जहां कभी बंधते थे अतीक के घोड़े, वहां गरीबों को मिलेंगे 602 फ्लैट, 15 अक्टूबर को प्रयागराज में सीएम योगी करेंगे भूमि पूजन


Last Updated:

Prayagraj News: प्रयागराज के चकिया में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर अब गरीबों का आशियाना बनेगा. सीएम योगी आदित्यनाथ 15 अक्टूबर को ‘पद्म लोक आवास योजना’ के तहत बनने वाले 602 फ्लैट्स का शिलान्यास करेंगे. 150 करोड़ की लागत से बनने वाली यह 14 मंजिला इमारत आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी, जहां जरूरतमंदों को लगभग 30 लाख में 2BHK फ्लैट मिलेंगे.

Top Deals Inside

जहां बंधते थे अतीक के घोड़े, वहां बनेंगे 602 फ्लैट, CM योगी करेंगे भूमि पूजनZoom

प्रयागराज: जिस जमीन पर कभी माफिया का का सिक्का चलता था और उसके घोड़े बंधा करते थे, अब उसी जमीन पर जरूरतमंदों के सपनों का आशियाना तैयार होगा. माफिया के अवैध कब्जे से खाली कराई गई जमीन पर अब बहुमंजिला आवासीय इमारत खड़ी होगी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 अक्टूबर को प्रयागराज दौरे के दौरान बहुमंजिला आवासीय इमारत का भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे। अफॉर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत ‘पद्म लोक आवास योजना’ में 602 फ्लैट्स का निर्माण किया जाएगा. यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक महत्वाकांक्षी ड्रीम प्रोजेक्ट है.

अतीक के कब्जे से कराई गई थी मुक्त, अब बनाए जाएंगे 602 फ्लैट
बता दें, यह जमीन प्रयागराज जिले के चकिया इलाके में स्थित है और माफिया अतीक अहमद के अवैध कब्जे से मुक्त कराई थी. माफिया के चंगुल से मुक्त कराई गई प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की जमीन पर अफॉर्डेबल हाउसिंग स्कीम के तहत ‘पद्म लोक आवास योजना’ लाई जा रही है. यहां 602 फ्लैट बनाए जाएंगे, जो सीधे तौर पर सीएम योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट है. सीएम के आगमन को देखते हुए स्थानीय पुलिस, प्रशासन और पीडीए के आला अधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हैं. कार्यक्रम स्थल पर चार-चार जेसीबी मशीनें लगाकर जमीन का समतलीकरण किया जा रहा है और शिलान्यास स्थल पर विशेष सफाई अभियान चल रहा है.

रेरा से मंजूरी, अत्याधुनिक मिवान तकनीक से निर्माण
प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव विनीत कुमार सिंह के अनुसार, इस परियोजना के लिए रेरा (RERA) से रजिस्ट्रेशन नंबर मिल चुका है. साथ ही स्वॉयल टेस्टिंग रिपोर्ट भी आ गई है और डीपीआर पर काम तेज गति से जारी है. यह पूरी इमारत अत्याधुनिक मिवान स्ट्रक्चर टेक्नोलॉजी पर तैयार की जाएगी. कुल 9811.35 स्क्वायर मीटर क्षेत्र में 14 मंजिला इमारत का निर्माण दो से तीन वर्षों में पूरा किया जाएगा.

डेढ़ सौ करोड़ की लागत और विश्वस्तरीय सुविधाएं
करीब 150 करोड़ रुपये की कुल लागत से बनने वाले ये सभी 602 फ्लैट्स 2BHK होंगे, जिनका क्षेत्रफल 56.45 स्क्वायर मीटर निर्धारित है. एक फ्लैट की अनुमानित निर्माण लागत 25 से 27 लाख रुपये आएगी और रजिस्ट्री के बाद खरीदार को यह करीब 30 लाख रुपये में उपलब्ध होगा. परिसर में पार्किंग, सोलर सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), स्विमिंग पूल, कम्युनिटी हॉल और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं मिलेंगी. फ्लैटों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही बुकिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

राजनीतिक सभाओं को भी संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री
पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज और सचिव विनीत सिंह जहां शिलान्यास की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं, वहीं सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी इस दौरे में आगामी एमएलसी चुनाव की 11 सीटों के मद्देनजर तीन अहम जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे.



Source link