Last Updated:
India Pride : दुनियाभर में निवेश करने वाली फर्म ब्लैकस्टोन के चेयरमैन का कहना है कि भारत की ग्रोथ दुनिया में सबसे ज्यादा है. आने वाली सदी भारत के नाम होगी और इसी भरोसे के साथ उनकी कंपनी अपना निवेश भी दोगुना करने की तैयारी में है. जॉन ग्रे ने कहा कि उनकी कंपनी अगले 5 साल में कुल निवेश 100 अरब डॉलर तक पहुंचाएगी, जो अभी करीब 50 अरब डॉलर है. भारत के कई सेक्टर्स में ग्रोथ की असीम संभावनाएं हैं.
ब्लैकस्टोन के चेयरमैन ने भारत की इकनॉमी पर भरोसा जताया है.
नई दिल्ली. दुनिया की दिग्गज निवेश कंपनी ब्लैकस्टोन को भारत का भविष्य काफी उज्जवल दिख रहा है. कंपनी के प्रेसिडेंट जॉन ग्रे ने तो यहां तक कह दिया कि अगली सदी भारत के नाम होगी. ग्रे ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था अभी सही दिशा में है और इसी भरोसे पर उनकी कंपनी अगले 5 साल में अपना निवेश बढ़ाकर दोगुना करने वाली है. अभी कंपनी का भारत में निवेश 50 अरब डॉलर का है, जिसे अगले 5 साल में 100 अरब डॉलर यानी करीब 9.6 लाख करोड़ रुपये किया जाएगा.
जॉन ग्रे ने CNBC-TV18 को बताया कि ग्लोबल मार्केट में जारी उठापटक के बावजूद भारत की ग्रोथ काफी बेहतर है. ब्लैकस्टोन को भारत के रियल एस्टेट, डिजिटल इन्फ्रा, फाइनेंशियल सिर्वसेज, हेल्थकेयर और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में काफी अवसर दिख रहे हैं. कंपनी का कहना है कि देश में बढ़ते मिडिल क्लास और तेज ग्रोथ की वजह से निवेश करना बेहतर मौका साबित हो सकता है. जैसे-जैसे इकनॉमी ग्रोथ करेगी और सरकार की नीतियां सपोर्ट करेंगी, विदेशी निवेशक भी भारत में अपना निवेश बढ़ाते जाएंगे. यही वजह है कि भारत के मामले में उनकी फर्म लॉन्ग टर्म वाला अप्रोच अपनाएगी.
अगली सदी भारत के नाम
ग्रे ने बताया कि ब्लैकस्टोन का भारत पर भरोसा कायम रहेगा. भारत की जीडीपी और प्रति व्यक्ति आय करीब 3 हजार डॉलर पहुंच रही है, जो अमेरिका के मुकाबले 30वां हिस्सा है. लेकिन, शिक्षा और प्रशिक्षित कामगारों की बढ़ती संख्या की वजह से भारत का आंकड़ा बढ़ता दिख रहा है. पेशेवर तैयार करने के साथ तकनीकी ग्रोथ और इन्फ्रा का विकास भी तेजी से हो रहा है. अगर अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नजरिये से देखा जाए तो भारतीय अर्थव्यवस्था काफी आगे है. भारत में निवेश करना आने वाले समय में तेज ग्रोथ को सपोर्ट करता है.
कमाल का है भारत का पूंजी बाजार
ग्रे ने भारत के पूंजी बाजार को बेहतरीन असेट बताया है. उन्होंने कहा कि आईपीओ के फ्लो से पता चलता है कि तमाम चुनौतियों के बावजूद भारत का शेयर बाजार मजबूत स्थिति में है. ब्लैकस्टोन ने अभी तक करीब 14 आईपीओ में निवेश किया है और 6 रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट में से 5 में पैसे लगाए हैं. बाजार में काफी लिक्विडिटी है, जो लंबी अविध में बाजार की ग्रोथ के लिए काफी मायने है. उन्होंने कहा कि शॉर्ट टर्म में भले ही बाजार में गिरावट दिख रही है, लेकिन लंबी अवधि में यह काफी तेज ग्रोथ हासिल कर सकता है.