Last Updated:
Ujjain News: उज्जैन में गैंगवार की रंजिश में मोहननगर इलाके में एक गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है. यह पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है. पुलिस ने गुर्जर गैंग से जुड़े हुए अनमोल गुर्जर और उसके तीन साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि अनमोल एक व्यक्ति को दुर्लभ गैंग का साथ छोड़ने की बात कह रहा था.
उज्जैन में गैंगवार की रंजिश
Ujjain News: उज्जैन में गैंगों के बीच रंजिश का मामला सामने आया है. जहां गुर्जर गैंग के बदमाशों ने मोहन नगर में एक स्कॉर्पियो गाड़ी में तोड़फोड़ की है और दहशत फैलाई है. बताया जा रहा है कि गुर्जर गैंग से जुड़े हुए अनमोल गुर्जर उसके साथियों ने एक व्यक्ति की गाड़ी में इस वजह से तोड़ फोड़ की है क्योंकि वह दुर्लभ गैंग के बदमाश डोरेमोन का साथ नहीं छोड़ रहा था. अब पुलिस ने अनमोल गुर्जर और उसके तीन साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में की तोड़फोड़
बताया जा रहा है कि मोहननगर के रहने वाले मदनलाल तला की स्कॉर्पियो गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी. सुबह करीब 6 बजे कुख्यात बदमाश अनमोल गुर्जर अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और मदनलाल के बेटे शिवम को आवाज लगाई. शिवम के बाहर आने पर अनमोल ने उसे दुर्लभ कश्यप गैंग के बदमाश डोरेमोन का साथ छोड़ने की बात कही. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. इसके बाद अनमोल गुर्जर और उसके साथियों ने शिवम के पिता की स्कॉर्पियो के कांच फोड़ दिए और धमकी देकर मौके से फरार हो गए.
पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनमें बदमाश गाड़ी में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं. फुटेज के आधार पर अनमोल के एक साथी राज की पहचान भी हुई है. पुलिस ने ढांचाभवन क्षेत्र में दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार मिले. बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में अनमोल की कमर में पिस्टल भी दिखाई दे रही है.
पहले गुर्जर गैंग के साथ था शिवम
चिमनगंज थाना के एसआई जयदीप राठौर के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि शिवम पहले गुर्जर गैंग के साथ था, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद वह दुर्लभ कश्यप गैंग के साथ रहने लगा था. अब अनमोल उससे दुर्लभ कश्यप गैंग का साथ छोड़ने के लिए कह रहा था.
अनमोल गुर्जर पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस की तरफ से बताया गया है कि अनमोल गुर्जर पर कई संगीन मामले दर्ज हैं. वह फिलहाल देवासगेट थाना क्षेत्र में दर्ज जानलेवा हमले के मामले में फरार बताया जा रहा है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.