नई दिल्ली. सुपरस्टार रजनीकांत की मच अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ सिनेमाघरों में 15 अक्टूबर को दस्तक दे चुकी है. इसमें मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल ने एक बार फिर मैथ्यू वाले किरदार में कैमियो किया है. फिल्म में भले ही उनका रोल कुछ ही मिनटों का है, लेकिन उनके कॉस्ट्यूम डिजाइनर जिषाद शमसुद्दीन ने मेकर्स पर भड़ास निकालते हुए खुलासा किया कि मोहनलाल का रोल सीक्वल में काफी बड़ा शूट किया गया था, पर मेकर्स ने एडिट टेबल पर कैंची चला दी. डिजाइनर ने नाराजगी जताते हुए साफ कह दिया कि अगर फिल्म का तीसरा पार्ट बना, तो वो उसमें काम बिल्कुल नहीं करेंगे.
रजनीकांत की ‘जेलर 2’ रिलीज हुई. (फोटो साभार: Instagram@jishadshamsudeen)
‘जेलर 2’ के मेकर्स पर भड़के कॉस्ट्यूम डिजाइनर
जिषाद ने मेकर्स के इस रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मोहनलाल जैसे सुपरस्टार के सीन्स पर कैंची चलाना बिल्कुल बेतुका फैसला था. उन्होंने लिखा, ‘अपने सुपरस्टार को इस तरह स्क्रीन पर कटते देख मुझे गहरा दुख हुआ है. अगर फिल्म का तीसरा पार्ट ‘जेलर 3′ बनता है, तो मैं उसका हिस्सा बिल्कुल नहीं बनूंगा. उन्होंने फैंस से माफी मांगते हुए आगे लिखा कि वे किसी फायदे, 100 करोड़ी क्लब या स्टारडम के लिए नहीं, बल्कि सिर्फ सिनेमा के प्रेमियों और मोहनलाल सर के सम्मान के लिए काम करते हैं.’
खुलासे के बाद मोहनलाल के फैंस का फूटा गुस्सा
डिजाइनर के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर मोहनलाल के फैंस का गुस्सा फूट पड़ा है. ‘जेलर 2’ में उनके छोटे रोल को लेकर बहस छिड़ गई है. पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लोग मेकर्स और डायरेक्टर नेल्सन दिलीपकुमार को जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं. एक फैन ने लिखा, ‘मैं भी यही सोच रहा था कि लालेट्टन का स्क्रीन टाइम इतना कम क्यों?’ वहीं दूसरे यूजर ने नाराजगी जताते हुए लिखा, ‘हम फैंस इस रवैये से बेहद दुखी हैं.’
मोहनलाल के फैन ने डायरेक्टर पर उठाए सवाल
एक फैन ने तो जिषाद के सपोर्ट में आते हुए यहां तक कह दिया, ‘आपके पास वो रीढ़ की हड्डी है जो मोहनलाल सर के साथ रहने वाले बाकी लोगों के पास नहीं है’. वहीं एक और यूजर ने डायरेक्टर पर भड़कते हुए सवाल दागा, ‘डियर डायरेक्टर, जब मोहनलाल सर को ढंग का रोल ही नहीं देना था, तो उन्हें सिर्फ 5 सेकंड के सीन के लिए बुलाने का क्या मतलब था?.’
मोहनलाल ने मैथ्यू के किरदार में जीता दिल
गौरतलब है कि साल 2023 में रिलीज हुई ‘जेलर’ में मोहनलाल के किरदार मैथ्यू की धमाकेदार एंट्री हुई थी. भड़कीली शर्ट्स और स्टाइलिश सनग्लासेस पहने मैथ्यू को एक बड़े तस्कर के तौर पर दिखाया गया था, जो रजनीकांत के किरदार मुथुवेल पांडियन का जिगरी यार है. अब इसके सीक्वल यानी ‘जेलर 2’ में भी इस कैरेक्टर की वापसी हुई है, जहां फिल्म के क्लाइमैक्स में मोहनलाल एक जरूरी सीन में नजर आते हैं. हालांकि, ताजा खुलासों से साफ है कि फिल्म में उनके और भी कई सीन्स शूट किए गए थे, जिन पर बाद में मेकर्स ने कैंची चला दी.