Last Updated:
Shriya Saran Lashes On AI Morphed Photos: AI के गलत इस्तेमाल पर अब ‘दृश्यम 3’ एक्ट्रेस श्रेया सरन ने भी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने बताया कि कैसे उनकी तस्वीरों को मॉर्फ करके आपत्तिजनक बनाया जाता है. कभी शरीर का आकार बदल दिया जाता है, तो कभी कपड़ों को तस्वीर से हटा दिया जाता है. श्रेया के मुताबिक, AI के कई फायदे हैं, लेकिन इसका ऐसा इस्तेमाल गलत और परेशान करने वाला है. इससे पहले जाह्नवी कपूर भी अपने गाने के मॉर्फ्ड वीडियो पर आपत्ति जता चुकी हैं.
श्रेया सरन एआई मॉर्फ्ड तस्वीरों पर बात की.
नई दिल्ली. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने जहां तकनीक की दुनिया में कई रास्ते खोले हैं. वहीं, इसका गलत इस्तेमाल अब स्टार्स के लिए मुसीबत बनता जा रहा है. कभी किसी एक्ट्रेस की तस्वीर से छेड़छाड़ होती है तो कभी असली वीडियो को अश्लील अंदाज में बदलकर वायरल कर दिया जाता है. हाल ही में जाह्नवी कपूर के गाने ‘चुट्टमल्ले’ के एआई से बदले गए वीडियो पर खूब बवाल हुआ था. ‘दृश्यम 3’ एक्ट्रेस श्रेया सरन ने अब इस मुद्दे पर अपना दर्द बयां किया है. ‘दृश्यम’ और ‘आरआरआर’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं श्रेया ने बताया कि AI के जरिए उनकी तस्वीरों में भी आपत्तिजनक बदलाव किए जाते हैं. कभी शरीर का आकार बदल दिया जाता है, तो कभी कपड़े तक गायब कर दिए जाते हैं. एक्ट्रेस ने इसे परेशान करने वाला बताते हुए कहा कि तकनीक का ऐसा इस्तेमाल बिल्कुल सही नहीं है.
हमारी सहयोगी न्यूज18 को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में श्रेया सरन ने एआई से बनाई जाने वाली मॉर्फ्ड तस्वीरों के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि कई बार तस्वीरें इस तरह बदल दी जाती हैं कि उन्हें खुद भी समझ नहीं आता कि उनमें दिखाई दे रही महिला वह हैं या नहीं. कभी शरीर के अंगों का आकार बदल दिया जाता है तो कभी कपड़ों को ही तस्वीर से हटा दिया जाता है.
‘ये परेशान करने वाला है’
श्रेया ने बातचीत ने कहा कि ऐसी चीजों को देखकर कई बार उन्हें इसे नजरअंदाज करना पड़ता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि यह सब सही है. उनके मुताबिक, यह परेशान करने वाला है और इसे सामान्य मानकर स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए. एक्ट्रेस ने AI के पॉजिटिव पहलुओं को भी स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि इस तकनीक से कई अच्छे काम हो सकते हैं और यह लोगों की मदद भी कर सकती है. लेकिन इसका इस्तेमाल खतरनाक स्थितियां भी पैदा कर सकता है. श्रेया का मानना है कि हर नई तकनीक के साथ कुछ चुनौतियां आती हैं और समय के साथ लोगों को उनसे निपटना सीखना पड़ता है.
जाह्नवी के AI वीडियो पर मचा था बवाल
एआई पर श्रेया सरन का ये कॉमेंट ऐसे समय पर आया है, जब जाह्नवी कपूर के गाने ‘चुट्टमल्ले’ के AI से बदले गए वीडियो को लेकर विवाद हुआ. दरअसल, फिल्म ‘देवरा: पार्ट 1’ के इस गाने में जाह्नवी के साथ जूनियर एनटीआर नजर आए थे. वायरल हुए मॉर्फ्ड वीडियो में जाह्नवी की छवि को बदलकर अश्लील रूप दिया गया था. जो ओरिजनल गाने का हिस्सा नहीं था. 4 अक्टूबर 2026 को जाह्नवी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इस घटना की निंदा की. जाह्नवी के समर्थन में जूनियर एनटीआर, चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और खुशबू सुंदर समेत कई सितारे सामने आए थे.
महिलाओं की बढ़ती भूमिका से खुश हैं श्रेया
श्रेया सरन ने फिल्म इंडस्ट्री में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि अब कैमरे के पीछे महिलाओं की मौजूदगी बढ़ रही है. वे सिर्फ एक्टिंग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कहानियां चुनने, फिल्मों में निवेश करने और रचनात्मक फैसले लेने में भी अहम भूमिका निभा रही हैं. उन्होंने कहा कि सिर्फ महिलाओं पर फिल्में बनाने से बदलाव नहीं आएगा. इसके लिए जरूरी है कि फिल्म की कहानी लिखने, उसे बनाने और उस पर पैसा लगाने के फैसले लेने में भी महिलाओं की भागीदारी हो. जब महिलाएं खुद ऐसे फैसले लेंगी, तभी उनकी जिंदगी और परेशानियों को बेहतर तरीके से पर्दे पर दिखाया जा सकेगा.
सिनेमा में बहुत कुछ बदल गया
श्रेया सरन ने अपने इंटरव्यू में फिल्म इंडस्ट्री में आए बदलावों पर भी बात की. उन्होंने बताया कि साल 2001 में फिल्म ‘इष्टम’ से डेब्यू करने के समय शूटिंग का माहौल आज से काफी अलग था. शुरुआती तीन फिल्मों के दौरान उनके पास मेकअप वैन तक नहीं थी. कलाकार किसी पेड़ के नीचे बैठकर खाना खाते थे और साथ में वक्त बिताते थे. श्रेया ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उस समय एक्टर और निर्देशक एक-दूसरे से जिंदगी, किताबों और संगीत पर बातें करते थे. कई बार वे रिकॉर्डर लाकर साथ में गाने सुनते थे. आज सेट पर लोग अकस अपने ईयरफोन में बिजी रहते हैं और एक-दूसरे से बातचीत कम होती है. उन्होंने माना कि अब सिनेमा बनाने का तरीका और कहानियां सुनाने की शैली भी काफी बदल गई है.