Last Updated:
RJ Mitte Death News: हॉलीवुड के मशहूर सितारे आरजे मिट्टे के निधन की खबर ने उनके चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है. ‘ब्रेकिंग बैड’ में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाले अभिनेता ने बेहद कम उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया. उनके जाने से जुड़ी खबरें सामने आने के बाद फैंस उनकी जिंदगी, संघर्ष और करियर को याद कर रहे हैं. वहीं, उनकी मौत की असली वजह जानने के लिए भी लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
आरजे मिट्टे का निधन सोमवार को ब्राउन्सविले, टेक्सास में हुआ. फोटो साभार-IMDb
नई दिल्ली. नाना पाटेकर के निधन के खबरों से लोग अभी उभर भी नहीं पाए थे कि हॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर टीवी सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ में वाल्टर व्हाइट जूनियर का किरदार निभाकर दुनिया भर में पहचान बनाने वाले स्टार आरजे मिट्टे (RJ Mitte) का निधन हो गया. आरजे मिट्टे सिर्फ 34 साल के थे. इस खबर ने उनके फैंस और मनोरंजन जगत में शोक की लहर है. उनका निधन सोमवार को ब्राउन्सविले, टेक्सास में हुआ. उनके भारतीय फैंस इस बात से परेशान हैं कि 34 साल की जवां एक्टर को आखिर ऐसा क्या हुआ कि अचानक उनकी मौत हो गई.
आरजे मिट्टे सिर्फ अपनी एक्टिंग के लिए ही नहीं, बल्कि दिव्यांग लोगों के हक में आवाज उठाने के लिए भी जाने जाते थे. वह चाहते थे कि फिल्मों और टीवी की दुनिया में दिव्यांग लोगों को भी बराबर मौके मिलें. उनके निधन की खबर देते हुए उनके करीबियों ने उन्हें एक प्यारा इंसान, समाजसेवी और दिव्यांग लोगों की मदद करने वाला शख्स बताया.
कैसे हुआ आरजे मिट्टे का निधन
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, कैमरन काउंटी की जस्टिस ऑफ द पीस सिंडी हिनोजोसा ने बताया कि सोमवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे आरजे मिट्टे को मृत घोषित किया गया. वह जिस जगह मृत पाए गए, उसे अधिकारी ने उनका संभावित घर बताया. उन्होंने कहा कि मौत की वजह का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम किया जाएगा. उनके प्रतिनिधियों ने एक बयान जारी कर दुख जताया. बयान में उन्हें एक प्यारा एक्टर, परोपकारी और दिव्यांगों के अधिकारों के लिए समर्पित शख्सियत बताया गया. हालांकि, उनके प्रतिनिधियों ने मौत की आधिकारिक वजह नहीं बताई है. अमेरिकी वेबसाइट TMZ ने एक काउंटी अधिकारी के हवाले से सुसाइड की आशंका जताई है. रिपोर्ट के मुताबिक, मामले की जांच जारी है. ऐसे में मौत की वजह को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
‘ब्रेकिंग बैड’ में निभाया था वॉल्टर व्हाइट के बेटे का किरदार
आरजे मिट्टे को सबसे ज्यादा लोकप्रियता अमेरिकी क्राइम ड्रामा सीरीज ‘ब्रेकिंग बैड’ से मिली थी. साल 2008 से 2013 तक प्रसारित इस सीरीज के पांचों सीजन में उन्होंने वॉल्टर ‘फ्लिन’ व्हाइट जूनियर का किरदार निभाया. वह सीरीज के कुल 56 एपिसोड में नजर आए. इस शो में उनके पिता का किरदार अभिनेता ब्रायन क्रैंस्टन ने निभाया था. कहानी में फ्लिन एक ऐसा किरदार था, जो अपने परिवार की उथल-पुथल के बीच अपनी अलग पहचान रखता है. आरजे को इस भूमिका के लिए इसलिए भी सराहना मिली, क्योंकि वह वास्तविक जिंदगी में भी सेरेब्रल पाल्सी के साथ जी रहे थे.
ब्रेकिंग बैड स्टार आरजे मिट्टे के निधन से फैंस शोक में हैं.
3 साल की उम्र में पता चली थी बीमारी
आरजे मिट्टे का जन्म 21 अगस्त 1992 को हुआ था. उनका पूरा नाम रॉय फ्रैंक मिट्टे III था. महज 3 साल की उम्र में सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) नाम की न्यूरोलॉजिकल बीमारी का पता चला था. इसके बावजूद उन्होंने अपने अभिनय के जुनून को कभी कम नहीं होने दिया. साल 2006 में वह हॉलीवुड पहुंचे. इससे पहले 2007 में उन्होंने टीवी शो ‘हाना मोंटाना’ के एक एपिसोड में छोटा-सा रोल किया था. ‘ब्रेकिंग बैड’ ने उनके करियर को नई पहचान दी. बाद में वह ‘स्विच्ड एट बर्थ’, ‘द गार्जियंस ऑफ जस्टिस’ और ‘ट्रायम्फ’ जैसी परियोजनाओं में भी नजर आए. ‘ब्रेकिंग बैड’ के अलावा उन्होंने फ्रीफॉर्म ड्रामा ‘स्विच्ड एट बर्थ’ (2014) में व्हीलचेयर का इस्तेमाल करने वाले मेडिकल छात्र कैंपबेल बिंगमैन का किरदार निभाया. इसके अलावा वे नेटफ्लिक्स की एनिमेटेड सीरीज़ ‘द गार्डियंस ऑफ जस्टिस’ (2022) और ‘द ओक रूम’ (2020), ‘ट्रायम्फ’ (2021) व ‘टॉकिंग टू स्ट्रेंजर्स’ (2026) जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे.
समाज सेवा में योगदान
एक्टिंग से इतर वे ‘यूनाइटेड सेरेब्रल पाल्सी’ और ‘श्राइनर्स चिल्ड्रन्स’ के ब्रांड एंबेसडर और ‘मिटे फाउंडेशन’ के अध्यक्ष के रूप में भी समाजसेवा में सक्रिय रहे. उन्होंने दिव्यांग लोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और मनोरंजन जगत में उनके प्रतिनिधित्व को बेहतर बनाने के लिए काम किया. वह यूनाइटेड सेरेब्रल पाल्सी और श्राइनर्स चिल्ड्रन्स से भी जुड़े रहे. हाल के दिनों में वह फिल्म ‘टॉकिंग टू स्ट्रेंजर्स’ को लेकर चर्चा में थे. उनका जाना ऐसे कलाकार का खोना है, जिसने अपनी पहचान के साथ-साथ दिव्यांग समुदाय के लिए भी आवाज उठाई. उनके अचानक चले जाने से पूरे हॉलीवुड और उनके फैंस में गहरा शोक है.