Last Updated:
माधुरी दीक्षित के कई गाने ऐसे हैं, जिनका जादू तीन दशक बाद भी कम नहीं हुआ है. उनकी अदाएं, डांस और पर्दे पर शरारत भरा अंदाज आज भी लोगों को खूब पसंद आता है. लेकिन 1994 में आई एक पारिवारिक फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ के मशहूर गाने ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ में माधुरी को एक छोटा-सा सीन शूट करने के लिए बार-बार कोशिश करनी पड़ी थी. दिलचस्प बात यह है कि इस सीन को लेकर मेकर्स भी असमंजस में थे.
1994 में आई ये फिल्म ‘नदिया के पार’ की कहानी से इंस्पायर्ड थी. फाइल फोटो.
नई दिल्ली. माधुरी दीक्षित की फिल्म ‘हम आपके हैं कौन..!’ बॉलीवुड की उन फिल्मों में शामिल है, जिनके गाने और सीन आज भी दर्शकों को याद हैं. साल 1994 में रिलीज हुई इस फिल्म में माधुरी और सलमान खान की जोड़ी को खूब पसंद किया गया था। फिल्म का गाना ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ भी काफी हिट हुआ था. इस गाने में माधुरी का अंदाज और उनके कई सीन आज भी लोगों के बीच चर्चा में रहते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस गाने के एक खास सीन को शूट करने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी?
दरअसल, फूल और गुलेल वाले इस सीन को सही तरीके से फिल्माने के लिए करीब 10 से 15 रीटेक लेने पड़े थे. फिल्म के मेकर्स को शुरुआत में यह भी चिंता थी कि कहीं यह सीन पर्दे पर अजीब न लगे. हाल ही में माधुरी दीक्षित ने मराठी रियलिटी शो ‘कोण होणार करोड़पति’ में फिल्म से जुड़ा यह दिलचस्प किस्सा सुनाया.
इस सीन को लेकर काफी परेशान थे मेकर्स
शो के दौरान हॉट सीट पर बैठीं कंटेस्टेंट प्राजक्ता तावड़े ने एक्ट्रेस को खास सरप्राइज दिया. प्राजक्ता कथक डांसर हैं और वह फिल्म ‘हम आपके हैं कौन…!’ में माधुरी के एक आइकॉनिक लुक में नजर आईं. उनके इस अंदाज को देखकर माधुरी को फिल्म की शूटिंग के पुराने दिन याद आ गए. इसके बाद उन्होंने गाने ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ के फूल और गुलेल वाले सीन के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि पर्दे पर यह सीन भले ही आसान और मजेदार नजर आता हो, लेकिन इसकी शूटिंग के दौरान कई मुश्किलें आई थीं.
माधुरी दीक्षित ने दिए 10-15 रीटेक
माधुरी ने कहा, ‘इस सीन को सही तरीके से शूट करने में हमें करीब 10 से 15 रीटेक लगे थे. कभी हमारा निशाना चूक जाता था, कभी फूल टूट जाता था और कभी वह गुलेल से निकलकर दूर उड़ जाता था.’ एक्ट्रेस ने कहा, ‘मेकर्स इस सीन को लेकर काफी परेशान थे. वे सोच रहे थे कि कहीं यह खराब तो नहीं लगेगा या दर्शकों को अजीब तो नहीं लगेगा. कोरियोग्राफर्स और मैंने उन्हें समझाया कि यह कैमरे के एंगल पर निर्भर करता है और देखने में बहुत प्यारा लगेगा. हमने उन्हें भरोसा दिलाया कि हम इस सीन को क्यूट तरीके से शूट करेंगे. आखिरकार सीन शूट हुआ और यह बहुत खूबसूरत बना.’
1994 की सबसे कमाऊ फिल्म
बता दें कि सूरज आर. बड़जात्या के निर्देशन में बनी ‘हम आपके हैं कौन…’ साल 1994 में रिलीज हुई थी. फिल्म में माधुरी दीक्षित और सलमान खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे. परिवार, प्यार और रिश्तों पर बनी इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और समय के साथ यह कल्ट क्लासिक बन गई. फिल्म में अनुपम खेर, रीमा लागू, आलोक नाथ, रेणुका शहाणे, मोहनीश बहल, बिंदु, हिमानी शिवपुरी, लक्ष्मीकांत बेर्डे और सतीश शाह समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में थे. फिल्म के गाने आज भी पसंद किए जाते हैं. खासकर ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ अपनी धुन और माधुरी के अंदाज के लिए आज भी याद किया जाता है.