Avocado Recipes: एवोकाडो अब सिर्फ कैफे के मेन्यू तक सीमित नहीं है. टोस्ट, स्मूदी, सलाद और सैंडविच के अलावा इसे भारतीय डिशेज में भी आसानी से शामिल किया जा सकता है. अपनी मुलायम और क्रीमी बनावट के कारण यह कई व्यंजनों को अच्छा टेक्सचर देता है. भारत में इसे बटर फ्रूट के नाम से भी जाना जाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 अगस्त को ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड में भारत में उगाए जा रहे एवोकाडो की बढ़ती लोकप्रियता का जिक्र किया था.
केरल के वायनाड जिले का अंबालावायल एवोकाडो की खेती के लिए जाना जाता है, अगर आप भी बटर फ्रूट को अपनी डाइट में शामिल करना चाहते हैं, तो इसे इन 7 आसान तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं.
क्रीमी पास्ता सॉस बनाएं
पके हुए एवोकाडो को नींबू के रस, लहसुन, ताजा हर्ब्स और थोड़े पास्ता पानी के साथ ब्लेंड करके क्रीमी सॉस तैयार की जा सकती है. इसमें अलग से क्रीम डालने की जरूरत नहीं पड़ती. तैयार सॉस को गर्म पास्ता में सर्व करने से ठीक पहले मिलाएं. इसे लंबे समय तक पकाने से बचें, क्योंकि ज्यादा गर्म करने पर एवोकाडो का रंग और ताजगी वाला स्वाद बदल सकता है.
धनिया-पुदीना चटनी में मिलाएं
अगर आपको चटनी पसंद है, तो धनिया-पुदीना की चटनी में थोड़ा एवोकाडो मिलाकर इसका नया स्वाद तैयार कर सकते हैं. इसमें हरी मिर्च, नींबू का रस और भुना जीरा डालें. एवोकाडो चटनी को क्रीमी बनाता है और मिर्च के तीखेपन को थोड़ा बैलेंस करता है. यह चटनी डोसा, इडली, पकौड़े और ग्रिल्ड पनीर के साथ अच्छी लग सकती है. इसे खाने से कुछ देर पहले ही तैयार करना बेहतर रहेगा.
एवोकाडो से बनाएं चॉकलेट मूस
पका हुआ एवोकाडो चॉकलेट मूस को गाढ़ा और क्रीमी बनाने में मदद कर सकता है. इसके लिए एवोकाडो को कोको पाउडर, थोड़ा दूध और अपनी पसंद के स्वीटनर के साथ ब्लेंड करें. मिश्रण पूरी तरह स्मूद होने के बाद इसे ठंडा करके परोसें. कोको का स्वाद एवोकाडो के हल्के स्वाद को बैलेंस कर देता है. मिठास अपनी पसंद के हिसाब से रखें.
पनीर रोल में डालें
एवोकाडो को देसी पनीर रोल में भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए ग्रिल्ड पनीर के साथ एवोकाडो के टुकड़े, प्याज, कैप्सिकम, धनिया, नींबू का रस और थोड़ा चाट मसाला मिलाएं. इस मिश्रण को रोटी या रैप में भरकर रोल तैयार करें. क्रीमी एवोकाडो और कुरकुरी सब्जियों का कॉम्बिनेशन रोल को अलग स्वाद देता है. इसे हल्के लंच या स्नैक के तौर पर खाया जा सकता है.
अंडे या छोले के सलाद में करें इस्तेमाल
एग सलाद में मेयोनेज़ की कुछ मात्रा को मैश किए हुए एवोकाडो से बदला जा सकता है. इसमें नींबू का रस और काली मिर्च डालें. शाकाहारी विकल्प के लिए मैश किए हुए छोले में एवोकाडो, प्याज, सेलेरी और हर्ब्स मिलाएं. इस तरह तैयार मिश्रण को सैंडविच, रैप या लेटस कप में इस्तेमाल किया जा सकता है.
सूप के ऊपर डालें
टमाटर सूप, मसूर की दाल के सूप या बीन्स वाले बाउल के ऊपर परोसते समय कटे हुए एवोकाडो के टुकड़े डाल सकते हैं. गर्म सूप के साथ इसका ठंडा और क्रीमी टेक्सचर अच्छा कॉन्ट्रास्ट देता है. एवोकाडो को ठंडे सूप में ब्लेंड करके भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे लंबे समय तक उबालने के बजाय आखिर में डालना बेहतर है.
ब्राउनी में भी कर सकते हैं इस्तेमाल
बेकिंग में भी एवोकाडो के साथ प्रयोग किया जा सकता है. चॉकलेट ब्राउनी बनाते समय मक्खन या तेल की कुछ मात्रा को एवोकाडो प्यूरी से बदला जा सकता है. इससे ब्राउनी में नमी और नरम टेक्सचर आ सकता है. हालांकि एवोकाडो मक्खन की तरह बिल्कुल काम नहीं करता, इसलिए शुरुआत में फैट की केवल कुछ मात्रा ही बदलें. इसके बाद बैटर की बनावट देखकर जरूरत के हिसाब से बदलाव करें.
एवोकाडो में कौन से पोषक तत्व होते हैं
एवोकाडो में मोनोअनसैचुरेटेड फैट, फाइबर, पोटेशियम, फोलेट और विटामिन C, E और K जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. दूसरे कई फलों की तुलना में इसमें फैट की मात्रा ज्यादा होती है, लेकिन इसका बड़ा हिस्सा असंतृप्त फैट होता है. संतुलित डाइट में इसे शामिल करने से खाने में फाइबर और अच्छे फैट का स्रोत जुड़ सकता है.