एक्टर इमरान खान को मिला देश छोड़ने का नोटिस, CJP प्रोटेस्ट में शामिल हुए थे आमिर खाने के भांजे, 28 अक्टूबर तक की मोहलत


Last Updated:

आमिर खान के भांजे और अभिनेता इमरान खान कानूनी विवाद में घिर गए हैं. मुंबई पुलिस ने उन्हें 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया है. मामला मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए उस प्रदर्शन से जुड़ा है, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल होने के बाद पुलिस ने इमरान को हिरासत में भी लिया था.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

आमिर खान के भांजे इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस, 28 अक्टूबर तक की मोहलतZoom

इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है

नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर इमरान खान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. एक्टर आमिर खान के भांजे इमरान को मुंबई पुलिस ने भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है. उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है. यह कार्रवाई मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद की गई है.

जानकारी के मुताबिक, इमरान खान मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे. इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई गई थी. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इमरान को हिरासत में भी लिया था. अब इस मामले में मुंबई पुलिस की ओर से उन्हें देश छोड़ने का नोटिस दिए जाने की खबर सामने आई है. नोटिस में 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है.

गर्लफ्रेंड के साथ सीजेआई प्रोटेस्ट में पहुंचे थे इमरान खान

इमरान खान अपनी गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन और फर्स्ट कजिन जैन मैरी खान के साथ मुंबई के ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में आयोजित सीजेआई प्रोटेस्ट में शामिल हुए थे. इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जा रही थी. इसी दौरान पुलिस ने इमरान को हिरासत में लिया था. बाद में पुलिस वैन में बैठे एक्टर का वीडियो भी सामने आया. प्रदर्शन में शामिल होने के बाद उनकी नागरिकता को लेकर चर्चा शुरू हो गई. दरअसल, इमरान भारतीय नहीं, बल्कि अमेरिकी नागरिक हैं. उनका जन्म अमेरिका के विस्कॉन्सिन में हुआ था. उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट और भारत का ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है.

इमरान खान पर क्यों हुई कार्रवाई?

दरअसल, इमरान खान भारतीय नागरिक नहीं हैं. ऐसे में भारत में विरोध प्रदर्शन में कथित तौर पर शामिल होने को लेकर उनके खिलाफ इमिग्रेशन एक्ट के संबंधित प्रावधान के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस की ओर से जारी नोटिस इसी मामले से जुड़ा बताया जा रहा है.

किरीट सोमैया ने जताई थी आपत्ति

इमरान खान के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पर बीजेपी के पूर्व नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी आपत्ति जताई थी. उन्होंने इमिग्रेशन अधिकारियों और केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर एक्टर के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की मांग की थी. सोमैया ने सवाल उठाया था कि ओसीआई कार्ड धारक और अमेरिकी नागरिक होने के बावजूद इमरान भारत की घरेलू राजनीति से जुड़े प्रदर्शनों में क्यों हिस्सा ले रहे हैं. उन्होंने मुंबई पुलिस से मामले की जांच कर एक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की थी.

आमिर खान के भांजे हैं इमरान

इमरान खान बॉलीवुड एक्टर आमिर खान के भांजे हैं. उन्होंने हिंदी फिल्मों में बतौर एक्टर अपनी पहचान बनाई थी. वह ‘जाने तू… या जाने ना’, ‘आई हेट लव स्टोरीज’ और ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं.

इमरान खान की प्रतिक्रिया का इंतजार

फिलहाल, इमरान खान को जारी कथित नोटिस को लेकर चर्चा तेज है. इस मामले में आगे क्या कानूनी कदम उठाए जाते हैं और एक्टर की तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सबकी नजर रहेगी.



Source link