उंगली मत उठाओ… मयंक-अर्शदीप सिंह के सपोर्ट में आए संजू, आलोचकों को दिया जवाब
Last Updated:
वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 में मिली हार के बाद संजू सैमसन ने गेंदबाजों का बचाव किया. मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 247 रन कूट दिए थे. भारत की तरफ से मयंक यादव और अर्शदीप सिंह ने अपने चार ओवरों के स्पेल में 52-52 रन कूट दिए. रनों पर अंकुश नहीं लगा पाने के कारण वेस्टइंडीज ने भारत को एक चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया.
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन
नई दिल्ली: संजू सैमसन की अर्धशतकीय पारी के बावजूद टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 में 24 रन से हार मिली. टीम इंडिया को मिली इस हार के बाद गेंदबाजों की जमकर आलोचना हुई, लेकिन संजू सैमसन ने उनका बचाव किया. संजू ने कहा कि उभरते हुए तेज गेंदबाज अनुभव हासिल करने के साथ बेहतर होते जाएंगे. वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद तीन विकेट पर 247 रन बनाए जिसके जवाब में भारतीय टीम 19.3 ओवर में 223 रन पर आउट हो गई. वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान शाई होप ने 50 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए और कीमो पॉल ने पांच विकेट लिए जिससे वह पांच मैचों की श्रृंखला को 2-2 से बराबर करने में सफल रहा.
सैमसन ने माना कि भारत के पास जसप्रीत बुमराह का कोई विकल्प नहीं है जिन्हें विश्राम दिया गया है. उन्होंने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘उनके जैसे गेंदबाज विरले ही पैदा होते हैं और हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास उनके जैसा गेंदबाज है. लेकिन हमारे पास कुछ अच्छे युवा तेज गेंदबाज हैं. अर्शदीप सिंह शानदार प्रदर्शन कर रहा है और पिछले कुछ मैचों में प्रिंस यादव की गेंदबाजी बेहद प्रभावशाली रही है.’’ सैमसन ने कहा, ‘‘हमारे पास वास्तव में कुछ प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं और हम उन्हें जितना अधिक खेलने का मौका देंगे उतना ही वह बेहतर होते जाएंगे.’’
मयंक यादव और अर्शदीप सिंह गेंदबाजी में रहे महंगे
भारतीय गेंदबाज वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे. मयंक यादव और अर्शदीप सिंह ने अपने-अपने चार ओवरों में 52-52 रन लुटाए. भारतीय पारी के आखिरी ओवर में शमर जोसेफ की शॉर्ट पिच गेंद अर्शदीप की बाई बांह पर लगी जिसके कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा. सैमसन ने होप की पारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वेस्टइंडीज के कप्तान ने संयम के साथ बल्लेबाजी की.
उन्होंने कहा, ‘‘वह बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है. जिस तरह से वह खेल रहा है उसका पूरा श्रेय उसे जाता है. हम निश्चित तौर पर उस पर अंकुश लगाने के तरीके ढूंढ रहे हैं.’’ सैमसन ने बड़े लक्ष्य के सामने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई तथा 23 गेंद पर 56 रन बनाए, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल थे. कीमो पॉल ने पांचवें ओवर में सैमसन और ईशान किशन को आउट कर दिया, जिसके बाद वेस्टइंडीज ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.
तिलक वर्मा का आउट होना मैच टर्निंग पॉइंट रहा- संजू
सैमसन ने कहा कि तिलक वर्मा का आउट होना निर्णायक साबित हुआ क्योंकि तब भारत मुकाबले में बना हुआ था. तिलक ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि तिलक का आउट होना निर्णायक मोड़ था क्योंकि तब वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे. तिलक और नीतीश कुमार रेड्डी गेंदबाजों पर दबाव बना रहे थे.’’ सैमसन ने ईशान किशन और अभिषेक शर्मा का भी समर्थन किया जो इस मैच में अपना प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे.
उन्होंने कहा, ‘‘ईशान और अभिषेक शर्मा दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शामिल हैं. एक मैच में नहीं चलने से उन्हें कम करके नहीं आंका जा सकता.’’ सैमसन ने कहा कि टीम शनिवार को बेंगलुरु में होने वाले पांचवें और निर्णायक मैच में वापसी करके श्रृंखला जीतने के लिए प्रतिबद्ध है.