ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश, टीएमसी नेताओं ने महिला को पकड़कर पुलिस को सौंपा, शिकायत दर्ज


Last Updated:

Mamta Banerjee Attacked: टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया कि एक महिला चाकू लेकर ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के पास पहुंची और उन पर हमला करने की कोशिश की. पार्टी ने महिला की पहचान तन्निष्ठा साहा के रूप में बताई है. पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है.

Top Deals Inside

ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश, पुलिस ने महिला को पकड़ाZoom

ममता बनर्जी पर एक महिला ने कथित रूप से चाकू से हमले की कोशिश की है

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी पर एक महिला ने कथित रूप से चाकू से हमले की कोशिश की है. टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया कि एक महिला चाकू लेकर ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के पास पहुंची और उन पर हमला करने की कोशिश की. पार्टी ने महिला की पहचान तन्निष्ठा साहा के रूप में बताई है. TMC के मुताबिक, महिला ने खुद को ममता बनर्जी की भतीजी बताया और कथित तौर पर उनके खिलाफ अपशब्द भी कहे. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, महिला को हिरासत में ले लिया गया है.

टीएमसी वर्कर्स ने महिला को पकड़ा, पुलिस को सौंपा

टीएमसी नेताओं का दावा है कि महिला के पास चाकू था और उसने ममता बनर्जी की साड़ी भी खींची. बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन करने के लिए घर से बाहर निकल रही थीं, तभी यह घटना हुई. टीएमसी के मुताबिक, घटना शाम करीब छह बजे हुई. महिला कथित तौर पर ममता बनर्जी की ओर दौड़ी और उन्हें ‘पिशी’ यानी बुआ कहकर संबोधित किया. आरोप है कि उसने ममता बनर्जी के करीब पहुंचने और भीड़ में घुसने की कोशिश की. इसके बाद वह सड़क पर लेट गई और कथित तौर पर अपशब्द कहने लगी.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ममता बनर्जी के समर्थकों ने महिला को जमीन पर पकड़कर रखा. इस दौरान महिला विरोध करती रहीय. टीएमसी नेताओं का कहना है कि महिला के पास से चाकू बरामद हुआ.

टीएमसी नेताओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

राज्यसभा सांसद और टीएमसी नेता डोला सेन ने आरोप लगाया कि महिला नशे की हालत में थी. पार्टी ने महिला की पहचान तन्निष्ठा साहा के रूप में बताई है और दावा किया है कि वह सिविक वॉलंटियर के तौर पर काम करती है. वहीं टीएमसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता साकेत गोखले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना को चौंकाने वाला बताया. गोखले ने सवाल उठाया कि जेड-प्लस सुरक्षा प्राप्त और तीन बार मुख्यमंत्री रह चुकीं ममता बनर्जी के आवास के पास ऐसी घटना कैसे हो सकती है. गोखले ने इस मामले में राजनीतिक साजिश की आशंका भी जताई और सत्ताधारी बीजेपी पर सवाल उठाए.

TMC ने इस मामले में कालीघाट पुलिस थाने को ईमेल भेजकर शिकायत दर्ज करने की मांग की है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महिला आक्रामक तरीके से ममता बनर्जी के आवास की ओर बढ़ी, उसने खुद को उनकी भतीजी बताया और चाकू लेकर उनके करीब पहुंचने की कोशिश की. पार्टी ने पुलिस से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 के तहत शिकायत दर्ज करने और घटना से जुड़ी तस्वीरों तथा वीडियो को सबूत के तौर पर देखने का अनुरोध किया है.



Source link