जिंदा जलने से बाल बाल बचे IIT मंडी के छात्र, टैक्सी में भड़की आग, चालक समेत सभी ने कूदकर बचाई जान


Last Updated:

हिमाचल प्रदेश के मंडी में आईआईटी कमांद से आ रही एक टैक्सी में अचानक आग लग गई. टैक्सी में चालक समेत छह प्रशिक्षु सवार थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है

Top Deals Inside

जिंदा जलने से बाल बाल बचे IIT छात्र, टैक्सी में भड़की आग, 7 लोगों की बची जानZoom

मंडी जिले में आईआईटी कमांद से मंडी शहर की ओर आ रही एक टैक्सी में बुधवार को अचानक आग लग गई.

मंडी. हिमाचल प्रदेश में मंडी जिले में आईआईटी कमांद से मंडी शहर की ओर आ रही एक टैक्सी में बुधवार को अचानक आग लग गई. घटना के समय टैक्सी में चालक समेत आईआईटी मंडी के 6 प्रशिक्षु सवार थे. वाहन में आग लगते ही सभी ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आग से टैक्सी पूरी तरह जलकर राख हो गई.

जानकारी के अनुसार, मंडी शहर की पैलेस कॉलोनी निवासी अंकित की टैक्सी उसका भाई राहुल चला रहा था. बताया जा रहा है कि इस टैक्सी को आईआईटी मंडी प्रबंधन ने हायर किया था.

14 अक्तूबर को राहुल छह प्रशिक्षुओं को लेकर कमांद से मंडी की तरफ आ रहा था. इसी दौरान शाम करीब सवा चार बजे कटिंडी से लगभग एक किलोमीटर दूर टैक्सी में अचानक आग भड़क उठी. स्थिति को भांपते हुए चालक और टैक्सी में सवार सभी प्रशिक्षु तुरंत बाहर निकल आए. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैक्सी पूरी तरह जल चुकी थी.


अग्निशमन केंद्र मंडी के फायरमैन प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने से टैक्सी पूरी तरह जलकर राख हो गई है. वहीं उधर, पधर थाना की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण इंजन में शोर्ट सर्किट बताया जा रहा है. उधर, टैक्सी में आग लगने के बाद के वीडियो भी सामने आए हैं. मंडी कटौला-कुल्लू रोड पर यह टैक्सी धू धू कर जलती हुई नजर आई. इस दौरान लोगों ने वीडियो भी बनाए.



Source link