दिल्ली से मसूरी, देहरादून और ऋषिकेश जाने के लिए कश्मीरी गेट से मिलेंगी बसें
Last Updated:
Buses From Delhi Kashmiri Gate To Uttarakhand: दिल्ली के कश्मीरी गेट बस अड्डे से देहरादून, मसूरी, हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए बसें मिलती हैं. सामान्य बस का किराया 420 रुपये और एसी वोल्वो का किराया 945 रुपये है. अगर वीकेंड के लिए प्लान बना रहे हैं तो इनमें से कोई भी बस ले सकते हैं.
दिल्ली. दिल्ली से अगर आप मसूरी, देहरादून, हरिद्वार या ऋषिकेश घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं, तो कश्मीरी गेट बस अड्डे से बस पकड़ सकते हैं. यहां से उत्तराखंड के कई प्रमुख शहरों के लिए बस सेवा मिलती है. खास बात यह है कि यात्रियों के बजट को ध्यान में रखते हुए सामान्य बसों के साथ एसी वोल्वो जैसी लग्जरी बसों का विकल्प भी मौजूद है. ऐसे में आप अपने बजट और सफर की सुविधा के हिसाब से बस चुन सकते हैं.
कश्मीरी गेट से कहां-कहां के लिए मिलती हैं बसें
दिल्ली के कश्मीरी गेट बस अड्डे से देहरादून, मसूरी, हरिद्वार, ऋषिकेश और कोटद्वार जैसे शहरों के लिए बसें चलती हैं. इन जगहों पर घूमने जाने वाले यात्रियों की संख्या छुट्टियों और पर्यटन के सीजन में बढ़ जाती है. खासकर मसूरी, देहरादून और ऋषिकेश पर्यटकों की पसंदीदा जगहों में शामिल हैं. वहीं, कोटद्वार के रास्ते लैंसडाउन जाने वाले लोग भी बस सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं.
420 रुपये से शुरू होता है सामान्य बस का किराया
कश्मीरी गेट उत्तराखंड रोडवेज के इनचार्ज ने बताया कि दिल्ली से उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों के लिए सामान्य बस का किराया करीब 420 रुपये है. बसें सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक उपलब्ध रहती हैं. अलग-अलग रूट पर बसों के समय में अंतर हो सकता है. इसलिए सफर से पहले संबंधित बस का समय जरूर पता कर लें.
एसी वोल्वो में सफर के लिए देने होंगे 945 रुपये
अगर आप आरामदायक सफर करना चाहते हैं, तो एसी वोल्वो पुशबैक सीट वाली सुपर लग्जरी बस का ऑप्शन चुन सकते हैं. इसका किराया 945 रुपये बताया गया है. बस में आरामदायक सीटों के साथ साफ-सफाई का भी ध्यान रखा जाता है. वहीं, सुपर लग्जरी वोल्वो सेवा नॉन-स्टॉप है, जिससे यात्रियों को कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंचने में मदद मिलती है.
घूमने के सीजन में बढ़ जाती है यात्रियों की संख्या
पर्यटन के पीक सीजन में दिल्ली से मसूरी, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है. इसके अलावा लैंसडाउन भी लोगों के बीच लोकप्रिय पर्यटन स्थल है. ऐसे में यात्रा की योजना बनाते समय बस की टाइमिंग, किराया और उपलब्ध सीटों की जानकारी पहले लेना फायदेमंद हो सकता है.