नई दिल्ली. साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत की तमिल एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘जेलर-2’ गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. थलाइवा की 172वीं फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. इसी बीच अभिनेता धनुष ने भी रजनीकांत की फिल्म की तारीफ की है.
अभिनेता धनुष ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म के लिए एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने सभी से फिल्म देखने की अपील करते हुए लिखा, “‘जेलर 2’ जरूर-जरूर-जरूर देखनी चाहिए. ब्लॉकबस्टर है. हर थलाइवा फैन के लिए एक दावत है.”
100 बार देख सकते हैं फिल्म
फिल्म को दर्शकों की तरफ से भी जमकर तारीफ मिल रही है. मदुरै के एक युवा रजनीकांत फैन रजनी विष्णु ने कहा कि ‘जेलर 2’ इतनी मनोरंजक है कि वह इसे 100 बार भी देख सकते हैं. उन्होंने फिल्म की कॉमेडी, अनिरुद्ध रविचंदर के म्यूजिक और सुपरस्टार रजनीकांत की परफॉर्मेंस की तारीफ की.
उन्होंने कहा, “जहां ‘जेलर 1’ में रजनीकांत ने कार सीन में चाकू का इस्तेमाल किया था, वहीं ‘जेलर 2’ में वह बंदूक का इस्तेमाल करते हैं और एक्शन सीक्वेंस भी शानदार हैं.”
सुपरस्टार रजनीकांत के फैन
रजनी विष्णु ने कहा कि वह हमेशा से सुपरस्टार रजनीकांत के फैन थे और रहेंगे. उन्होंने कहा कि ‘कोचाडाइयां’ देखने के बाद वह रजनीकांत के बहुत बड़े फैन बन गए थे, यह उनकी देखी हुई पहली फिल्म थी. उन्होंने यह भी कहा कि उस दिन उनके स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई थी, जिससे वह फिल्म का आनंद ले सके.
फैंस ने की तारीफ
तमिलनाडु से एक फैन ने फिल्म को शानदार बताया. उन्होंने कहा कि 75 साल की उम्र में ऐसी परफॉर्मेंस सिर्फ रजनीकांत जैसा सुपरस्टार ही दे सकते हैं और वह इस फिल्म में उनकी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं. उन्होंने बैकग्राउंड स्कोर, एक्शन सीक्वेंस, इमोशनल सीन, गानों और कोरियोग्राफी की भी जमकर तारीफ की.
‘जेलर’ का सीक्वल
‘जेलर 2’, साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है. इस फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर रिटायर्ड जेलर टाइगर मुथुवेल पांडियन की भूमिका में नजर आए, जो अपराधी नेटवर्क और अपने परिवार को मिल रही धमकियों से जुड़े एक नए खतरनाक संघर्ष में उलझ जाता है.