MP-CG TOP NEWS: मुख्यमंत्री मोहन यादव की कैबिनेट बैठक आज, बुधनी में वन विभाग की कार्रवाई पर गरमाई सियासत

MP-CG TOP NEWS: मुख्यमंत्री मोहन यादव की कैबिनेट बैठक आज, बुधनी में वन विभाग की कार्रवाई पर गरमाई सियासत


MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें… 

दिग्विजय सिंह ने अपने वाहन पर लगाया ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का स्टिकर
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपने वाहन पर ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ का स्टिकर लगाया है. उन्होंने समस्त सनातन धर्मावलंबियों से सत्य, धर्म, न्याय और स्वाभिमान के संकल्प के साथ यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया है. यह यात्रा 20 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर उज्जैन से शुरू होकर अयोध्या तक जाएगी. स्टिकर पर ‘जय सियाराम!’ लिखा हुआ है.

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रथ यात्रा देर रात पहुंची, छतरपुर के लिए होगी रवाना
बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रथ यात्रा देर रात टीकमगढ़ पहुंची. यात्रा अब छतरपुर के लिए रवाना होगी. बुंदेलखंड के पांच जिलों में हिंदुओं को एकजुट करने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली जा रही है.

साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले में साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए कमीशन के लालच में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 7 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जांच में लाखों रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ है. आरोपियों के बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था. थाना सुपेला, खुर्सीपार और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की. पुलिस अब तक इस मामले में कुल 40 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन कार्यक्रम में जुटेंगे राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मंत्री
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में आज राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश के अन्य मंत्री पहुंचेंगे. सभी विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम का आयोजन दिग्विजय स्टेडियम में किया जा रहा है. इस मौके पर प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे. आयोजन को लेकर तैयारियां की गई हैं.

पटाखा फैक्ट्री के निर्माण का ग्रामीणों ने किया विरोध, फिलहाल काम पर रोक
बेमेतरा जिले के ग्राम कठिया में बन रही पटाखा फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री खुलने से पर्यावरण और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचने के साथ हादसों का खतरा भी बढ़ सकता है. ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की. मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने बेरला एसडीएम दीप्ति वर्मा को जांच के निर्देश दिए. इसके बाद तहसीलदार की टीम ने मौके का निरीक्षण किया. आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर फिलहाल फैक्ट्री का निर्माण कार्य रोक दिया गया है.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज व्यस्त कार्यक्रम
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंत्रालय में कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे. सुबह 10:50 बजे कैबिनेट ब्रीफिंग और 11 बजे कैबिनेट की बैठक होगी. इसके बाद मुख्यमंत्री श्रम, नर्मदा घाटी विकास, राजस्व, जल संसाधन, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पशुपालन, नगरीय विकास और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभागों के साथ चर्चा करेंगे. शाम 4:40 बजे समत्व से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल होंगे. वहीं, रात करीब 8:45 से 9 बजे के बीच भोपाल के जंबूरी मैदान पहुंचकर भोजपाल गरबा महोत्सव में शामिल होंगे.

बृजपुर कन्या विद्यालय में शिक्षकों के बीच विवाद, मारपीट के आरोपों की जांच शुरू
पन्ना जिले के बृजपुर स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक शाला में शिक्षकों के बीच विवाद गहरा गया है. एक महिला शिक्षिका पर अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ अभद्रता और मारपीट के आरोप लगे हैं. वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से नोटिस दिए जाने के दौरान विवाद और बढ़ गया. मामला जिला शिक्षा अधिकारी और पुलिस थाने तक पहुंच गया है. वहीं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायतों के बाद शिक्षा विभाग ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जो स्कूल पहुंचकर मामले की जांच कर रही है.

नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की पूजा, मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
नवरात्रि के पांचवें दिन आज मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप मां स्कंदमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है. भोपाल के प्रमुख देवी मंदिरों में सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है. मंदिरों में विशेष पूजा-पाठ और आरती की तैयारियां की गई हैं. मान्यता है कि मां स्कंदमाता की पूजा से सुख-समृद्धि और संतान सुख की प्राप्ति होती है. मां के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया है.

बुधनी में वन विभाग की कार्रवाई पर गरमाई सियासत
सीहोर जिले के बुधनी स्थित कोसमी बीट में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सवाल उठाने के बाद विपक्ष को भी सरकार पर हमला बोलने का मौका मिल गया है. रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा से भारतीय आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार घटनास्थल पर पहुंचे और आदिवासियों पर अत्याचार का आरोप लगाते हुए संबंधित वन अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की. वहीं, सीहोर कलेक्टर ने जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी है, जिसमें वन विभाग की कार्रवाई को सही बताते हुए मौके पर अतिक्रमण होने की बात कही गई है.



Source link