Last Updated:
Udaipur Illegal Cannabis Cultivation: उदयपुर जिले के मांडवा इलाके में पुलिस, एनसीबी और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में करीब 100 बीघा जमीन पर अवैध गांजे की खेती पकड़ी गई है. पुलिस के अनुसार, गांजे की फसल की अनुमानित कीमत 300 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है. जांच में सामने आया कि कुछ खेतों में मक्का, कपास और अरंडी की फसलों के बीच गांजा उगाया जा रहा था, जबकि कई खेतों में केवल गांजे की खेती की जा रही थी. कार्रवाई की भनक लगते ही खेत मालिक मौके से फरार हो गए. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
उदयपुर जिले के मांडवा इलाके में पुलिस, एनसीबी और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में गांजा की खेती का खुलासा
उदयपुर. राजस्थान में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उदयपुर जिले के मांडवा इलाके में पुलिस, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त कार्रवाई की है. इस दौरान करीब 100 बीघा जमीन पर अवैध रूप से की जा रही गांजे की खेती का खुलासा हुआ है. खेतों में खड़ी गांजे की फसल की अनुमानित कीमत 300 करोड़ रुपये से भी अधिक आंकी जा रही है. इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की खेती सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं. कार्रवाई की भनक लगते ही खेत मालिक मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मांडवा क्षेत्र में कुछ किसान मक्का, कपास और अरंडी जैसी फसलों के साथ गांजे की खेती कर रहे थे. वहीं, कई खेत ऐसे भी सामने आए, जहां दूसरी फसलों के बजाय केवल गांजा ही उगाया जा रहा था. बड़े क्षेत्र में फैली इस अवैध खेती का खुलासा होने के बाद संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं.
कार्रवाई की भनक लगते ही फरार हुए खेत मालिक
संयुक्त टीम ने इलाके में कार्रवाई कर अवैध खेती का पता लगाया. गांजे की फसल की कीमत 300 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है. हालांकि, अंतिम आकलन और जांच के बाद ही जब्त फसल की वास्तविक मात्रा तथा कीमत स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस और अन्य एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई के दौरान खेत मालिकों के मौके पर नहीं मिलने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि कार्रवाई की सूचना मिलते ही वे वहां से फरार हो गए. अब पुलिस उनकी पहचान और तलाश में जुटी है. आरोपियों तक पहुंचने के लिए खेती से जुड़े लोगों और जमीन के इस्तेमाल से संबंधित पहलुओं की जांच की जा रही है.
100 बीघा में लगे गांजे की फसल की अनुमानित कीमत 300 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है
नशे के कारोबारियों में मचा हड़कंप
मांडवा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गांजे की खेती पकड़े जाने के बाद इलाके में अवैध नशे के कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है. पुलिस और नारकोटिक्स से जुड़ी एजेंसियां लगातार कार्रवाई कर रही है. इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. अब जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि गांजे की खेती किन लोगों की देखरेख में की जा रही थी और तैयार फसल को कहां खपाने की योजना थी. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अवैध खेती से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका के बारे में पता लग सकेगा.