XLRI Highest Stipend: मैनेजमेंट की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए अच्छी इंटर्नशिप मिलना करियर की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाता है. अगर पढ़ाई के दौरान ही हर महीने लाखों रुपये का स्टाइपेंड मिलने लगे, तो यह किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है. दरअसल, XLRI-Xavier School of Management के छात्रों ने कुछ ऐसा ही शानदार प्रदर्शन किया है. इंस्टीट्यूट में 2026-28 बैच के सभी छात्रों को समर इंटर्नशिप मिल गई है. इस दौरान सबसे ज्यादा स्टाइपेंड का ऑफर हर महीने 3.50 लाख रुपये का रहा. खास बात यह है कि इस प्लेसमेंट प्रक्रिया में देश-विदेश की 106 कंपनियों ने हिस्सा लिया.
XLRI में सभी छात्रों को मिली इंटर्नशिप
XLRI ने अपने जमशेदपुर और दिल्ली-NCR कैंपस में PGDM (बिजनेस मैनेजमेंट) और PGDM (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट) कोर्स के 2026-28 बैच के लिए समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट प्रक्रिया पूरी कर ली है. इस प्रक्रिया में कुल 587 छात्रों ने हिस्सा लिया और उन्हें 594 इंटर्नशिप ऑफर मिले. इस तरह इंस्टीट्यूट ने 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का रिकॉर्ड हासिल किया है. यानी इंटर्नशिप में शामिल होने वाले हर छात्र को मौका मिला.
इस बार प्लेसमेंट प्रक्रिया में 106 कंपनियां शामिल हुईं. इनमें 32 ऐसी कंपनियां थीं, जिन्होंने पहली बार इंस्टीट्यूट के छात्रों को इंटर्नशिप का ऑफर दिया. सबसे ज्यादा मंथली स्टाइपेंड 3.50 लाख रुपये रहा, जबकि छात्रों को मिलने वाला एवरेज मंथली स्टाइपेंड 1.75 लाख रुपये दर्ज किया गया.
टॉप छात्रों को हर महीने मिलेंगे लाखों रुपये
इंटर्नशिप के दौरान छात्रों को मिलने वाले स्टाइपेंड के आंकड़े भी काफी अच्छे रहे. सबसे ज्यादा स्टाइपेंड 3.50 लाख रुपये प्रति माह रहा. वहीं, एवरेज मंथली स्टाइपेंड 1.75 लाख रुपये और मीडियन मंथली स्टाइपेंड 1.80 लाख रुपये रहा.
इंस्टीट्यूट के टॉप 10 प्रतिशत छात्रों को एवरेज हर महीने 2.58 लाख रुपये का स्टाइपेंड मिला. वहीं, टॉप 25 प्रतिशत छात्रों का एवरेज मंथली स्टाइपेंड 2.38 लाख रुपये रहा. इन आंकड़ों से पता चलता है कि मैनेजमेंट की पढ़ाई के दौरान ही छात्रों को बड़ी कंपनियों के साथ काम करने और अच्छी कमाई का अवसर मिल रहा है.
कंसल्टिंग कंपनियों ने दिए सबसे ज्यादा ऑफर
इस साल की इंटर्नशिप प्रक्रिया में कंसल्टिंग सेक्टर सबसे आगे रहा. कुल ऑफर में से 30 प्रतिशत इसी फील्ड से आए. इस सेक्टर में एक्सेंचर, बैन एंड कंपनी, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, डेलॉयट और पीडब्ल्यूसी जैसी बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया.
इसके बाद FMCG, रिटेल और कंज्यूमर गुड्स सेक्टर का स्थान रहा. इस फील्ड से कुल ऑफर में 21 प्रतिशत हिस्सेदारी रही. हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, प्रॉक्टर एंड गैंबल, नेस्ले और कोका-कोला जैसी कंपनियों ने छात्रों को मार्केटिंग और सप्लाई चेन मैनेजमेंट से जुड़े कामों के लिए चुना.
टेक्नोलॉजी और ई-कॉमर्स कंपनियों में भी मौका
टेक्नोलॉजी, ई-कॉमर्स और मीडिया सेक्टर से कुल ऑफर में 19 प्रतिशत हिस्सेदारी रही. इस फील्ड में अमेजन, गूगल, फ्लिपकार्ट और स्विगी जैसी कंपनियां शामिल हुईं. इनके अलावा बैंकिंग, फाइनेंस, मैन्युफैक्चरिंग और ऑटोमोबाइल सेक्टर की कंपनियों ने भी छात्रों को इंटर्नशिप के अवसर दिए.
आदित्य बिड़ला ग्रुप, टाटा स्टील, जेपी मॉर्गन चेस और ICICI बैंक जैसी कंपनियों की भागीदारी भी इस प्रक्रिया में रही. अलग-अलग फील्ड की कंपनियों की मौजूदगी से छात्रों को अपनी रुचि और करियर के लक्ष्य के अनुसार अवसर चुनने का मौका मिला.
XLRI के डायरेक्टर ने छात्रों की मेहनत को सराहा
XLRI के डायरेक्टर फादर सेबेस्टियन जॉर्ज ने छात्रों की इस उपलब्धि पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि इंस्टीट्यूट ने एक बार फिर 100 प्रतिशत प्लेसमेंट का रिकॉर्ड बनाए रखा है. इसके पीछे छात्रों की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और कंपनियों का इंस्टीट्यूट पर भरोसा अहम रहा है.
उन्होंने नए रिक्रूटर्स का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि ये इंटर्नशिप छात्रों को बेहतर स्किल सीखने और भविष्य में जिम्मेदार लीडर बनने में मदद करेंगी. इस साल के नतीजे मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए अच्छे अवसरों को दिखाते हैं. साथ ही, बड़ी कंपनियों की भागीदारी से छात्रों को पढ़ाई के दौरान ही काम का अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा.