Last Updated:
Sabudana Kheer Recipe: नवरात्रि के दौरान व्रत रखने वालों के लिए साबूदाना खीर एक स्वादिष्ट और आसान विकल्प है. इसे घर पर दूध, साबूदाना, चीनी और सूखे मेवों की मदद से तैयार किया जा सकता है. इसे बनाने में ज्यादा सामग्री या मेहनत की जरूरत नहीं होती. मीठा खाने की इच्छा होने पर यह खीर परिवार के सभी सदस्यों को पसंद आ सकती है. जानिए नवरात्रि व्रत के लिए साबूदाना खीर बनाने का आसान तरीका.
भीलवाड़ा – नवरात्रि के पावन दिनों में कई लोग माता रानी की पूजा-अर्चना के साथ व्रत भी रखते हैं. कई लोग ऐसे भी होते हैं जो
9 दिन तक ही व्रत भी रखते हैं ऐसे में व्रत के दौरान अगर आपका कुछ मीठा खाने का मन हो रहा है तो साबूदाना की खीर एक अच्छा ऑप्शन है. यह खाने में स्वादिष्ट होने के साथ ही घर पर आसानी से तैयार भी हो जाती है. इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. साबूदाना, दूध, चीनी और कुछ सूखे मेवों की मदद से आप घर पर ही स्वादिष्ट खीर बना सकते हैं. साबूदाना खीर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है. इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता. ऐसे में नवरात्रि के दौरान मीठा खाने की इच्छा होने पर आप इसे घर पर बनाकर परिवार के साथ इसका आनंद ले सकते हैं.
भीलवाड़ा के आर के कॉलोनी निवासी पूजा कुमारी साँखला ने बताया कि साबूदाना खीर बनाने के लिए आपको कुछ सामान्य सामग्री की जरूरत होगी. इसके लिए आधा कप साबूदाना, एक लीटर दूध, स्वादानुसार चीनी, थोड़े कटे हुए बादाम और काजू, कुछ किशमिश और आधा चम्मच इलायची पाउडर ले सकते हैं. आप अपनी पसंद के अनुसार सूखे मेवों की मात्रा कम या ज्यादा कर सकते हैं. सबसे पहले साबूदाना को अच्छी तरह पानी से धो लें. इसके बाद इसे करीब 30 मिनट से एक घंटे तक पानी में भिगोकर रख दें, ताकि साबूदाना अच्छी तरह नरम हो जाए.
साबूदाना को जरूरत से ज्यादा पानी में न रखें
ध्यान रखें कि साबूदाना को जरूरत से ज्यादा पानी में न रखें. अब एक बर्तन में दूध डालकर गर्म करें. दूध में उबाल आने के बाद इसमें भीगा हुआ साबूदाना डाल दें. इसे धीमी आंच पर पकने दें और बीच-बीच में चम्मच से चलाते रहें, ताकि दूध बर्तन के तले में न लगे. जब साबूदाना अच्छी तरह फूल जाए और दूध थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तब इसमें स्वादानुसार चीनी डाल दें. इसके बाद कटे हुए बादाम, काजू और किशमिश डालकर अच्छी तरह मिला लें. आखिर में इलायची पाउडर डालें और कुछ मिनट तक खीर को धीमी आंच पर पकाएं. जब खीर मनचाही गाढ़ी हो जाए, तो गैस बंद कर दें. आपकी स्वादिष्ट साबूदाना खीर तैयार है. इसे गर्म या ठंडा, अपनी पसंद के अनुसार परोस सकते हैं.
सभी सामग्री आपके व्रत के नियमों के अनुकूल हो
पूजा कुमारी सांखला ने बताया कि नवरात्रि के दौरान साबूदाना खीर मीठे की इच्छा पूरी करने का आसान तरीका है. इसे कम समय में घर पर बनाया जा सकता है. व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और चीनी की मात्रा अपनी पसंद के अनुसार रखें. साथ ही, साबूदाना खीर बनाते समय ध्यान दें कि इसमें इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्री आपके व्रत के नियमों के अनुकूल हो.