नेहा बोरा की टी-शर्ट पर One Piece का मतलब क्या है? Gen-Z प्रोटेस्ट का हथियार कैसे बना जापानी कार्टून

नेहा बोरा की टी-शर्ट पर One Piece का मतलब क्या है? Gen-Z प्रोटेस्ट का हथियार कैसे बना जापानी कार्टून


One Piece Pirate Emblems: इस समय नई दिल्ली में जंतर-मंतर 2.0 प्रदर्शन का मुद्दा छाया हुआ है. SIR के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर जमकर हंगामा देखने को मिला. इस आंदोलन लेफ्ट विचारधारा के ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी एक अहम चेहरा बन गई हैं. उनको एक लाल रंग की टी-शर्ट पहने देखा गया, जिस पर One Piece का पाइरेट्स एम्ब्लम मतलब कि समुद्री डाकू का प्रतीक छपा हुआ था. आखिर ये जापानी कार्टून कैरेक्टर क्या है और भारत में हो रहे प्रदर्शन में क्यों चर्चित हो रहा है. इसका क्या मतलब है और साउथ एशिया की युवा पीढ़ी अब विरोध प्रदर्शनों में इसका इस्तेमाल क्यों और कैसे कर रही है?

नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारियों ने वोटिंग लिस्ट के SIR पर जवाबदेही की मांग की और सीईसी को हटाने की आवाज उठाई. उनके इस्तीफे की मांग के पीछे मुख्य वजह यह आरोप था कि वोटर लिस्ट में संशोधन की वजह से बड़े पैमाने पर वोटर्स के नाम सूची से हटा दिए गए हैं. इस प्रदर्शन में विपक्षी नेता और राजनीतिक वर्कर भी शामिल थे, जिनका आरोप था कि इस प्रक्रिया से वोटर्स के मताधिकार छीने जा सकते हैं. हालांकि चुनाव आयोग ने जानबूझकर की गई किसी भी गड़बड़ी के दावे का खंडन किया है.

इन सब के बीच आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को इस प्रदर्शन के दौरान लाल रंग की टी-शर्ट पहने हुए कैमरे में कैद किया गया. उस टी-शर्ट पर ‘वन पीस’ का पाइरेट एम्ब्लम बना हुआ था. यह टी-शर्ट तुरंत ही चर्चा में आ गई. ऐसा इसलिए क्योंकि यह एक ऐसा प्रतीक है जो पहले से ही दुनिया के कई अन्य एशियाई देशों में युवाओं की अगुवाई वाले प्रदर्शनों से जुड़ा रहा है.

जापानी Manga Series वन पीस को Eiichiro Oda ने बनाया था, जिसका पहला एडिशन 1997 में आया था. इसकी कहानी Monkey D. Luffy और उसके Straw Hat Pirates दल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो वन पीस नाम के एक महान और रहस्यमयी खजाने की तलाश में यात्रा करते हैं. आखिर इस प्रतीक का मतलब क्या है और यह इतना वायरल क्यों हो गया है?

नेहा बोरा की ‘वन पीस’ टी-शर्ट वायरल क्यों हुई?

नेहा बोरा की लाल टी-शर्ट इसलिए वायरल हो गई क्योंकि उस पर One Piece लिखा हुआ है और एक खास टोपी यानी स्ट्रॉ हैट पहने हुए एक खोपड़ी बनी है, जो ‘स्ट्रॉ हैट पाइरेट्स’ के जॉली रोजर यानी समुद्री डाकुओं का झंडे जैसी दिखती है. इसका खास डिजाइन जापानी मंगा और एनीमे के फैंस के लिए इसे तुरंत पहचान में आने वाला बनाता है.

इस तस्वीर का एक पॉलिटिकल महत्व भी है क्योंकि बोरा की तरफ से इसे पहनने से पहले भी यह पाइरेट झंडा भारत के बाहर के प्रदर्शनों में दिखाई दे चुका है. इससे पहले जुलाई में नई दिल्ली में तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान भी इसे देखा गया था.

दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान वन पीस के पोस्टर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह पाइरेट एम्ब्लम भारत के पारंपरिक प्रदर्शनों में दिखने वाली चीजों जैसे बी. आर. अंबेडकर और महात्मा गांधी की तस्वीरें, संविधान की प्रतियां और न्याय की मांग वाले पोस्टर के साथ नजर आया. इसलिए इस टी-शर्ट का दिखना इस बात का हिस्सा है कि अब इस झंडे को प्रदर्शनों में लगातार अपनाया जा रहा है.

वन पीस में ‘स्ट्रॉ हैट पाइरेट्स’ के झंडे का क्या मतलब?

ईइचिरो ओडा की तरफ से बनाया गया वन पीस, दरअसल जापानी Manga सीरीज का कॉमिक है जो 1997 में शुरू हुआ था. इसकी कहानी मंकी डी. लुफी और उसके दल ‘स्ट्रॉ हैट पाइरेट्स’ की है जो ‘वन पीस’ खजाने की तलाश में निकलते हैं. इस ग्रुप के जॉली रोजर झंडे पर लुफी की पहचान यानी स्ट्रॉ हैट पहनी हुई एक खोपड़ी और उसके पीछे दो हड्डियों का निशान होता है. ‘जॉली रोजर’ खोपड़ी या पहचान वाले किसी भी पाइरेट झंडे का पारंपरिक नाम है.

यह झंडा ‘स्ट्रॉ हैट पाइरेट्स’ और उनके दल की पहचान बताता है. कहानी का मेन कैरेस्टर ‘लुफी’ लगातार ऐसे ताकतवर लोगों से मुकाबला करता है जो आम लोगों पर अत्याचार करते हैं. अलग-अलग स्टोरी आर्क (कथाओं) में, यह पूरा दल तानाशाहों और करप्ट अधिकारियों को चुनौती देता है. इसके साथ ही लोगों को उनकी आजादी और अधिकार वापस दिलाने में मदद करता है.

लुफी का एक निजी मिशन है. दूसरों पर राज करने की बजाय समुद्र में सबसे आजाद इंसान बनना. यही वजह है कि आजादी, पर्सनल चॉइस, वफादारी और मनमाने अधिकार के खिलाफ बगावत इस कहानी के मेन थीम होते हैं. हालांकि इस सीरीज को बनाने वाले ने कभी भी अपने काम का कोई सियासी मतलब थोपने की कोशिश नहीं की है. फैन्स यह तय करने के लिए आजाद हैं कि वे इस कहानी से क्या सीख लेते हैं.

हालांकि यहां स्पष्ट कर देना जरूरी है कि प्रदर्शन में इसके इस्तेमाल का यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि इसे पहनने वाला हर इंसान किसी एक ही राजनीतिक विचारधारा से ताल्लुक रखता हो.

ये कैसे बना दुनिया में विरोध का प्रतीक?

‘वन पीस’ के चाहने वाले पूरी दुनिया में फैले हुए हैं. द गार्डियन की रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर 2025 तक इसके दुनिया भर में 50 करोड़ से ज्यादा कॉपियां छप चुकी थीं. यह कहानी एनीमे एडाप्टेशन, एनिमेटेड फिल्मों और नेटफ्लिक्स की लाइव-एक्शन सीरीज के जरिए भी दर्शकों तक पहुंची है. यही वजह है कि ‘स्ट्रॉ हैट पाइरेट्स’ का यह झंडा विरोध प्रदर्शन का एक आसान प्रतीक बन गया है क्योंकि इस सीरीज से परिचित लोग तुरंत पहचान लेते हैं.

आज की युवा पीढ़ी या कह लें कि जेन-जी अब राजनीति या किसी भी मसले पर चर्चा करने के लिए ऑनलाइन शब्दावली का इस्तेमाल करते हैं. सत्ता और अधिकारियों को लेकर अपनी झुंझलाहट और गुस्सा जाहिर करने के लिए मीम्स और शॉर्ट वीडियो में किरदार, सीन और डायलॉग्स का खुलकर इस्तेमाल किया जा रहा है.

Gen Z ने कैसे अपनाया जॉली रोजर को?

  • इंडोनेशिया, अगस्त 2025: सरकारी पॉलिसी और राजनीतिक शिकायतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान देश के स्वतंत्रता दिवस यानी 17 अगस्त 2025 से ठीक पहले इस झंडे को देखा गया था. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कुछ इंडोनेशियन ऑफिसर्स ने इस झंडे के इस्तेमाल की तीखी आलोचना की थी. वहां एक सांसद ने इसे राष्ट्रीय एकता के लिए खतरा बताया तो दूसरे ने चेतावनी दी कि इसको दिखाना देशद्रोह के बराबर हो सकता है.
  • फिलीपींस, सितंबर 2025: फिलीपींस में बाढ़ नियंत्रण और राहत परियोजनाओं के लिए रखे गए फंड में हेराफेरी के आरोपी अधिकारियों और ठेकेदारों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने इस झंडे को उठाया. इन आरोपों के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए मनीला के लुनेता रिजाल पार्क में हजारों लोग इकट्ठा हुए थे.
  • नेपाल, सितंबर 2025: प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली की सरकार के खिलाफ नेपाल में हुए Gen-Z प्रदर्शन के दौरान भी इस झंडे को देखा गया था. सरकार की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद ये प्रदर्शन भड़के थे. एक ऐसा कदम जिसे देश के युवाओं ने अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला बताया था.
  • फिलिस्तीन: फिलिस्तीन में इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन और जुलूस के दौरान कई जगहों पर युवा इन झंडों का इस्तेमाल करते देखे गए. वेस्ट बैंक में हाई स्कूल के स्टूडेंट कार जुलूस के दौरान अपनी परीक्षा रिजल्ट की घोषणा का जश्न मनाते हुए गाड़ी के अंदर से यही पाइरेट झंडा यानी जॉली रोजर लहराते दिखाई पड़े.

युवा प्रदर्शनकारी क्यों चुन रहे हैं पॉप कल्चर?
दुनिया में एंटरटेनमेंट एक ऐसा टूल है, जो अलग-अलग भाषाओं, राजनीतिक माहौल और समस्याओं से जूझ रहे लोगों को एक सूत्र में पिरोता है. फिलीपींस के एक्टिविस्ट यूजीरो विंसेंट लिबराटो ने बताया कि अलग-अलग भाषाएं और संस्कृति होने के बावजूद प्रदर्शनकारियों में उत्पीड़न को लेकर एक साझा भावना है. सिर्फ पॉप कल्चर ही नहीं, बल्कि युवा जनरेशन ने तीखे और व्यंग्य भरे जुमलों का भी सहारा लिया है.



Source link