पाकिस्तान में भारत का एक और दुश्मन मारा गया, जैश-ए-मोहम्मद कमांडर की सड़क हादसे में मौत


Last Updated:

पाकिस्तान के लाहौर में 14-15 अक्टूबर की रात हुए भीषण सड़क हादसे में जैश-ए-मोहम्मद के कथित ऑपरेशनल कमांडर मुहम्मद आसिम, उनकी पत्नी हुमा आसिम और बेटे तल्हा आसिम की मौत हो गई. परिवार की कार को पीछे से एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिसके बाद कार उसके नीचे फंस गई. कार का ऊपरी हिस्सा काटकर शवों को निकाला गया.

Top Deals Inside

पाकिस्तान में भारत का दुश्मन मारा गया, जैश कमांडर की सड़क हादसे में मौतZoom

जैश-ए-मोहम्मद का ऑपरेशन कमांडर सड़क हादसे में मारा गया. (AI इमेज)

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के लाहौर में 14-15 अक्टूबर की रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के कथित ऑपरेशनल कमांडर मुहम्मद आसिम की मौत हो गई. यह आतंकी संगठन भारत के खिलाफ काम करने के लिए जाना जाता है. ऐसे में आसिम को भारत का दुश्मन कहना कोई गलत नहीं होगा. हालांकि इस हादसे में उसकी पत्नी हुमा आसिम और बेटे तल्हा आसिम की भी जान चली गई. बताया गया है कि परिवार की कार को पीछे से एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी थी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रेलर के नीचे फंस गई. बचावकर्मियों को शवों को बाहर निकालने के लिए कार के मलबे को काटना पड़ा.

लाहौर में कैसे हुआ हादसा?

यह दुर्घटना लाहौर के गढ़ी शहू इलाके में अल्लामा इकबाल रोड पर हुई. जानकारी के मुताबिक, परिवार कार से जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार ट्रेलर के नीचे बुरी तरह फंस गई. हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बचाव दल को कार के मलबे को काटकर उसमें फंसे शवों को बाहर निकालना पड़ा. मामले में पुलिस ने परिवार के जीवित बचे बेटे मुहम्मद बिन आसिम की शिकायत पर केस दर्ज किया है. FIR के मुताबिक, ट्रेलर चालक कथित तौर पर लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.

कौन था मुहम्मद आसिम?

मुहम्मद आसिम को पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का कथित ऑपरेशनल कमांडर बताया गया है. वह संगठन के सदस्यों के लिए आर्थिक और लॉजिस्टिक मदद जुटाने और उसे मैनेज करने की जिम्मेदारी संभालता था. आतंकी संगठनों के कामकाज में आर्थिक मदद की अहम भूमिका होती है. इसी धन के जरिए ही वह भारत के खिलाफ साजिशों को अंजाम देते हैं.

क्या है जैश-ए-मोहम्मद?

जैश-ए-मोहम्मद की स्थापना साल 2000 में मसूद अजहर ने की थी. ये संगठन भारत का दुश्मन है. यह पाकिस्तान स्थित एक आतंकी संगठन है, जिसे अमेरिका समेत कई देशों ने आतंकवादी संगठन घोषित किया है. इस संगठन का नाम भारत, खासकर जम्मू-कश्मीर में हुए कई हमलों से जुड़ा रहा है. फरवरी 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी. इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 40 जवान शहीद हुए थे. पुलवामा हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था.



Source link