Last Updated:
बिहार से मानसून की विदाई के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है. आज भागलपुर, खगड़िया, जमुई, मुंगेर और बांका में हल्की बारिश की संभावना है. सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होने लगी है. हालांकि, दिन में तेज धूप के कारण गर्मी बनी हुई है. दुर्गा पूजा में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटना: देश भर से मानसून की आधिकारिक विदाई हो चुकी है. इसके साथ ही बिहार के मौसम में भी बड़ा बदलाव दिखने लगा है. राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून के जाने के बाद अब पछुआ हवाएं चलने लगी हैं. इससे सुबह और रात के वक्त हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है. हालांकि, दिन में तेज धूप खिलने के कारण लोगों को अभी भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
अगले 24 घंटों का हाल
- मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहेगा. आसमान में कभी-कभार हल्के बादल आ-जा सकते हैं, लेकिन दिन भर धूप खिली रहेगी. पछुआ हवा के कारण सुबह और देर रात का मौसम सुहावना बना रहेगा, जबकि दोपहर में धूप के तीखे तेवर जारी रहेंगे.
आज इन जिलों में हल्की बारिश के आसार
- मौसम विभाग ने आज 16 अक्टूबर को राज्य के कुछ पूर्वी जिलों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है. इनमें जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर शामिल हैं. इन इलाकों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं. वहीं, राज्य के बाकी सभी जिलों में मौसम सामान्य और सूखा रहने वाला है. बीते 24 घंटों की बात करें तो अधवारा में सबसे ज्यादा 37.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है.
कैमूर रहा सबसे गर्म, पटना का पारा भी चढ़ा
- गुरुवार को राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क ही बना रहा. इसके बावजूद राजधानी पटना सहित 14 जिलों के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई. 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ कैमूर जिला राज्य में सबसे गर्म रहा. वहीं पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
राजधानी पटना में कैसा रहेगा मिजाज?
- पटना में फिलहाल मौसम का मिजाज मिला-जुला रहेगा. दिन के समय धूप खिलने से लोगों को गर्मी और उमस महसूस होगी. हालांकि, सुबह और देर रात हवा में ठंडक घुलने से राहत मिलेगी. फिलहाल पटना में बारिश का कोई अनुमान नहीं है, लेकिन स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण हल्का-फुल्का बदलाव आ सकता है.
दुर्गा पूजा (सप्तमी, अष्टमी और नवमी) पर मौसम का हाल
त्योहारों के इस सीजन में पूजा पंडालों में घूमने की योजना बना रहे लोगों के लिए राहत की खबर है।
- 17 अक्टूबर (सप्तमी): उत्तर बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि पूरे राज्य में भारी बारिश का कोई खतरा नहीं है.
- 18 अक्टूबर (अष्टमी): राज्य के सभी जिलों में मौसम पूरी तरह सामान्य रहेगा. मौसम विभाग ने इसके लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.
- 19 अक्टूबर (नवमी): इस दिन भी मौसम साफ रहेगा. दिन में तेज धूप निकलेगी, जिससे पूजा के दौरान घूमना आसान रहेगा.