Jio IPO : कर्ज मुक्‍त कंपनी बनने की ओर है जियो प्‍लेटफॉर्म्‍स : आकाश अंबानी


Last Updated:

Jio Debt : जियो आईपीओ से मिली राशि का इस्‍तेमाल कंपनी का कर्ज चुकाने में होगा. आकाश अंबानी ने कहा कि कंपनी अब कर्जमुक्‍त होने की ओर अग्रसर है. Jio की ओर से कर्ज चुकाने की यह योजना ऐसे समय में आई है, जब कंपनी अपने नेटवर्क के विस्तार पर बड़े निवेश के चरण से आगे बढ़कर अपने ग्राहकों से अधिक कमाई करने पर ध्यान दे रही है.

Top Deals Inside

Jio IPO : कर्ज मुक्‍त कंपनी बनने की ओर है जियो प्‍लेटफॉर्म्‍स : आकाश अंबानी  Zoom

रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास वर्तमान में जियो प्लेटफॉर्म्स की करीब 66.4% हिस्सेदारी है.

नई दिल्‍ली. जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्‍टूबर को लॉन्‍च होगा. आईपीओ से पहले आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई जिसमें जियो के टॉप मैनेजमेंट ने कंपनी और आईपीओ के बारे में अपनी राय रखी. जियो प्‍लेटफॉर्म्‍स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने कहा कि ₹30,213 करोड़ के आईपीओ से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा. कंपनी अब शुद्ध रूप से कर्ज-मुक्त कंपनी बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है. कर्ज कम होने से जियो की बैलेंस शीट मजबूत होगी और इससे कंपनी को विकास के अगले चरण में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी.

जियो प्‍लेटफॉर्म्‍स आईपीओ का IPO प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 तय किया है. आईपीओ 21 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा. प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर 27 करोड़ नए शेयर जारी करके कंपनी ₹30,213 करोड़ जुटाएगी. जियो आईपीओ भारत का सबसे बड़ा आईपीओ होगा. IPO दस्तावेजों के मुताबिक, इससे मिलने वाली शुद्ध राशि में से ₹27,500 करोड़ तक का इस्तेमाल जियो प्‍लेटफॉर्म्‍स की सहायक कंपनी रिलायंस जियो इन्‍फोकॉम के बकाया कर्ज को चुकाने या समय से पहले भुगतान करने के लिए किया जाएगा. बची हुई राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा.

जियो आईपीओ में जारी होंगे केवल नए शेयर

जियो आईपीओ में कोई ऑफर फॉर सेल नहीं होगा. इसमें केवल नए शेयर ही जारी किए जाएंगे. इसलिए IPO से मिलने वाली राशि सीधे कंपनी को मिलेगी, न कि रिलायंस इंडस्ट्रीज या अन्य मौजूदा निवेशकों को. कर्ज घटने से Jio के मुनाफे में भी सुधार हो सकता है. कर्ज कम होने पर ब्याज के खर्च में कमी आने और कंपनी के पास उपलब्ध मुक्त नकदी प्रवाह (Free Cash Flow) बढ़ने की उम्मीद है.

कर्ज घटने से ग्रोथ को मिलेगा बूस्‍ट

Jio की ओर से कर्ज चुकाने की यह योजना ऐसे समय में आई है, जब कंपनी अपने नेटवर्क के विस्तार पर बड़े निवेश के चरण से आगे बढ़कर अपने ग्राहकों से अधिक कमाई करने पर ध्यान दे रही है. इसमें प्रति यूजर औसत राजस्व (ARPU) बढ़ाना, 5G सेवाओं का विस्तार और डिजिटल एप्लिकेशन से कमाई बढ़ाना शामिल है.

आकाश अंबानी ने कहा कि Jio अपने 5G नेटवर्क और स्वदेशी तकनीकी ढांचे को विकसित करने में पहले ही बड़ा निवेश कर चुकी है. यह बुनियादी ढांचा कंपनी के भविष्य के विकास के लिए आधार तैयार करेगा.

अतरिक्‍त सेवाएं देकर कमाई का इरादा

Jio पारंपरिक टेलीकॉम टैरिफ से होने वाली कमाई के अलावा नई डिजिटल सेवाओं के जरिए भी अतिरिक्त राजस्व जुटाने की कोशिश कर रही है. इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े एप्लिकेशन भी शामिल हैं. आकाश अंबानी ने कहा कि कंपनी केवल डेटा टैरिफ बढ़ाने पर निर्भर रहने के बजाय ग्राहकों को अतिरिक्त सेवाएं देकर प्रति ग्राहक अपनी कमाई बढ़ाने के अवसर देख रही है.

(डिस्क्लेमर – नेटवर्क18 और टीवी18 कंपनियां चैनल/वेबसाइट का संचालन करती हैं, जिनका नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है.)



Source link