रोहित-विराट का वर्ल्ड कप 2027 खेलना 2 फैक्टर पर निर्भर! BCCI ने रखी नई शर्त
Last Updated:
World Cup 2027 Rohit Sharma Virat Kohli: बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास का मानना है कि वर्ल्ड कप 2027 में किसी भी खिलाड़ी के सिलेक्शन के दो फैक्टर होने चाहिए. पहला फॉर्म और दूसरा फिटनेस. उम्र की वजह से किसी को अंदर या बाहर करने का कोई लॉजिक नहीं बनता. वैसे मिथुन मन्हास ये कहने से भी नहीं चूके कि रोहित शर्मा, विराट कोहली हो या फिर कोई दूसरा खिलाड़ी, उनका सिलेक्शन चयन समिति ही करेगी.
रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा
नई दिल्ली: 2027 वनडे वर्ल्ड कप में अभी भले ही एक साल का वक्त हो, लेकिन भारतीय टीम में कौन-कौन होगा, इसकी चर्चाएं शुरू हो चुकी है. सबसे बड़ा सवाल तो यही है कि क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली खेलेंगे. दोनों दिग्गजों को आज भी पिछले विश्व कप फाइनल की हार कचोटती है. दोनों स्टार्स हर हाल में अफ्रीकी महाद्वीप जाना चाहते हैं, जिसे 24 साल बाद विश्व कप की मेजबानी मिली है, लेकिन लगता है कि बीसीसीआई ने अपने दो ‘ओल्ड गार्ड्स’ के लिए खास प्लान बनाया है.
दो फैक्टर्स से तय होगा रो-को का भविष्य!
बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने स्पोर्टस्टार से खास बातचीत में कहा कि भारतीय टीम में जगह पाने के लिए खिलाड़ी की योग्यता उम्र के बजाय उसकी फिटनेस और प्रदर्शन से तय होनी चाहिए, हालांकि उनका यह भी कहना है कि चयन से जुड़े मामले उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं. ये सिलेक्टर्स का काम है. मिथुन मन्हास ने कहा:
जहां तक BCCI की बात है, हम इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते क्योंकि यह सब सिलेक्टर और कोच पर निर्भर करता है, लेकिन मेरे नजरिए से सिलेक्शन का आधार फिटनेस और परफॉर्मेंस होना चाहिए, न कि उम्र. अगर कोई खिलाड़ी खेलने के लिए फिट है और वह देश के लिए अच्छा खेल रहा है और मैच जिता रहा है तो हमें सिर्फ इसी बात पर ध्यान देना चाहिए.
अगर रोहित शर्मा को वर्ल्ड कप 2027 में खिलाया जाता है तो वह 40 साल की उम्र में भारत के लिए विश्व कप खेलने वाले सबसे उम्रदराज प्लेयर बन जाएंगे. जबकि विराट कोहली की उम्र 38 साल होगी. इस बीच यशस्वी जायसवाल सरीखे युवा प्लेयर्स भी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. गेंद पूरी तरह बीसीसीआई के पाले में हैं. भारतीय चयन समिति ने सीनियर और जूनियर प्लेयर्स के बीच संतुलन बनाने के लिए खास प्लान बनाया है.
गिल को वर्ल्ड कप में सीनियर प्लेयर्स के अनुभव की मदद मिलेगी.
शुभमन गिल को पिछले साल अक्टूबर में 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए भारत का कप्तान बनाया गया था. मन्हास का मानना है कि 27 साल के इस नए-नवेले कप्तान को अनुभवी प्लेयर्स की मदद मिलेगी. मन्हास ने कहा:
टीम में विराट, हार्दिक पंड्या और रोहित का होना निश्चित रूप से गिल की मदद करेगा फिर जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी हैं जो टीम की कमान संभाल सकते हैं, जो बॉलिंग कैप्टन हो सकते हैं और फिर कोई ऐसा होगा जो फील्डिंग कैप्टन होगा तो यह सब काम के बंटवारे की बात है.
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी
अजीत अगरकर ने अनुभवी खिलाड़ियों को किया साइडलाइन
पूर्व चेयरमैन अजीत अगरकर की देखरेख में टेस्ट और T20I टीमों में कई बदलाव देखे गए. रोहित और कोहली दोनों फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है जबकि चेतेश्वर पुजारा और रविचंद्रन अश्विन भी टेस्ट करियर को अलविदा कह चुके हैं. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बावजूद मोहम्मद शमी की जगह हर्षित राणा और गुरनूर बरार जैसे खिलाड़ियों को मौके दिए जा रहे हैं. शमी तो 2023 वर्ल्ड कप के हीरो रहे थे.