चने के खेत में लगाएं गेंदा, कीट होंगे दूर और फूल बेचकर होगी एक्स्ट्रा कमाई
Last Updated:
Chana Marigold Intercropping: खरगोन जिले में कृषि विशेषज्ञों के अनुसार चने की फसल के साथ गेंदा फूल लगाने से किसानों को कीटों से बचाव और अतिरिक्त आमदनी का लाभ मिल सकता है. इससे रासायनिक दवाओं का खर्च भी कम होता है.
Chana Marigold Intercropping: रबी सीजन की शुरुआत के साथ ही किसान खेतों की तैयारी में जुट गए हैं. खरगोन जिले में चने की खेती बड़े पैमाने पर होती है. बाजार में अच्छी मांग रहती है और अपेक्षाकृत कम लागत के कारण भी किसान इसे पसंद करते हैं. हालांकि, कई बार फसल में इल्ली और दूसरे कीटों का प्रकोप उत्पादन घटा सकता है. कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि, ऐसे में किसानों के लिए चने के साथ गेंदा फूल लगाना फायदे का सौदा हो सकता है. इससे मुख्य फसल को कीटों से बचाने में मदद मिलने के साथ फूलों की बिक्री से अतिरिक्त आमदनी का मौका भी मिलेगा. रासायनिक दवाओं पर खर्च भी घट सकता है.
खरगोन के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजीव सिंह के अनुसार, किसान चने की फसल के साथ गेंदा लगाकर एक ही खेत से दो तरह की उपज प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए खेत की मेड़ों या उपयुक्त खाली जगहों का इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे खेत की उपलब्ध जगह का बेहतर इस्तेमाल होगा और चने की फसल के साथ फूलों की पैदावार भी ली जा सकेगी. चूंकि, गेंदा फूल की बाजार में मांग रहने से किसान इसकी बिक्री कर अतिरिक्त कमाई कर सकते हैं. खासकर त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और शादी-विवाह के सीजन में फूलों की मांग बढ़ने से किसानों को फायदा मिलने की संभावना रहती है.
कीटों को आकर्षित करता है गेंदा
चने की फसल में इल्ली और दूसरे नुकसानदायक कीट किसानों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं. इनके प्रकोप से पौधों और फलियों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे उत्पादन प्रभावित होता है. कृषि वैज्ञानिक के मुताबिक, गेंदा कुछ कीटों को अपनी ओर आकर्षित करने वाली ट्रैप क्रॉप (Trap Crop) के रूप में काम कर सकता है. इससे कीटों की निगरानी करने और उनके प्रबंधन में मदद मिलती है. किसानों को मुख्य फसल में कीटों के प्रकोप की पहचान करने और समय पर नियंत्रण के उपाय अपनाने में सहूलियत होती है.
कीटनाशकों पर खर्च घटाने में मिलेगी मदद
गेंदा को चने के साथ लगाने का एक फायदा यह भी है कि खेत में कीटों के प्रबंधन के लिए रासायनिक दवाओं का चिकड़ाव भी कम करना पड़ेगा. इससे दवाओं का खर्च भी बचेगा. चने के साथ गेंदा लगाने का एक बड़ा फायदा अतिरिक्त भी उपज है. किसान गेंदा के फूलों को स्थानीय बाजार, फूल विक्रेताओं और धार्मिक आयोजनों में बेच सकते हैं. इस तरह किसान चने की फसल से होने वाली कमाई के साथ फूलों की बिक्री से भी आय प्राप्त कर सकते हैं.