India Post GDS Cut Off 2026: इंडिया पोस्ट जीडीएस भर्ती की पहली मेरिट लिस्ट में इस बार गजब का अंतर देखने को मिला है. एक तरफ यूपी में जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों को 100 फीसदी अंक लाने पर ही जगह मिली है, तो दूसरी तरफ इसी राज्य में महज 83.5 फीसदी अंक पाने वाले उम्मीदवार का भी चयन हो गया है. बिहार में भी कई जगह 99 फीसदी से ज्यादा अंक वालों का दबदबा रहा.ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इतने कम नंबर पर चयन कैसे हुआ और किस राज्य में किस कैटेगरी की कटऑफ कितनी गई? दरअसल जीडीएस भर्ती में कटऑफ राज्य, पोस्ट ऑफिस, पद और आरक्षण श्रेणी के हिसाब से अलग-अलग रहती है.इंडिया पोस्ट ने 23,757 पदों पर भर्ती के लिए पहली मेरिट लिस्ट जारी की है. आइए जानते हैं यूपी, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश और झारखंड में किस पद पर कितने अंकों पर चयन हुआ…
पहली मेरिट लिस्ट जारी, 23757 पदों पर होगी भर्ती
भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) भर्ती के जुलाई 2026 सत्र का रिजल्ट जारी कर दिया है. इस भर्ती के जरिए देशभर में कुल 23,757 पद भरे जाने हैं. इनमें ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पद शामिल हैं.जिन उम्मीदवारों ने इस भर्ती के लिए आवेदन किया था, वे इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट indiapost.gov.in/gdsonlineengagement पर जाकर अपने सर्कल की पहली मेरिट लिस्ट देख सकते हैं. मेरिट लिस्ट में चयनित उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ उनके अंक और संबंधित पोस्ट ऑफिस की जानकारी भी दी गई है. पहली मेरिट लिस्ट की कटऑफ पर नजर डालें तो ज्यादातर राज्यों में मुकाबला बेहद कड़ा रहा है. खासकर सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कई सर्कलों में 100 फीसदी अंक होने पर ही चयन हुआ है हालांकि एसटी और कुछ अन्य आरक्षित श्रेणियों में कम अंकों पर भी उम्मीदवारों को मौका मिला है.
यूपी में 83.5 फीसदी अंक पर भी चयन, जानें कहां मिली जगह
उत्तर प्रदेश सर्कल की मेरिट लिस्ट में सबसे ज्यादा चर्चा फतेहगढ़ डिविजन के रोहिला ब्रांच पोस्ट ऑफिस की हो रही है. यहां असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) के पद पर अनुसूचित जनजाति यानी एसटी वर्ग के उम्मीदवार का चयन 83.5 फीसदी अंकों पर हुआ है. इस पद की पोस्ट आईडी 30364859 है. इसी तरह बागपत डिविजन के गोगवान ब्रांच पोस्ट ऑफिस में एसटी वर्ग के उम्मीदवार का चयन 85.5 फीसदी अंकों पर हुआ है. फतेहगढ़ डिविजन के गेसिंहपुर ब्रांच पोस्ट ऑफिस में भी इसी वर्ग की कटऑफ 87.6 फीसदी दर्ज की गई है.
बीपीएम पद की बात करें तो बहराइच डिविजन के गूर ब्रांच पोस्ट ऑफिस में एसटी वर्ग के उम्मीदवार का चयन 88.6667 फीसदी अंकों पर हुआ है. इस पद की पोस्ट आईडी 30412701 है. इसके अलावा कानपुर मफोसील डिविजन के ओसिया बीओ में एसटी वर्ग की कटऑफ 91.6667 फीसदी और कानपुर सिटी डिविजन के भरू बीओ में 95 फीसदी रही है.
डाक सेवक पद पर भी एसटी वर्ग के कुछ उम्मीदवारों को अपेक्षाकृत कम अंकों पर मौका मिला है. कानपुर सिटी डिविजन के सरसौल सब पोस्ट ऑफिस में एसटी वर्ग की कटऑफ 92.15 फीसदी रही. इस पद की पोस्ट आईडी 30771337 है. वहीं मुरादाबाद डिविजन के पीपलसाना आरएस सब पोस्ट ऑफिस में इसी वर्ग की कटऑफ 93.3333 फीसदी दर्ज हुई है.
उत्तर प्रदेश में जनरल कैटेगरी की कटऑफ 100 फीसदी
उत्तर प्रदेश में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए मुकाबला काफी मुश्किल रहा है. पहली मेरिट लिस्ट के विश्लेषण के मुताबिक अनारक्षित यानी यूआर श्रेणी में सभी डिविजनों और पोस्ट ऑफिसों में चयनित उम्मीदवारों के अंक 100 फीसदी दर्ज किए गए हैं.
एबीपीएम पद की कटऑफ: आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बहराइच, बलिया, बस्ती, बिजनौर, बुलंदशहर, देवरिया, एटा, इटावा, गाजियाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, जौनपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मैनपुरी, मथुरा, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, सहारनपुर, शाहजहांपुर, सीतापुर, सुल्तानपुर और वाराणसी समेत सभी डिविजनों में सामान्य वर्ग के एबीपीएम पदों की न्यूनतम कटऑफ 100 फीसदी रही है.
बीपीएम पद की कटऑफ: उत्तर प्रदेश के सभी डिविजनों में सामान्य वर्ग के लिए ब्रांच पोस्टमास्टर पद की कटऑफ भी 100 फीसदी दर्ज की गई है. यानी पहली सूची में इन पदों पर केवल पूरे अंक पाने वाले उम्मीदवारों को ही जगह मिली है.
डाक सेवक पद की कटऑफ: सब पोस्ट ऑफिस और हेड पोस्ट ऑफिस में सामान्य वर्ग के डाक सेवक पदों पर भी चयनित सभी उम्मीदवारों के अंक 100 फीसदी रहे हैं.
यूपी में ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ भी काफी ऊंची रही है. अधिकांश मंडलों में इन श्रेणियों की कटऑफ 98 से 100 फीसदी के बीच दर्ज हुई है. एससी वर्ग में ज्यादातर पोस्ट ऑफिसों की कटऑफ 96 से 100 फीसदी के बीच रही है.
बिहार में भी 99 से 100 फीसदी तक पहुंची कटऑफ
बिहार सर्कल में भी पहली मेरिट लिस्ट में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए मुकाबला काफी कड़ा रहा है. पटना, बेगूसराय, औरंगाबाद, भागलपुर, भोजपुर, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर और वैशाली जैसे प्रमुख मंडलों में अनारक्षित और ओबीसी वर्ग के कई पदों पर 100 फीसदी अंक पाने वाले उम्मीदवारों का चयन हुआ है.
सामान्य वर्ग में एबीपीएम की कटऑफ: वैशाली मंडल के सलेमपुर दुमरिया ब्रांच पोस्ट ऑफिस में एबीपीएम पद पर सामान्य वर्ग की न्यूनतम कटऑफ 99.2308 फीसदी दर्ज की गई है.
बीपीएम पद की कटऑफ: वैशाली मंडल के सिरसबिरन ब्रांच पोस्ट ऑफिस में सामान्य वर्ग के बीपीएम पद पर न्यूनतम कटऑफ 99.3333 फीसदी रही है.
डाक सेवक पद की कटऑफ: आरएमएस एनबी मंडल के दरभंगा आरएमएस टीएमओ में सामान्य वर्ग के डाक सेवक पद पर सबसे कम कटऑफ 96.6154 फीसदी दर्ज हुई है.
ओबीसी वर्ग की कटऑफ: बिहार में अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों की कटऑफ भी सामान्य वर्ग के आसपास रही है. ज्यादातर जगहों पर यह 99 से 100 फीसदी के बीच रही. औरंगाबाद के अबगिला बीओ में ओबीसी की कटऑफ 100 फीसदी और मऊरी बीओ में 99.8333 फीसदी दर्ज की गई है.
ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ: आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कटऑफ कुछ जगहों पर सामान्य वर्ग से थोड़ी कम रही है. इस श्रेणी में 97.4 से 99.8 फीसदी के बीच कटऑफ देखने को मिली है. वैशाली के कुतुबपुर में ईडब्ल्यूएस की कटऑफ 97.4 फीसदी और गया के बंसही बीओ में 99 फीसदी रही है.
एससी वर्ग की कटऑफ: अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए भी अधिकांश स्थानों पर कटऑफ 98 से 100 फीसदी के बीच रही है. दरभंगा के नरूआर ब्रांच पोस्ट ऑफिस में एससी वर्ग की कटऑफ 98.2 फीसदी दर्ज की गई है.
एसटी वर्ग की कटऑफ: बिहार में एसटी वर्ग के कुछ पदों पर अपेक्षाकृत कम अंकों पर चयन हुआ है. पटना साहिब मंडल के गढ़ौचक बीओ में एबीपीएम पद की कटऑफ 89.3 फीसदी रही है.
एसटी वर्ग में बीपीएम पद पर वैशाली मंडल के अजीजपुर चंदे बीओ में 93.4167 फीसदी और औरंगाबाद के फतेहपुर संदा बीओ में 95 फीसदी अंक पर चयन हुआ है. बिहार में एसटी और दिव्यांग श्रेणियों के कुछ पदों पर कटऑफ 90 से 95 फीसदी के आसपास भी देखने को मिली है.
राजस्थान में भी 100 फीसदी अंक वालों का दबदबा
राजस्थान सर्कल की पहली मेरिट लिस्ट में भी सामान्य वर्ग की कटऑफ काफी ऊंची रही है. अलवर, बाड़मेर, जयपुर सिटी, जयपुर मफसिल, जैसलमेर, सवाई माधोपुर और सिरोही जैसे मंडलों के अधिकांश पोस्ट ऑफिसों में अनारक्षित श्रेणी की कटऑफ 100 फीसदी दर्ज हुई है हालांकि कुछ विशेष और शहरी मंडलों में सामान्य वर्ग की कटऑफ 100 फीसदी से नीचे भी रही है. उदाहरण के तौर पर राजसमंद के कांकरोली हेड पोस्ट ऑफिस में डाक सेवक पद पर सामान्य वर्ग की कटऑफ 98 फीसदी दर्ज की गई है.
ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और एससी वर्ग की कटऑफ: राजस्थान में इन तीनों श्रेणियों में भी कई जगहों पर 100 फीसदी अंक पाने वाले उम्मीदवारों का चयन हुआ है. अलवर के तिजारा सब पोस्ट ऑफिस में ओबीसी वर्ग की कटऑफ 100 फीसदी रही. बाड़मेर के कोजा बीओ में एससी वर्ग और सिरवास बीओ में ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ भी 100 फीसदी दर्ज हुई है.
एसटी वर्ग की कटऑफ: राजस्थान में अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को कुछ पदों पर राहत मिली है. राजसमंद के गिलूंड एसओ और गोगागुंडा एसओ में एसटी वर्ग की कटऑफ 96.1667 फीसदी रही है.
इसी तरह राजसमंद के कांकरोली हेड पोस्ट ऑफिस में एसटी वर्ग की कटऑफ 96.6667 फीसदी, जैसलमेर के हरियार बीओ में 97.8 फीसदी और जयपुर मफसिल के उदयपुरिया एसओ में 99 फीसदी दर्ज की गई है.
दिल्ली में जनरल, OBC, ST और EWS की कटऑफ 100 फीसदी
दिल्ली सर्कल में भी पहली मेरिट लिस्ट की कटऑफ ने उम्मीदवारों को चौंकाया है. दिल्ली ईस्ट, दिल्ली नॉर्थ, नई दिल्ली साउथ वेस्ट और नई दिल्ली वेस्ट, इन चारों मंडलों में सामान्य, ओबीसी, एससी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के चयनित उम्मीदवारों के अंक 100 फीसदी दर्ज हुए हैं.
दिल्ली के कृष्णा नगर हेड पोस्ट ऑफिस में सामान्य वर्ग की कटऑफ 100 फीसदी रही है. जोहरीपुर ब्रांच पोस्ट ऑफिस में ओबीसी वर्ग, औचंडी बीओ में एससी वर्ग और जाउनपुर बीओ में ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ भी 100 फीसदी रही है.
एसटी वर्ग में 96.5 फीसदी पर चयन: दिल्ली सर्कल में एसटी वर्ग के कुछ उम्मीदवारों का चयन 100 फीसदी से कम अंकों पर हुआ है. मंगोलपुरी एन ब्लॉक सब पोस्ट ऑफिस में डाक सेवक पद पर एसटी वर्ग की न्यूनतम कटऑफ 96.5 फीसदी दर्ज की गई है.
मध्य प्रदेश में कितनी रही जीडीएस की कटऑफ
मध्य प्रदेश सर्कल में भी सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कटऑफ बेहद ऊंची रही है. छतरपुर, छिंदवाड़ा, गुना, खंडवा, मंडला, मंदसौर, मुरैना, रतलाम, सागर और विदिशा समेत लगभग सभी मंडलों में बीपीएम, एबीपीएम और डाक सेवक पदों पर सामान्य वर्ग की कटऑफ 100 फीसदी रही है.
ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और एससी वर्ग: मध्य प्रदेश के अधिकांश डाकघरों में इन श्रेणियों की कटऑफ 99.6 से 100 फीसदी के बीच दर्ज हुई है. छिंदवाड़ा के दुधिया बीओ में ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ 100 फीसदी रही है. विदिशा के पापड़ा बीओ में ओबीसी वर्ग की कटऑफ 99.8 फीसदी और मंडला के खारा रायत में ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ 99.6 फीसदी दर्ज की गई है.
एसटी वर्ग की कटऑफ: मध्य प्रदेश में एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कटऑफ 95 से 99 फीसदी के बीच रही है. विदिशा के पोनार बीओ में एसटी वर्ग की कटऑफ 95 फीसदी और छतरपुर के सापों बीओ में 95.8333 फीसदी दर्ज हुई है.इसके अलावा भोपाल एचआरओ में एसटी वर्ग की कटऑफ 97.3333 फीसदी, खंडवा के जामठी बीओ में 98.75 फीसदी और छिंदवाड़ा के डुंडी भाजीपानी बीओ में 99 फीसदी रही है.
झारखंड में एसटी वर्ग की कटऑफ 95 फीसदी तक आई
झारखंड सर्कल में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कटऑफ 99 से 100 फीसदी के बीच रही है. देवघर, धनबाद, गिरिडीह, गुमला, रांची, संताल परगना और सिंहभूम जैसे मंडलों में अनारक्षित श्रेणी के अधिकांश चयनित उम्मीदवारों के अंक काफी ऊंचे रहे हैं.
ओबीसी और एससी वर्ग की कटऑफ: झारखंड में इन दोनों श्रेणियों की कटऑफ 98.8 से 100 फीसदी के बीच दर्ज हुई है.
ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ: आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कटऑफ 97.3333 से 98.6 फीसदी के बीच रही है. धनबाद के कल्याणपुर बीओ में ईडब्ल्यूएस की कटऑफ 97.3333 फीसदी दर्ज हुई है. देवघर के पट्टाजोरी कजरा में ईडब्ल्यूएस वर्ग की कटऑफ 97.8 फीसदी और संताल परगना के कलडीगोडा में 98.2 फीसदी रही है.
एसटी वर्ग की कटऑफ: झारखंड में अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों के लिए कुछ पोस्ट ऑफिसों में 95 फीसदी अंक पर भी चयन हुआ है. इस वर्ग में कटऑफ 95 से 97.8 फीसदी के बीच दर्ज की गई है.देवघर मंडल के एम चिकनिया, मेझिया, मोहरा, पहरीडीह और पलोजोरी में एसटी वर्ग की कटऑफ 95 फीसदी रही है. गिरिडीह के किसगो, कोहरीडीह और पीरतांड में भी एसटी वर्ग के उम्मीदवारों का चयन 95 फीसदी अंकों पर हुआ है.
इसी तरह हजारीबाग के दोनाया और गंगाचो, पलामू के लोहबांधा तथा संताल परगना के कठलबाड़ी, मारियो और मुर्गावां में एसटी वर्ग की कटऑफ 95 फीसदी दर्ज की गई है. वहीं गुमला के बागरू माई में इस वर्ग की कटऑफ 97.8 फीसदी रही है.
पहली मेरिट लिस्ट में नाम आने के बाद क्या करना होगा
इंडिया पोस्ट जीडीएस भर्ती की पहली मेरिट लिस्ट में जिन उम्मीदवारों का नाम आया है, उन्हें अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. मेरिट लिस्ट में नाम आने का मतलब यह नहीं है कि उम्मीदवार की नियुक्ति की सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं.शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को 27 अक्टूबर 2026 तक अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा. इसके लिए उन्हें उसी डिविजन के डिविजनल ऑफिस में जाना होगा, जिसके अंतर्गत उनका चयन हुआ है. उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय सभी जरूरी दस्तावेजों की ओरिजिनल कॉपी के साथ दो सेट फोटोकॉपी भी लेकर जाने होंगे. दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन में कौन-कौन से कागज लगेंगे
10वीं की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट: उम्मीदवारों को अपनी 10वीं कक्षा की ओरिजिनल मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट लेकर जाना होगा. जीडीएस भर्ती की मेरिट 10वीं के अंकों के आधार पर तैयार की जाती है, इसलिए इन दस्तावेजों का सत्यापन जरूरी है.
जाति प्रमाण पत्र: एससी, एसटी या ओबीसी वर्ग के तहत चयनित उम्मीदवारों को संबंधित श्रेणी का वैध जाति प्रमाण पत्र साथ रखना होगा.
निवास प्रमाण पत्र: उम्मीदवारों को अपना निवास प्रमाण पत्र भी लेकर जाना होगा.
पहचान पत्र: पहचान की पुष्टि के लिए आधार कार्ड या पैन कार्ड जैसे वैध पहचान पत्र की जरूरत होगी.
मेडिकल सर्टिफिकेट: उम्मीदवारों को आवश्यक मेडिकल सर्टिफिकेट भी साथ रखना होगा.
सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए जाने से पहले अपनी मेरिट लिस्ट और विभाग की ओर से जारी निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें, ताकि जरूरी कागजात की कमी के कारण कोई परेशानी न हो.
क्या जीडीएस भर्ती की दूसरी मेरिट लिस्ट भी आएगी
इंडिया पोस्ट जीडीएस भर्ती में पहली मेरिट लिस्ट के बाद भी आगे की सूचियां जारी की जा सकती हैं. ऐसे में जिन उम्मीदवारों का नाम पहली लिस्ट में नहीं आया है, उनके लिए आगे की मेरिट लिस्ट में चयन की संभावना बनी रह सकती है. जनवरी 2026 सत्र की जीडीएस भर्ती में कुल चार मेरिट लिस्ट जारी की गई थीं. वहीं इससे पहले की कुछ भर्तियों में आमतौर पर छह मेरिट लिस्ट तक जारी हुई थीं. जुलाई 2026 सत्र में कितनी मेरिट लिस्ट जारी होंगी, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. यह आगे की भर्ती प्रक्रिया और खाली रहने वाले पदों पर निर्भर करेगा.उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे दूसरी और अन्य मेरिट लिस्ट से जुड़ी जानकारी के लिए इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें.
इंडिया पोस्ट जीडीएस में कितनी मिलेगी सैलरी
- ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM): इस पद के लिए निर्धारित टीआरसीए वेतनमान 12,000 रुपये से 29,380 रुपये प्रति माह है.
- असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM): इस पद के लिए निर्धारित टीआरसीए वेतनमान 10,000 रुपये से 24,470 रुपये प्रति माह है.
- डाक सेवक: डाक सेवक पद के लिए भी निर्धारित टीआरसीए वेतनमान 10,000 रुपये से 24,470 रुपये प्रति माह है. जीडीएस पदों पर मिलने वाला भुगतान टाइम रिलेटेड कंटिन्यूटी अलाउंस यानी टीआरसीए के आधार पर निर्धारित होता है. इसके अलावा लागू नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी मिल सकते हैं.
इंडिया पोस्ट जीडीएस की पहली मेरिट लिस्ट कैसे चेक करें?
- पहला स्टेप: सबसे पहले इंडिया पोस्ट जीडीएस भर्ती की आधिकारिक वेबसाइट indiapost.gov.in/gdsonlineengagement पर जाएं.
- दूसरा स्टेप: वेबसाइट पर जीडीएस रिजल्ट या शॉर्टलिस्टेड कैंडिडेट्स से संबंधित सेक्शन खोलें.
- तीसरा स्टेप: अब जुलाई 2026 सत्र की पहली मेरिट लिस्ट का विकल्प चुनें.
- चौथा स्टेप: इसके बाद अपना राज्य या पोस्टल सर्कल चुनें. संबंधित सर्कल की मेरिट लिस्ट पीडीएफ में उपलब्ध होगी.
- पांचवां स्टेप: पीडीएफ डाउनलोड करके उसमें अपना रजिस्ट्रेशन नंबर सर्च करें. अगर आपका नंबर लिस्ट में है तो संबंधित डिविजन, पोस्ट ऑफिस, पोस्ट आईडी, पद का नाम, कैटेगरी और प्राप्त अंकों का प्रतिशत भी देख सकते हैं.
- छठा स्टेप: मेरिट लिस्ट में नाम मिलने पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन से संबंधित निर्देश पढ़ें और निर्धारित समय के भीतर जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित कार्यालय में पहुंचें.
कटऑफ से क्या पता चला, किन उम्मीदवारों को मिल सकता है मौका?
- इंडिया पोस्ट जीडीएस की पहली मेरिट लिस्ट के आंकड़ों से साफ है कि इस बार कई राज्यों में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला रहा है. उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे सर्कलों में सामान्य वर्ग के चयनित उम्मीदवारों के अंक 100 फीसदी रहे हैं. बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और झारखंड में भी सामान्य वर्ग की कटऑफ अधिकांश जगहों पर 99 से 100 फीसदी के आसपास रही है.
- दूसरी ओर एसटी वर्ग के कुछ पदों पर अपेक्षाकृत कम अंकों पर भी चयन हुआ है. उत्तर प्रदेश के फतेहगढ़ डिविजन में 83.5 फीसदी, बिहार के पटना साहिब मंडल में 89.3 फीसदी और झारखंड के कई पोस्ट ऑफिसों में 95 फीसदी अंक पर एसटी उम्मीदवारों को जगह मिली है हालांकि उम्मीदवारों को यह समझना जरूरी है कि जीडीएस की कटऑफ हर राज्य, डिविजन, पोस्ट ऑफिस, पद और आरक्षण श्रेणी के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है. किसी एक पोस्ट ऑफिस में कम अंक पर चयन होने का मतलब यह नहीं है कि पूरे राज्य में उसी प्रतिशत पर चयन हुआ है.
- जिन उम्मीदवारों का नाम पहली मेरिट लिस्ट में नहीं है, वे आगे जारी होने वाली सूचियों का इंतजार कर सकते हैं. अगली मेरिट लिस्ट में कटऑफ कितनी नीचे आएगी, यह खाली पदों और संबंधित श्रेणी में उपलब्ध उम्मीदवारों पर निर्भर करेगा.