमियर लीग में ‘वेस्ट दिल्ली लायंस’ की ओर से खेलने वाले आर्यवीर को बड़े टूर्नामेंट का अनुभव पहले ही मिल चुका है.