हरियाणाः हिसार में 7वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, माथे पर लगी थी गोली, दोस्त के घर गया था दैविक


Last Updated:

Hisar Student Death: हरियाणा के हिसार में दोस्त के घर घड़ी तलाशते समय अचानक चली गोली से 12 वर्षीय छात्र दैविक गोयल की मौत हो गई. आदमपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Top Deals Inside

7वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, माथे पर लगी थी गोली, दोस्त के घर गया था दैविकZoom

विनोद सैनी

हिसार. हरियाणा के हिसार जिले के मंडी आदमपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 12 वर्षीय छात्र देविक गोयल की गोली लगने से मौत हो गई. दैविक सातवीं कक्षा में पढ़ता था. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. पूरा मामला संदिग्ध बना हुआ है.

जानकारी के अनुसार, दैविक अपने दोस्त के घर गया हुआ था. वहां अलमारी में किताबों के बीच रखे एक छोटे बॉक्स में गन मिली. गन को लेकर बातचीत के दौरान अचानक गोली चल गई, जो देविक के माथे में जा लगी. हादसे में उसकी मौत हो गई.

सूत्रों से मिली जानकारी से देविक एक निजी स्कूल में पढ़ता था और अगले दो से चार दिनों में उसके स्कूल का टूर जाना था. इसी सिलसिले में वह अपने दोस्त के घर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि दोस्त ने उसे अपनी घड़ी नहीं मिलने की बात बताई. जिसके बाद दोनों घर में घड़ी तलाशने लगे. घड़ी तलाशते समय दोनों ने अलमारी खोली. वहां किताबों के बीच एक छोटा बॉक्स रखा हुआ था.

बताया जा रहा है कि बॉक्स खोलने पर उसमें गन मिली. देविक ने गन को लेकर सवाल किया. इसी दौरान अचानक गोली चल गई और उसके माथे में जा लगी. गोली लगने से उसकी मौत हो गई. परिजन भी इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है. परिजनों को भी नहीं पता यह घटना कैसे हुई है.

पुलिस कर रही है मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर आदमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गन किसकी थी और किन परिस्थितियों में गोली चली. मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम और कानूनी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.



Source link