गर्भ दीप से ब्रह्मांड तक! जानिए गरबा के बीच रखे घड़े और 3 तालियों का रहस्य
Last Updated:
Navratri Garba Significance: देशभर में धूमधाम से शारदीय नवरात्रि की धूम चल रही है और चारों तरह माता के जयकारे सुनाए दे रहे हैं. कहीं नृत्य के माध्यम से तो कहीं व्रत व पूजा पाठ से मक्त माता को प्रसन्न करने में लगे हैं. भारतीय संस्कृति में नृत्य और संगीत को ईश्वर तक पहुंचने का सबसे सरल मार्ग माना गया है. इस सरल मार्ग पर जाने का सबसे आसान तरीका है गरबा. गरबा केवल गुजरात की सांस्कृतिक पहचान नहीं बल्कि आज पूरे विश्व में शक्ति-उपासना का पर्याय बन चुका है. आइए जानते हैं गरबा से जुड़ा धार्मिक माहत्व…
Navratri Garba Mysteries: नवरात्रि की बात हो और उसमें गरबा का टॉपिक ना हो, ऐसा नहीं हो सकता है. नवरात्रि और गरबा की तैयारी कई दिन पहले से शुरू हो जाती है. नवरात्रि के दौरान खेला जाने वाला गरबा इसी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का अद्भुत उदाहरण हैं. गरबा पहले गुजरात में ही खेला जाता था लेकिन अब यह पूरे विश्व में शक्ति-उपासना का पर्याय बन चुका है. गोल घेरे में घूमकर किया जाने वाला यह नृत्य इस बात का प्रतीक है कि यह संपूर्ण ब्रह्मांड चलायमान है और मां दुर्गा ही इसका केंद्र हैं. नवरात्रि के नौ दिनों में गरबा नृत्य के माध्यम से श्रद्धालु अपनी ऊर्जा और भक्ति को मां के चरणों में अर्पित करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि गरबा के बीच में दीपक वाला घड़ा क्यों रखा जाता है, इसके पीछे की मान्यता क्या है. आइए समझते हैं कि नवरात्रि में गरबा नृत्य का धार्मिक महत्व, सांस्कृतिक धरोहर और इसके पीछे छिपी पौराणिक मान्यताएं क्या हैं.
गरबा के केंद्र में छेद वाला मिट्टी का घड़ा – संस्कृत शब्द ‘गर्भ’ से ‘गरबा’ बना है, जिसका अर्थ गर्भाशय या सृजन होता है. गोल घेरा हिंदू धर्म में जन्म, जीवन, मृत्यु और पुनः जन्म के अनंत चक्र का प्रतीक माना जाता है. गरबा के केंद्र में एक छेद वाला मिट्टी का घड़ा (जिसे ‘गरबो’ कहते हैं) रखा जाता है, जिसके अंदर जलता हुआ दीपक (गर्भ दीप) होता है. दरअसल मिट्टी का घड़ा स्त्री की सृजन शक्ति और गर्भ में पल रहे जीवन को दर्शाता है और घड़े के अंदर जलती हुई दिव्य ज्योति माता की ऊर्जा और जीवन का प्रतीक माना जाता है.
मां दुर्गा की शक्ति का प्रतीक – यह दीपक जीवन की ऊर्जा और मां दुर्गा की शक्ति का प्रतीक माना जाता है, जिसके चारों ओर घूमकर लोग नृत्य करते हैं और देवी मां के प्रति अपनी श्रद्धा और आराधना को दर्शाते हैं. गरबा करने के दौरान व्यक्ति किसी भी समूह में जुड़ सकता है या बाहर आ सकता है. यह समाज में भेदभाव की भावना को दूर कर भाईचारा, एकता और सामूहिक ऊर्जा को बढ़ावा देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
मां शक्ति की आराधना और भक्ति – गोल-गोल घूमने से शरीर में एक लय और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. पारंपरिक रूप से इसे बिना जूतों-चप्पलों के (नंगे पैर) किया जाता है, जिससे शरीर धरती की ऊर्जा से सीधे जुड़ता है. गरबा केवल एक नृत्य नहीं बल्कि मां शक्ति की आराधना और भक्ति का रूप है. इसलिए इसे मंदिर या पूजा स्थल की तरह पवित्र मानकर नंगे पैर किया जाता है. सनातन परंपरा में जूते-चप्पल को सांसारिकता और अहंकार का प्रतीक माना जाता है. इन्हें उतारकर नृत्य करना समर्पण और विनम्रता को दर्शाता है.
गरबा करने के दौरान तीन तालियां – गरबा करने के दौरान तीन तालियां बजाई जाती हैं, जो ब्रह्मा (इच्छा शक्ति), विष्णु (कार्य शक्ति) और शिव (ज्ञान शक्ति) के तीनों स्वरूपों और मां अंबा की जागृति का प्रतीक मानी जाती है. नवरात्रि में गरबा के साथ डांडिया भी खेला जाता है, जिसमें इस्तेमाल होने वाली छड़ियां (डंडे) मां दुर्गा की तलवार का प्रतीक हैं जो बुराई पर अच्छाई की जीत को दर्शाती हैं.
डांडिया और अस्त्र – गरबा के साथ किया जाने वाला ‘डांडिया रास’ मां दुर्गा के हाथों में सुशोभित तलवार, त्रिशूल जैसे शस्त्रों का प्रतीक माना जाता है, जो अधर्म के नाश और धर्म की रक्षा का संदेश देता है. नौ दिन तक चलने वाले इस उत्सव में गरबा द्वारा माता की अराधना की जाती है और इस नृत्य द्वार मन के अंदर चल रही सभी नकारात्मकता को दूर किया जाता है. यह नृत्य मूल रूप से गुजरात से संबंधित है, जिसे अब पूरे भारत और दुनियाभर में उत्साह के साथ मनाया जाता है. दिसंबर 2023 में यूनेस्को ने भी गरबा को ‘अमूर्त सांस्कृतिक विरासत’ की सूची में शामिल किया है.