indore News: पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज का प्रधान आरक्षक निकला करोड़पति! लोकायुक्त की रेड, 6.26 करोड़ की संपत्ति का खुलासा


Last Updated:

Indore Disproportionate Assets Case: इंदौर में आज लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. आय से अधिक संपत्ति के मामले में इंदौर के पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के 15 ठिकानों पर छापामारी की गई. उनके पास आय से 223 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का दावा किया गया है. उनके 4 इंदौर और 11 देवास के ठिकानों पर ये कार्रवाई की गई है.

Top Deals Inside

पुलिस प्रधान आरक्षक के यहां लोकायुक्त की रेड, 6.26 करोड़ की संपत्ति का खुलासाZoom

पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा

मिथिलेश कुमार/इंदौर. मध्य प्रदेश में लोकायुक्त ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय, इंदौर में पदस्थ प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है. बुधवार सुबह 6 बजे लोकायुक्त इंदौर और उज्जैन की टीम ने इंदौर और देवास में 15 अलग-अलग लोकेशन पर एक साथ सर्चिंग शुरू की. शुरुआती जांच में फिरोज खान के पास आय से 223 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है.

लोकायुक्त की जांच के मुताबिक, फिरोज खान की कुल आय करीब 1 करोड़ 93 लाख 84 हजार रुपए आंकी गई है, जबकि उनके पास करीब 6 करोड़ 26 लाख 67 हजार रुपए की अनुपातहीन संपत्ति होने की जानकारी सामने आई है.

DSP इंदौर लोकायुक्त सुनील तालान ने बताया है कि इंदौर और उज्जैन संभाग की 8 टीमें 15 अलग-अलग स्थानों पर सर्च कर रही हैं. देवास में 4 और इंदौर में 3 टीमें फिरोज खान के ठिकानों पर मौजूद हैं. मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सर्च अभी जारी है.

मकान, फ्लैट, जमीन और फर्म तक जांच
लोकायुक्त की टीमें फिरोज खान के देवास स्थित आवास के साथ इंदौर के अलग-अलग इलाकों में मकानों और फ्लैटों की तलाशी ले रही हैं. देवास और आसपास कृषि भूमि, प्लॉट और व्यावसायिक संपत्तियों को भी जांच के दायरे में लिया गया है. कुल 15 ठिकानों में से 4 इंदौर और 11 देवास में हैं.

परिचित महिला के नाम जमीन का एग्रीमेंट
शिकायत के अनुसार, फिरोज खान पर विवादित जमीनों और प्लॉटों के लेनदेन में हस्तक्षेप करने और अपनी पत्नी, मां और परिचित महिला रोशनी वर्मा के नाम संपत्तियां खरीदने के आरोप हैं. जांच में रोशनी वर्मा के नाम करीब 21.75 बीघा कृषि भूमि का एग्रीमेंट सामने आया है. लोकायुक्त के मुताबिक, इस जमीन को परोक्ष रूप से फिरोज खान द्वारा खरीदे जाने की बात जांच में सामने आई है.

जांच के घेरे में करोड़ों के लेनदेन वाली फर्म
जांच में फिरोज खान के परिवार से जुड़ी साहिल ट्रेडिंग कंपनी, रोशनी वर्मा की रोशनी सेल्स एंड सर्विस और रियल एस्टेट निवेश से जुड़ी रॉयल ग्रीन रियल एस्टेट फर्म का भी जिक्र है. इन फर्मों के जरिए हुए लेनदेन और संपत्तियों की जांच की जा रही है.

फिलहाल लोकायुक्त की टीमें इंदौर और देवास के अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों, संपत्तियों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही हैं. तलाशी पूरी होने के बाद संपत्तियों और अन्य बरामदगी की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है.



Source link