जादू-टोने के शक में हत्या! परिवार के लोगों ने मां-बेटे का किया कत्ल, 3 गिरफ्तार


Last Updated:

Rajnandgaon News: केशर सोनकर (55) को शक था कि उसके देवर सुखी की पत्नी कमला सोनकर उसके परिवार पर जादू-टोना करती है. इस कारण से उसके परिवार के लोग बीमार हो रहे हैं. इसी शक में आरोपियों ने धारदार हथियार से कमला और उसके बेटे खुमेंद्र की हत्या कर दी. हमले में बेटी ममता गंभीर रूप से घायल हो गई.

Top Deals Inside

जादू-टोने के शक में हत्या! परिवार के लोगों ने मां-बेटे का किया कत्ल, 3 अरेस्टZoom

पुलिस गिरफ्त में हेमंत सोनकर और सोनू सोनकर.

राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ के चौथना गांव में पारिवारिक विवाद और जादू-टोने के शक में मां-बेटे की हत्या कर दी गई थी. बेटी पर भी जानलेवा हमला किया गया था लेकिन वह बच गई. रायपुर के अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मृतक और आरोपी एक ही परिवार के हैं. पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, कमला सोनकर का परिवार चौथना गांव में रहता है और सब्जी बेचने का काम करता है. 9 अक्टूबर की रात कुछ आरोपी उसके घर में घुस आए. आरोपियों ने कमला पर धारदार हथियार से हमला किया. आरोपियों ने कमला के 21 साल के बेटे खुमेंद्र सोनकर और बेटी ममता सोनकर पर भी जानलेवा हमला कर दिया. हमले में मां-बेटे की मौत हो गई जबकि ममता गंभीर रूप से घायल हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले. ग्रामीणों ने हमले की जानकारी मिलते ही पुलिस को बुलाया. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल ममता को डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उसे रायपुर रेफर कर दिया गया.

घर में मृत मिले पत्नी और बेटा
वारदात के बाद सुखी सोनकर अपने घर पहुंचा. घर के अंदर उसकी पत्नी कमला और बेटा खुमेंद्र मृत अवस्था में पड़े थे. वहीं बेटी ममता गंभीर रूप से घायल थी. घर के अंदर का मंजर देखकर परिवार और गांव में हड़कंप मच गया. जांच के दौरान पुलिस को पारिवारिक विवाद और जादू-टोने के शक की जानकारी मिली.

12 अक्टूबर को पकड़ा गया हेमंत सोनकर
पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे सुखी सोनकर के बड़े भाई के बेटे हेमंत सोनकर (36) पर शक के आधार पर उसकी तलाश शुरू की. पुलिस ने हेमंत को 12 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर हेमंत के भाई सोनू सोनकर (34) और उसकी मां केशर सोनकर (55) की संलिप्तता भी पाई गई. जिसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया.

जादू-टोना किए जाने का शक
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के परिवार में उनकी तबीयत खराब होने को लेकर जादू-टोना किए जाने का शक था. इसी बात पर परिवार में विवाद चल रहा था. आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने का प्रयास भी किया था. वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार जैसे- लोहे की कुल्हाड़ी के हत्थे और घटना के समय पहने गए कपड़ों को जलाने की कोशिश की गई थी. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है. इसके अलावा कपड़ों और कुल्हाड़ी के हत्थे से जुड़े अवशेष भी मिले हैं. पुलिस ने कहा कि घटना के बाद साक्ष्य मिटाने और आरोपियों के बीच साजिश से जुड़े तथ्यों के आधार पर BNS की धारा 61(2) और 238 भी जोड़ी गई है.



Source link