Last Updated:
Motihari Police Raid: मोतिहारी के पूर्वी चंपारण में एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में पुलिस ने भू-माफिया के घर छापेमारी की. पुलिस ने 27 लाख रुपये नकद, हथियार, कारतूस और जमीन के दस्तावेज बरामद कर साहिल शर्मा को गिरफ्तार किया है. पुलिस मा्मले की जांच में जुटी है. इसके साथ ही कानूनी कार्रवाई कर रही है.
मोतिहारी में भू-माफिया के ठिकाने पर पुलिस की बड़ी छापेमारी, 27 लाख कैश और हथियार बरामद
मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर में एक कथित भू-माफिया के घर पर छापेमारी की. एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में कई डीएसपी और विभिन्न थानों की पुलिस टीम शामिल रही. यहां पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी, हथियार, सैकड़ों कारतूस और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं. इस मामले में भू-माफिया राकेश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को मौके से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है.
पुलिस ने इस ठिकाने पर की छापेमारी
जानकारी के अनुसार, एसपी स्वर्ण प्रभात को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस ने बरियारपुर स्थित ठिकाने पर छापेमारी की योजना बनाई. इसके बाद कई पुलिस अधिकारियों और थानों की टीम के साथ कार्रवाई की गई. इस छापेमारी के दौरान पुलिस को घर से हथियारों और नकदी समेत कई अवैध सामान को भी बरामद किया है. वहीं, इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी रही. पुलिस बरामद सामान की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन हथियारों और दस्तावेजों का इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जाता था.
2 राइफल, 2 पिस्टल और सैकड़ों कारतूस बरामद
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 राइफल, 2 पिस्टल और सैकड़ों कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा मौके से 6 बोतल शराब और जमीन से जुड़े 65 दस्तावेज भी बरामद किया है. पुलिस ने करीब 27 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं. इतनी बड़ी मात्रा में नकदी, हथियार और जमीन से जुड़े कागजात मिलने के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. साथ ही बरामद दस्तावेजों के आधार पर जमीन के लेन-देन और उससे संबंधित संभावित अनियमितताओं की भी पड़ताल की जा सकती है.
साहिल शर्मा मौके से गिरफ्तार
इस कार्रवाई में पुलिस ने राकेश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को गिरफ्तार किया है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर बरामद हथियारों, नकदी और जमीन के दस्तावेजों के संबंध में जानकारी जुटा रही है. हालांकि, मामले में उसकी भूमिका और अन्य संभावित आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है.
अपराधियों से संबंधों की भी हो सकती है जांच
जानकारी के अनुसार, पुलिस को संबंधित व्यक्ति के कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों से संपर्क होने की सूचना मिली थी. पुलिस अब इन सूचनाओं की सत्यता की जांच कर सकती है. पुलिस की इस छापेमारी को जमीन से जुड़े विवादों और अवैध गतिविधियों की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.