Last Updated:
यमन के ईरान समर्थित हूतियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाने का दावा किया है. सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने रियाद की ओर दागी गई मिसाइल को रोकने की बात कही. इससे पहले धहरान में सऊदी अरामको के एक ठिकाने पर आग लगने की खबर सामने आई थी.
रियाद में एयरपोर्ट पर हमले का दावा. (फाइल फोटो)
यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के खिलाफ हमले तेज करने की धमकी दी है. ईरान समर्थित हूतियों का दावा है कि उन्होंने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया. वहीं, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने कहा कि उसने रियाद की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही रोक दिया. हूतियों ने सऊदी अरब के एयरपोर्ट और तेल ठिकानों पर आगे भी हमले जारी रखने की चेतावनी दी है. इससे पश्चिम एशिया में पहले से जारी संघर्ष और बढ़ने की आशंका है.
रियाद एयरपोर्ट पर हमले का दावा
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया कि उनके लड़ाकों ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया और निशाना सटीक था. हालांकि, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने बुधवार को कहा कि उसने राजधानी की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को रोक दिया. रियाद में कई तेज धमाकों जैसी आवाजें भी सुनाई दीं. इससे पहले सऊदी अधिकारियों ने संभावित हवाई खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद में हटा लिया गया. फिलहाल यह साफ नहीं है कि राजधानी में सुनाई दी धमाकों की आवाजों की वजह क्या थी. सऊदी अधिकारियों ने इस बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी.
अरामको के ठिकाने पर लगी थी आग
हूतियों ने सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको के ठिकानों को भी निशाना बनाने का दावा किया है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, मंगलवार रात पूर्वी शहर धहरान में अरामको के एक प्रमुख परिसर पर हमले के बाद आग लग गई थी. मामले की जानकारी रखने वाले तीन लोगों ने रॉयटर्स को बताया कि आग कई मंजिलों तक फैल गई थी. हालांकि, सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने आग को सीमित बताया था. सूत्रों के मुताबिक, अरामको का कामकाज सामान्य रूप से जारी था और कर्मचारी घर से काम कर रहे थे. कंपनी ने इस मामले पर रॉयटर्स के सवालों का तत्काल जवाब नहीं दिया. हूतियों ने बुधवार को दावा किया कि उन्होंने धहरान स्थित अरामको के ठिकानों, रियाद एयरपोर्ट और राजधानी में अरामको की एक रिफाइनरी पर बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया. इन सभी दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
एयरपोर्ट और तेल ठिकानों को खाली करने की चेतावनी
हूती विद्रोहियों ने अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनियों, आम नागरिकों और कर्मचारियों से सऊदी अरब के एयरपोर्ट और तेल ठिकानों को खाली करने की अपील की है. उन्होंने इन ठिकानों को अपने लिए निशाना बताया और हमलों को यमन पर सऊदी अरब के हमलों का जवाब करार दिया. रियाद का अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहले भी कई बार हमलों की चपेट में आ चुका है. रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को हुए हमले में 13 लोगों की मौत हुई थी. यह पिछले एक दशक में सऊदी अरब में हुआ सबसे घातक हमला बताया गया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि एयरपोर्ट को 17 अक्टूबर तक बंद कर दिया गया है और कई एयरलाइंस ने सऊदी अरब के लिए उड़ानें रद्द कर दी हैं.